दौसा में आगरा बाईपास स्थित तिवारी हॉस्पिटल कट के पास रविवार (14 जून) तड़के सड़क हादसा हो गया. अलीगढ़ से जयपुर जा रही यूपी रोडवेज की बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई, जिससे बस में सवार 22 यात्री घायल हो गए. रविवार सुबह करीब 4:30 बजे हुई. उस समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार सुनाई देने लगी. हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान चलाया. पुलिस ने बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां सभी घायलों का उपचार जारी है.
बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस अचानक ही आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री अपनी सीटों से उछलकर घायल हो गए. ड्यूटी ऑफिसर अनिल कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन यूपी रोडवेज की बस थी. हादसे में 6 महिलाएं और 2 बच्चे समेत कुल 22 यात्रियों को चोटें आई हैं. सभी घायल उत्तर प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं.
आशंका- ड्राइवर की लापरवाही से हादसा
चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद निगरानी में रखा गया है. राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है और सभी की हालत सामान्य बनी हुई है.
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में चालक द्वारा सामने चल रहे ट्रक का सही अनुमान नहीं लगा पाने या तेज गति के कारण हादसा होने की आशंका जताई जा रही है. मामले की विस्तृत जांच जारी है.
यह भी पढ़ेंः राजस्थान का अग्निवीर IAF प्लेन क्रैश में शहीद, कुछ ही समय में खत्म होने वाला था कार्यकाल