विज्ञापन

ई-चालान के नाम पर अकाउंट से उड़ गए 6.31 लाख, मोबाइल पर आया था मैसेज

ई-चालान के नाम पर भेजी गई एक फर्जी APK फाइल ने एक व्यक्ति की जिंदगी भर की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ कर दिया.

ई-चालान के नाम पर अकाउंट से उड़ गए 6.31 लाख, मोबाइल पर आया था मैसेज
प्रतीकात्मक फोटो

Rajasthan Cyber Fraud: अजमेर जिले के किशनगढ़ में साइबर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां ई-चालान के नाम पर भेजी गई एक फर्जी APK फाइल ने एक व्यक्ति की जिंदगी भर की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ कर दिया. ठगों ने महज कुछ ही मिनटों में बैंक खाते से 6 लाख 31 हजार 800 रुपये निकाल लिये. किशनगढ़ के ब्रजविहार कॉलोनी निवासी 55 वर्षीय सीताराम शर्मा के मोबाइल पर 25 दिसंबर 2025 को ई-चालान के नाम से एक APK फाइल आई. उन्होंने जैसे ही फाइल को ओपन किया, मोबाइल हैंग हो गया. उस समय उन्हें किसी अनहोनी का अंदेशा नहीं था.

चार ट्रांजैक्शन में उड़ गई लाखों की रकम

कुछ ही देर बाद उनके मोबाइल पर बैंक से मैसेज आने लगे. एक के बाद एक चार ट्रांजैक्शन हुए और उनके केनरा बैंक खाते से कुल 6.31 लाख रुपये कट गए. यह देखकर पीड़ित के पैरों तले जमीन खिसक गई. घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने साइबर क्राइम टोल फ्री नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई और रकम को होल्ड कराने का प्रयास किया. अगले दिन वे गांधीनगर थाना पहुंचे, लेकिन वहां तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई. पीड़ित का आरोप है कि उन्हें “नया साल आने के बाद” कहकर टाल दिया गया और वे लगातार थाने के चक्कर लगाते रहे.

फोन पर आया फर्जी चालान मैसेज

फोन पर आया फर्जी चालान मैसेज

न्याय न मिलने पर एसपी से लगाई गुहार

लगभग एक माह तक न्याय न मिलने पर पीड़ित ने अजमेर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत पेश की. इसके बाद पुलिस अधीक्षक के आदेश पर मामले को संज्ञान में लिया गया और गांधीनगर थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई.

गांधीनगर थाने में तैनात आरपीएस अधिकारी दीपेंद्र ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है. उन्होंने बताया कि साइबर ठग लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं. ई-चालान के नाम पर APK फाइल भेजना इसी का एक उदाहरण है.

खुद पुलिस अधिकारी को भी आया ऐसा मैसेज

आरपीएस दीपेंद्र ने बताया कि हाल ही में उनके पास भी इसी तरह का एक मैसेज आया था, जो किसी पुलिसकर्मी के व्हाट्सऐप से भेजा गया प्रतीत हो रहा था. सतर्कता के चलते उन्होंने फाइल को ओपन नहीं किया और संबंधित व्यक्ति को सूचित किया.

अंजान लिंक और APK से रहें दूर

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अंजान लिंक, APK फाइल या ई-चालान के नाम पर आए मैसेज को बिना सत्यापन के ओपन न करें. थोड़ी सी लापरवाही भारी आर्थिक नुकसान का कारण बन सकती है. साइबर अपराध से बचाव का सबसे बड़ा हथियार जागरूकता ही है.

यह भी पढ़ेंः Captcha भरने की नौकरी कहीं खाली न कर दे आपका बैंक खाता, राजस्थान पुलिस की बड़ी चेतावनी

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close