विज्ञापन
This Article is From Feb 18, 2026

'मुंह से खाया है, नाक से निकाल दूंगा' तहसीलदार पर भड़के पूर्व विधायक ओम प्रकाश हुडला

पूर्व विधायक ने मौके पर नगर पालिका के सफाई ठेकेदार को बुलाने की मांग की, लेकिन ठेकेदार के नहीं पहुंचने पर वे जमीन पर बैठकर धरने पर बैठ गए. बताया जा रहा है कि मंडावर नगर पालिका का अतिरिक्त प्रभार तहसीलदार प्रकाश मीणा को दिया गया है.

'मुंह से खाया है, नाक से निकाल दूंगा' तहसीलदार पर भड़के पूर्व विधायक ओम प्रकाश हुडला
तहसीलदार पर भड़के पूर्व विधायक ओम प्रकाश हुडला

राजस्थान के दौसा जिले में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अफसरों के बीच तनातनी थमने का नाम नहीं ले रही. अभी दौसा विधायक और दौसा तहसीलदार विवाद की सियासी गरमी ठंडी भी नहीं हुई थी कि जिले के महुआ क्षेत्र से एक और तकरार का मामला सामने आ गया. इस बार महुआ के पूर्व विधायक ओम प्रकाश हुडला और मंडावर तहसीलदार प्रकाश मीणा के बीच तीखी नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है.

ठेकेदार के नहीं आने पर धरने पर बैठे विधायक

वायरल वीडियो में पूर्व विधायक हुड़ला तल्ख लहजे में कहते नजर आ रहे हैं, "जो लूट मचा रखी है, मुंह से खाया है तो नाक से निकाल दूंगा." मामला मंडावर नगर पालिका के सफाई कर्मियों को पिछले चार महीनों से वेतन नहीं मिलने से जुड़ा बताया जा रहा है. पूर्व विधायक ने मौके पर नगर पालिका के सफाई ठेकेदार को बुलाने की मांग की, लेकिन ठेकेदार के नहीं पहुंचने पर वे जमीन पर बैठकर धरने पर बैठ गए.

बताया जा रहा है कि मंडावर नगर पालिका का अतिरिक्त प्रभार तहसीलदार प्रकाश मीणा को दिया गया है. वेतन नहीं मिलने से आक्रोशित महिला सफाई कर्मियों ने भी मौके पर तहसीलदार के खिलाफ जमकर रोष जताया. एक महिला कर्मी ने खुलेआम आरोप लगाया कि चार महीने से घर में चूल्हा तक जलाना मुश्किल हो गया है.

राजनीतिक टकराव को रंग दे सकता है मामला

यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब राजस्थान में पहले से ही नौकरशाही बनाम जनप्रतिनिधि विवाद सुर्खियों में है. दौसा में पूर्व में हुए तहसीलदार प्रकरण का मामला विधानसभा की विशेषाधिकार समिति तक पहुंच चुका है. लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने प्रशासनिक शिष्टाचार और जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पंचायत और निकाय चुनावों से पहले ऐसे टकराव राजनीतिक रंग पकड़ सकते हैं. 

यह भी पढ़ें-

टीकाराम जूली का आरोप, सरकार सदन में तथ्य छिपाकर कर रही गुमराह... पेश कर रही भ्रामक आंकड़े

"डॉक्टरों से 50 लाख का 5 साल का बॉण्ड भरवाएं", स्वास्थ्य व्यवस्था पर बीजेपी विधायकों ने की भजनलाल सरकार से बड़ी मांग

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com