Rajasthan News: राजस्थान के करौली जिले में प्रसिद्ध कैला देवी चैत्र लक्खी मेला 16 मार्च से शुरू होने जा रहा है. मेले से पहले तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिला कलेक्टर नीला सक्सेना ने अधिकारियों के साथ गंगापुर मोड़ से कैला देवी मंदिर तक मार्ग का निरीक्षण किया. इस दौरान कई स्थानों पर व्यवस्थाओं की कमी सामने आई. निरीक्षण में पदयात्रियों के लिए मूलभूत सुविधाएं अधूरी मिलीं और कई जगह गंदगी तथा अतिक्रमण की समस्या दिखाई दी.
कई जगह फुटपाथ गायब, सड़क पर चलने को मजबूर भक्त
निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि कई स्थानों पर फुटपाथ पूरी तरह से मिट्टी से भर चुके हैं या गायब हो चुके हैं. फुटपाथ पर अवैध अतिक्रमण और कचरे के ढेर भी देखे गए. ऐसे में नंगे पांव चलने वाले श्रद्धालुओं को मजबूरन मुख्य सड़क पर चलना पड़ रहा है जिससे हादसे का खतरा बढ़ गया है.
शौचालयों में पानी और सफाई की भी कमी
मार्ग में आने वाली ग्राम पंचायतों में शौचालय, साफ-सफाई और भंडारों की व्यवस्थाओं की भी जांच की गई. कई सार्वजनिक शौचालयों में पानी की व्यवस्था नहीं मिली और साफ-सफाई भी संतोषजनक नहीं थी. जबकि लक्खी मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हुए माता के दर्शन करने पहुंचते हैं.
पंचना बांध पर सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
पदयात्रियों के मार्ग में आने वाले प्रसिद्ध पंचना बांध पर श्रद्धालु स्नान भी करते हैं. लेकिन यहां सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे. मौके पर सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ की टीमें नजर नहीं आईं जबकि केवल सीमित पुलिस तैनाती दिखाई दी. यदि पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई तो हादसे की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता.
कलेक्टर ने बाइक से किया निरीक्षण
जिला कलेक्टर नीला सक्सेना ने एसडीएम प्रेमराज मीणा, वीडीओ प्रेमराज गुर्जर सहित अधिकारियों के साथ बाइक से पूरे मार्ग का निरीक्षण किया. उन्होंने पदयात्रियों के रास्ते, पानी की व्यवस्था और छाया के इंतजामों की भी जानकारी ली.
प्रशासन ने बेहतर व्यवस्था का दिया भरोसा
प्रशासन का कहना है कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. रास्तों पर पीने के पानी की व्यवस्था, छाया के इंतजाम और हर एक किलोमीटर पर अस्थायी शौचालय बनाए जा रहे हैं. दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में एलईडी लाइटें लगाई जा रही हैं और श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल भी तैयार किए गए हैं. प्रशासन ने लोगों से मेले को स्वच्छ रखने में सहयोग करने की अपील की है.
यह भी पढ़ें- विकसित राजस्थान रन में सीएम भजनलाल शर्मा ने लगाई दौड़, युवाओं को रोजगार देने का किया वादा