विज्ञापन

Ajmer Bus Accident: 'बारात' की बस डिवाइडर से टकराकर पलटी, ड्राइवर की मौत, 2 साल की बच्ची समेत 22 घायल

अजमेर के आदर्श नगर में शुक्रवार तड़के भीषण हादसा हुआ. अहमदाबाद से सीकर जा रही बारातियों से भरी स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में ड्राइवर की जान चली गई है, जबकि 2 साल की मासूम सहित 22 यात्री घायल हैं.

Ajmer Bus Accident: 'बारात' की बस डिवाइडर से टकराकर पलटी, ड्राइवर की मौत, 2 साल की बच्ची समेत 22 घायल
अजमेर बस हादसा: आदर्श नगर में स्लीपर बस पलटी, 2 की मौत, 2 साल की बच्ची समेत 22 घायल
NDTV Reporter

Rajasthan News: अजमेर के आदर्श नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक ऐसा मंजर देखने को मिला जिसने हर किसी का दिल दहला दिया. अहमदाबाद से सीकर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार स्लीपर बस अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई और सड़क पर ही पलट गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डिवाइडर पर लगे भारी-भरकम 'एंट्री साइन बोर्ड' भी टूटकर नीचे गिर पड़े. बस में सवार यात्री गहरी नींद में थे, तभी अचानक हुई इस दुर्घटना के बाद चीख-पुकार मच गई. बताया जा रहा है कि बस में दुल्हन के रिश्तेदार सवार थे, जो एक शादी समारोह की खुशियों में शामिल होने के लिए निकले थे.

राहगीरों ने बचाई कई यात्रियों की जान

हादसे के तुरंत बाद जो मानवता देखने को मिली, उसने कई जिंदगियां बचा लीं. तड़के का वक्त होने के बावजूद आसपास के स्थानीय लोग और वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालक तुरंत राहत कार्य में जुट गए. लोगों ने बिना समय गंवाए बस के अंदर फंसे घायलों को बाहर निकाला. पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाना शुरू कर दिया था. आदर्श नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में सहयोग किया और सभी घायलों को अजमेर के जवाहरलाल नेहरू (JLN) अस्पताल पहुंचाया. हालांकि इस हादसे में बस ड्राइवर विजय (55) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

2 साल की मासूम की हालत गंभीर

हादसे की भयावहता को देखते हुए JLN अस्पताल के आपातकालीन विभाग में भारी अलर्ट रहा. अस्पताल में भर्ती किए गए 22 घायलों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हैं. डॉक्टरों के अनुसार, 2 वर्षीय मासूम केशवी की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है. अस्पताल द्वारा जारी सूची के अनुसार, घायलों में अग्रवाल परिवार के कई सदस्य शामिल हैं, जो शादी के जश्न के लिए निकले थे. फिलहाल अस्पताल के डॉक्टर सभी घायलों के उपचार में जुटे हैं, जिनमें से कुछ यात्रियों को गहरी चोटें आई हैं.

पुलिस खंगाल रही है हादसे का सच

आदर्श नगर थाने के एएसआई शिवराज सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद क्षतिग्रस्त बस और सड़क पर गिरे साइन बोर्ड को क्रेन की मदद से हटवाकर रास्ता साफ कराया. शुरुआती जांच में हादसे का कारण बस की तेज रफ्तार और ड्राइवर को नींद की झपकी आना माना जा रहा है. अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या बस में कोई तकनीकी खराबी थी या फिर अचानक किसी वाहन को बचाने के चक्कर में बस अनियंत्रित हुई. फिलहाल मृतक ड्राइवर के शव को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दे दी है.

घायलों की सूची

हादसे में घायल हुए यात्रियों के नाम इस प्रकार हैं:- अभिषेक अग्रवाल (34), केशवी (2 - गंभीर), रेणू (45), बृजमोहन अग्रवाल (56), सुमित अग्रवाल (45), दिनेश (50), किरण (52), बृजमोहन पटेल (20), जीतू महाराज (50), मयूर चौहान (20), दिनेश अग्रवाल (54), आशा गोयल (60), जतिन (25), पायल (30), वंदना (65), खेमचन्द्र अग्रवाल (50), दूरल अग्रवाल (20), दिनेश (62), सुनीता (50), उत्सव जोशी (28), हरीश अग्रवाल (60), अंजलि (50), और विपिन (50).

ये भी पढ़ें:- राजस्थान शिक्षा रैंकिंग में करौली नंबर-1, जोधपुर-उदयपुर सबसे फिसड्डी; देखें अपने जिले का रिपोर्ट कार्ड

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close