चित्तौड़गढ़ जिले में मंगलवार (26 मई) सुबह एक निजी बस हादसे का शिकार हो गई. बस पलटने से 20 लोग घायल और 1 की मौत हो गई है. बस में सवार श्रद्धालु श्रीसांवलियाजी के दर्शन करने जा रहे थे. सभी श्रद्धालु रेलवे स्टेशन से बस में सवार होकर मंदिर के लिए रवाना हुए थे. तभी सुबह 5:30 बजे भादसोड़ा क्षेत्र के बागुंड और भादसोड़ा नेशनल हाइवे पर हादसा हो गया. एक्सीडेंट के बाद अफरा-तफरी मच गई. फिलहाल राहत कार्य जारी है.
तेज रफ्तार बस, अचानक लगाया ब्रेक और हादसा
बताया जा रहा कि बस तेज गति में थी. अचानक एक वाहन सामने आ गया और बस ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगा दिया. इसके चलते बस हाईवे पर पलट गई. हादसे में कई श्रद्धालुओं को चोटें आई हैं. मौके पर 4 से 5 एंबुलेंस पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. घायलों को भादसोड़ा अस्पताल ले जाया गया.

बस असंतुलित होकर हाईवे पर पलट गई.
घायलों को उदयपुर रेफर किया
घायलों में छोटे बच्चे भी शामिल हैं. कुछ गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है. वहीं, कुछ लोगों को उदयपुर भी रेफर किया जा रहा है. सभी लोग सुबह मेवाड़ एक्सप्रेस ट्रेन से उदयपुर पहुंचे थे. इसके बाद सांवलियाजी दर्शन के लिए रवाना हुए. अधिकतर श्रद्धालु यूपी और दिल्ली के बताए जा रहे हैं. घायलों में एक श्रद्धालु राजस्थान के बारां जिले का भी है.
यह भी पढ़ेंः राजस्थान में इस सप्ताह भीषण गर्मी की चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट