विज्ञापन

फ्री साइकिल, 40 लाख यूनिफॉर्म, टैबलेट-लैपटॉप के लिए 20 हजार - जानिए कैसे और किन्हें मिलेंगे? बजट में हुआ ऐलान

राजस्थान की उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री दिया कुमारी ने अपने बजट भाषण में स्कूली विद्यार्थियों को लैपटॉप और टैबलेट तथा साइकिल और यूनिफॉर्म की सुविधा के बारे में बड़ी घोषणाएं कीं.

फ्री साइकिल, 40 लाख यूनिफॉर्म, टैबलेट-लैपटॉप के लिए 20 हजार - जानिए कैसे और किन्हें मिलेंगे? बजट में हुआ ऐलान
दिया कुमारी ने भाषण में कहा कि लैपटॉप और टैबलेट के लिए 20 हज़ार रुपये तक की मदद दी जाएगी
Pixabay

राजस्थान की उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री दिया कुमारी ने बुधवार, 11 फरवरी को अपने लंबे-चौड़े बजट में कई घोषणाएं कीं. इनमें स्कूली विद्यार्थियों से जुड़े कुछ ऐलान सुर्खियां बने. इस बार के बजट भाषण में छात्रों को टैबलेट और लैपटॉप खरीदने के लिए 20 हजार रुपये देने के ऐलान की बड़ी चर्चा हो रही है. साथ ही दिया कुमारी ने अपने बजट भाषण में स्कूली स्टूडेंट्स को फ्री यूनिफॉर्म तथा छात्राओं को मुफ्त साइकिल देने का भी ज़िक्र किया. उन्होंने कहा कि ये सुविधाएं प्रदेश में उच्च शिक्षा के विस्तार तथा तकनीकी शिक्षा की व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से दिए जाने का फ़ैसला किया गया है. आइए समझते हैं कि उपमुख्यमंत्री ने टैबलेट, लैपटॉप, यूनिफॉर्म और साइकिल के बारे मे क्या कहा और ये सब किन्हें और कैसे मिलेंगे.

टैबलेट और लैपटॉप खरीदने के लिए 20,000

दिया कुमारी ने अपने बजट भाषण में कहा कि राजस्थान सरकार ने स्कूली छात्रों को पढ़ाई में बढ़ावा देने के लिए एक योजना बनाई है. उन्होंने कहा,"8वीं, 10वीं और 12वीं में चयनित होनेवाले मेधावी विद्यार्थियों को स्वयं के स्तर पर टैबलेट और लैपटॉप खरीदने के लिए ई-वाउचर के माध्यम से 20,000 रुपये तक की सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी."

उनके बजट भाषण से स्पष्ट है कि इस योजना के तहत विद्यार्थियों को ख़ुद से टैबलेट और लैपटॉप ख़रीदने के लिए 20,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. योजना का लाभ तीन कक्षाओं में पढ़ाई करनेवाले विद्यार्थी ले सकेंगे - 8वीं, 10वीं तथा 12वीं. लेकिन, ये सभी को नहीं मिलेंगे और सिर्फ़ मेधावी विद्यार्थियों को ही यह मदद मिल सकेगी. 

दिया कुमारी के बजट भाषण से यह भी स्पष्ट है कि यह पैसे ई-वाउचर के रूप में दिए जाएंगे. यानी छात्रों को यह पैसे ना तो नकद दिए जाएंगे, और ना ही उनके बैंक खातों में ट्रांसफर किए जाएंगे. छात्रों को वाउचर मिलेंगे जो इलेक्ट्रॉनिक होंगे और उनका इस्तेमाल करने पर उन्हें इस योजना का लाभ मिल जाएगा और 20, 000 रुपए तक की राशि कीमत के तौर पर चुकाई जा सकेगी.

देखिए दिया कुमारी के भाषण में इस ऐलान का वीडियो -:

निःशुल्क साइकिल योजना

दिया कुमारी ने अपने बजट भाषण में यह भी बताया कि स्कूली छात्राओं को मुफ्त में साइकिल दिया जाएगा. उन्होंने अपने भाषण में कहा, "नि:शुल्क साइकिल योजना के तहत आगामी वर्ष में 9वीं कक्षा में प्रवेश लेनेवाली जरूरतमंद छात्राओं को ई-वाउचर दिए जाएंगे."

इस प्रकार तीन बातें स्पष्ट हैं. पहला, इस योजना का लाभ उन्हीं छात्राओं को मिलेगा जो नए वित्त वर्ष में 9वीं कक्षा में एडमिशन लेंगी. दूसरा, यह सिर्फ उन छात्राओं को मिलेगा जो ज़रूरतमंद हैं. यानी, इसके लिए भी संभवतः आर्थिक आधार तय किया जा सकता है. तीसरी बात, इसके लिए भी ई-वाउचर दिए जाएंगे. यानी छात्राएं इस वाउचर से खुद से साइकिल खरीद सकेंगी.

Latest and Breaking News on NDTV

NDTV

मुफ्त यूनिफॉर्म

दिया कुमारी ने स्कूली विद्यार्थियों के लिए बजट भाषण में एक और बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहा,"पहली से 8वीं तक के 40 लाख से अधिक जरूरतमंद विद्यार्थियों को नि:शुल्क यूनिफॉर्म देने के लिए डीबीटी की जाएगी. इसपर लगभग 250 करोड़ रुपये का व्यय किया जाएगा."

उनकी घोषणा का मतलब यह है कि मुफ्त यूनिफॉर्म कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को मिलेगा. दूसरी बात ये है कि साइकिल की तरह, ये सुविधा भी ज़रूरतमंद विद्यार्थियों को मिलेगी. और तीसरी बात, इसके लिए राशि डीबीटी यानी Direct Bank Transfer की जाएगी यानी सीधे बैंकों में ट्रांसफर की जाएगी. 

ये भी पढ़ें-:

Rajasthan Politics: रफीक खान ने पूछा- मेट्रो का M कहां है? तो बालमुकुंद आचार्य बोले- 'पुराने वाले' जोधपुर को भी क्या दे पाए!

राजस्थान के बजट में कामकाजी महिलाओं को बड़ी सौगात, दफ्तरों में बच्चों की देखभाल के लिए खुलेंगे 'मुख्यमंत्री शिशु-वात्सल्य सदन'

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close