विज्ञापन

बीकानेर में स्पा की आड़ में चल रहा था 'गंदा खेल', बीच सड़क पर कार के पास हो रहा था सौदा; तभी पहुंच गई पुलिस

बीकानेर के पॉश इलाके में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे गंदे खेल का भंडाफोड़ हुआ है. बीच सड़क पर मोलभाव करते हुए युवक को पुलिस ने पकड़ लिया है. इस कार्रवाई की जानकारी मिलते ही विधायक ने भी मौके पर पहुंचकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं.

बीकानेर में स्पा की आड़ में चल रहा था 'गंदा खेल', बीच सड़क पर कार के पास हो रहा था सौदा; तभी पहुंच गई पुलिस
बीकानेर: कोतवाली क्षेत्र के स्पा सेंटर पर पुलिस की छापेमारी, दो युवतियां और एक दलाल हिरासत में.
NDTV Reporter

Rajasthan Spa Center Raid News: राजस्थान के बीकानेर शहर के सबसे व्यस्त और पॉश इलाके में मंगलवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुलिस की एक टीम ने अचानक एक स्पा सेंटर की घेराबंदी कर दी. शहर के हृदय स्थल कहे जाने वाले कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित विजय मॉल के पास पुलिस ने एक बड़े रैकेट का खुलासा किया है. इस पूरी कार्रवाई की शुरुआत एक ऐसी घटना से हुई, जिसने स्थानीय लोगों को भी चौंका दिया.

कार के पास चल रहा था खुलेआम सौदा

वाकया तब शुरू हुआ जब विजय मॉल के पास खड़ी एक कार में बैठे कुछ लोगों के साथ एक युवक बातचीत कर रहा था. बताया जा रहा है कि यह युवक स्पा सेंटर के अंदर मौजूद लड़कियों के लिए कथित तौर पर मोलभाव कर रहा था. इस संदिग्ध गतिविधि को देख रहे एक सतर्क नागरिक ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दे दी. खबर मिलते ही सीओ सिटी अनुज डाल के नेतृत्व में कोतवाली थाना पुलिस और महिला पुलिस का जाब्ता बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंच गया.

पुलिस ने दबिश देकर दो युवतियों को पकड़ा

पुलिस ने जैसे ही स्पा सेंटर के अंदर कदम रखा, वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया. इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से दो युवतियों को हिरासत में लिया है. इसके साथ ही, कार के पास मोलभाव कर रहे उस कथित दलाल को भी पुलिस ने दबोच लिया है. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान युवक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है, जिसमें कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है. फिलहाल पुलिस पकड़े गए युवक और दोनों युवतियों को थाने ले आई है, जहां उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है.

विधायक जेठानंद व्यास भी पहुंचे मौके पर

इस पूरी कार्रवाई के दौरान बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानंद व्यास की सक्रियता भी चर्चा में रही. सूचना मिलते ही विधायक भी मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने पुलिस अधिकारियों से साफ शब्दों में कहा कि शहर की शांति और संस्कृति को बिगाड़ने वाले ऐसे समाजकंटकों पर किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जानी चाहिए. विधायक ने पुलिस को निर्देश दिए कि इस मामले की गहराई से जांच हो और जो भी बड़े नाम इस नेटवर्क के पीछे हैं, उन्हें बेनकाब किया जाए.

शहर के बीचों-बीच चल रहा था गौरखधंधा

सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यह स्पा सेंटर शहर के बिल्कुल बीचों-बीच काफी समय से चल रहा था. स्थानीय लोगों के बीच अब यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि इतने व्यस्त इलाके में इतने दिनों से यह काम कैसे चल रहा था और अब तक प्रशासन की नजर इस पर क्यों नहीं पड़ी? सीओ अनुज डाल का कहना है कि पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस धंधे के तार और कहां-कहां जुड़े हैं.

ये भी पढ़ें:- हनुमान जयंती पर मेहंदीपुर बालाजी मंदिर की सजावट देख दंग रह जाएंगे आप, दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close