विज्ञापन

जयपुर: अवैध पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट में 8 मौतों के बाद बड़ी कार्रवाई, रिहायशी इलाके से 4 और फैक्ट्रियां सीज

जयपुर के खो-नागोरियान स्थित अवैध पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट में जान गंवाने वाले सभी 8 लोगों की पहचान हो गई है. इस हादसे के बाद एक्शन में आई पुलिस ने रिहायशी इलाके में रेड मारकर 4 और अवैध फैक्ट्रियां सीज की हैं, जहां भारी मात्रा में बारूद बरामद हुआ है.

जयपुर: अवैध पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट में 8 मौतों के बाद बड़ी कार्रवाई, रिहायशी इलाके से 4 और फैक्ट्रियां सीज
जयपुर में आज 4 अवैध पटाखा फैक्ट्रियों को पुलिस ने सीज कर दिया है.
NDTV Reporter

Rajasthan News: राजस्थान की राजधानी जयपुर के खो-नागोरियान इलाके में मंगलवार को एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके में 8 लोगों की मौत हो गई. इस दर्दनाक हादसे के बाद हरकत में आई पुलिस ने बुधवार को रिहायशी इलाके में बड़ी छापेमारी की. पुलिस ने आयशा कॉलोनी और जावेद नगर से 4 और अवैध पटाखा फैक्ट्रियां ढूंढ निकाली हैं, जिन्हें तुरंत सीज़ कर दिया गया. इन फैक्ट्रियों से भारी मात्रा में पोटाश, बारूद और बने हुए अवैध पटाखे बरामद हुए.

कल हुए ब्लास्ट मामले में बड़ा अपडेट

मंगलवार को हुए हादसे में जान गंवाने वाले सभी 8 लोगों की पहचान हो गई है. बुधवार को दो और शवों की शिनाख्त गाजियाबाद के रहने वाले नासिर और दिल्ली के रहने वाले रेहान के रूप में हुई है. ये दोनों हादसे के वक्त फैक्ट्री के अंदर ही काम कर रहे थे. पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिए हैं. बाकी 6 मृतकों के नाम समीर, आजिम, अब्दुल वहीद, रबिल, बिलाल और अशरफ हैं.

भू-माफिया निकले फैक्ट्री-मकान के मालिक

जांच में सामने आया है कि जिस मकान में ब्लास्ट हुआ, उसके मालिक याकूब और कय्यूम रिश्ते में चाचा-भतीजा हैं. ये दोनों इलाके के बड़े भू-माफिया बताए जा रहे हैं. इनके खिलाफ खो-नागोरियान थाने में जमीन कब्जाने के पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं. सितंबर महीने में भी एक महिला ने इनके खिलाफ केस दर्ज कराया था, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी.

एक ही मीटर से चल रही थी दो घरों की बिजली

हादसे वाली जगह पर एक और बड़ी लापरवाही सामने आई है. आरोपी याकूब और कय्यूम के दो अलग-अलग मकानों की बिजली एक ही मीटर से अवैध रूप से चल रही थी. इसी बिजली का इस्तेमाल कमर्शियल स्तर पर बारूद पीसने और पटाखे बनाने के लिए किया जा रहा था. स्थानीय पुलिस की लापरवाही और साठगांठ को लेकर अब गंभीर सवाल उठ रहे हैं.

रेड में मिलीं 4 नई फैक्ट्रियां, 'राजा' की तलाश

ब्लास्ट के बाद पुलिस ने जब बुधवार को आयशा कॉलोनी और जावेद नगर में सर्च ऑपरेशन चलाया, तो वहां 4 और अवैध फैक्ट्रियां चलती मिलीं. जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है. इनमें से एक फैक्ट्री को 'राजा' नाम का शख्स चला रहा था, जिसका कनेक्शन यूपी के गाजियाबाद से सामने आया है. राजा फिलहाल मौके से फरार है और पुलिस बिजली बिल व अन्य कागजात के जरिए उसकी तलाश कर रही है. बाकी फैक्ट्रियां भी याकूब और कय्यूम की ही बताई जा रही हैं.

CM ने जताया दुख, कमिश्नर ने कही सख्त कार्रवाई की बात

हादसे पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने गहरा दुख जताते हुए पीड़ितों को हर संभव मदद के निर्देश दिए हैं. वहीं, जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने कहा कि घनी आबादी वाले आवासीय क्षेत्र में यह गोदाम अवैध रूप से चल रहा था. फॉरेंसिक जांच के बाद मकान मालिक और इस धंधे से जुड़े सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें:- राजस्थान की राजनीति में आखिर क्यों चर्चा में है '25 सितंबर' की घटना? जानिए उस दिन क्या हुआ था

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close