Rajasthan News: राजस्थान के अलवर से एक बेहद दुखद और हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां अरावली विहार थाना क्षेत्र के रामकृपाल नगर में एक नाबालिग बेटे ने अपने पिता की बेरहमी से हत्या कर दी. इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. पुलिस के अनुसार मृतक रोहतास अपने परिवार के साथ रामकृपाल नगर में रहते थे.
घटना वाले दिन मृतक की पत्नी एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने के लिए बाहर गई हुई थी. घर पर रोहतास और उनका 17 वर्षीय बेटा ही मौजूद थे. बताया जा रहा है कि रोहतास पिछले कुछ दिनों से अत्यधिक शराब का सेवन कर रहा था, जिसके कारण घर में अक्सर तनाव का माहौल रहता था.
कैसे हुआ खुलासा
पुलिस को जब इस वारदात की सूचना मिली तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे और घर के अंदर मृतक का गला कटा हुआ शव मिला. घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए धारदार चाकू और एक लोहे की रॉड को बरामद कर लिया है.
परिजनों की शिकायत और प्रारंभिक जांच में 17 वर्षीय बेटे का नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है. नाबालिग दसवीं कक्षा का छात्र है और पुलिस अब उससे इस वारदात के पीछे के ठोस कारणों का पता लगाने के लिए गहन पूछताछ कर रही है.
पुलिस की कार्रवाई
थाना प्रभारी रामेश्वर लाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस इस पूरे मामले को हर एंगल से देख रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि आखिर वह क्या स्थिति थी जिसने एक किशोर को पिता का हत्यारा बना दिया. फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार किया जा रहा है, जिससे मौत के समय और परिस्थितियों का सटीक खुलासा हो सकेगा.
यह भी पढ़ें-
राजस्थान की राजनीति में आखिर क्यों चर्चा में है '25 सितंबर' की घटना? जानिए उस दिन क्या हुआ था