Health News: आजकल बढ़ता वजन और दिल से जुड़ी बीमारियां लोगों के लिए बड़ी चिंता बनती जा रही हैं. ऐसे में खानपान में छोटे बदलाव भी सेहत को बेहतर बना सकते हैं. इन्हीं में से एक है चियासीड्स जिसे पोषण का पावरहाउस माना जाता है. ये छोटे काले बीज शरीर के लिए कई तरह से फायदेमंद हैं. इनमें भरपूर मात्रा में फाइबर, प्रोटीन और ओमेगा-3 फैटी एसिड पाए जाते हैं जो वजन कम करने के साथ-साथ दिल को भी स्वस्थ रखने में मदद करते हैं.
दिल को मजबूत रखने में कारगर
आयुष मंत्रालय के अनुसार चियासीड्स हृदय स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी हैं. इनमें ओमेगा-3 फैटी एसिड खासतौर पर अल्फा-लिनोलेनिक एसिड पाया जाता है. यह शरीर में अच्छे कोलेस्ट्रॉल यानी एचडीएल को बढ़ाने में मदद करता है और खराब कोलेस्ट्रॉल यानी एलडीएल को कम करता है. इससे धमनियों में ब्लॉकेज का खतरा कम हो जाता है और दिल से जुड़ी समस्याओं से बचाव होता है.
ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल को रखते हैं नियंत्रित
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार अगर नियमित रूप से चियासीड्स का सेवन किया जाए तो कोलेस्ट्रॉल का स्तर संतुलित रहता है. इससे हार्ट अटैक और स्ट्रोक जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा भी कम हो सकता है. इसके अलावा चियासीड्स में पोटैशियम, मैग्नीशियम और फाइबर अच्छी मात्रा में मौजूद होते हैं जो ब्लड वेसल्स को आराम देते हैं. इससे ब्लड प्रेशर नियंत्रित रहता है और दिल पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ता.
रोजाना 1–2 चम्मच काफी, सेवन करना बेहद आसान
चियासीड्स को रोजाना ज्यादा मात्रा में लेने की जरूरत नहीं होती. विशेषज्ञों का मानना है कि दिन में केवल 1 से 2 चम्मच चियासीड्स ही पर्याप्त होते हैं. इन्हें रातभर पानी में भिगोकर सुबह खाया जा सकता है. इसके अलावा दही, सलाद, दलिया, ओट्स या फलों के साथ मिलाकर भी आसानी से सेवन किया जा सकता है.
पाचन तंत्र के लिए भी फायदेमंद
पानी में भिगोने पर चियासीड्स जेल जैसी बनावट में बदल जाते हैं जो पेट और पाचन तंत्र के लिए फायदेमंद माने जाते हैं. इनमें फाइबर, प्रोटीन, कैल्शियम, आयरन और एंटीऑक्सीडेंट्स भी प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं. ये सभी पोषक तत्व शरीर को अंदर से मजबूत बनाते हैं और समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद करते हैं. नियमित सेवन से वजन नियंत्रित रहता है, दिल स्वस्थ रहता है और शरीर में ऊर्जा बनी रहती है.
यह भी पढ़ें- हनुमानगढ़ में 13 वर्षीय छात्र की हत्या पर उबाल, बैरिकेड्स उखाड़े पुलिस से धक्का-मुक्की; 10 दिन का अल्टीमेटम