Rajasthan News: राजस्थान के भीलवाड़ा में बेखौफ बजरी माफिया के आतंक ने एक और घर का चिराग बुझा दिया है. शहर के पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास तेज रफ़्तार बजरी से भरे ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो छात्रों को कुचल दिया. इस दर्दनाक हादसे में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है.
खरीदारी करने जा रहे थे दोस्त, रास्ते में मिली मौत
जानकारी के अनुसार भवानीपुर निवासी राकेश धाकड़ अपने साथी गोविंद धाकड़ के साथ बाइक पर सवार होकर भीलवाड़ा बाजार में खरीदारी करने जा रहा था. जैसे ही वे पॉलिटेक्निक कॉलेज रोड पर इंपिरियल होटल के पास पहुंचे सामने से आ रहे एक तेज रफ़्तार बजरी से भरे ट्रैक्टर ने अचानक लापरवाही से मोड़ ले लिया. ट्रैक्टर की रफ़्तार इतनी तेज थी कि छात्रों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे सीधे उसकी चपेट में आ गए.
मौके पर मची चीख-पुकार, आरोपी फरार
हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. रफ़्तार का कहर ऐसा था कि राकेश धाकड़ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. सूचना मिलते ही भीमगंज थाना प्रभारी सुनील चौधरी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत घायल गोविंद को अस्पताल पहुंचाया.
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बजरी माफिया के वाहन शहर की सड़कों पर यमदूत बनकर दौड़ रहे हैं जिन्हें न तो कानून का डर है और न ही प्रशासन का खौफ.
स्टडी कर रहा था राकेश, परिवार में मातम
हादसे में जान गंवाने वाला राकेश धाकड़ पढ़ाई करता था और अपने भविष्य को लेकर काफी गंभीर था. उसके दोस्त गोविंद ने बताया कि महज एक मोड़ और ट्रैक्टर की रफ ड्राइविंग ने सबकुछ तबाह कर दिया. पुलिस अब ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुट गई है और मामले की सघन जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें- जयपुर: हत्या या हादसा! स्विमिंग पूल में मिला किराना व्यापारी का शव, CCTV गायब और सिर पर चोट के निशान