विज्ञापन

फावड़ा मारा, दोनों पैर काटे; कुएं में फेंकी लाश; चांदी के कड़े के लिए चाची संग भतीजे का खूनी खेल

आरोपी भतीजे सूरज पर करीब ढाई लाख रुपये का कर्ज था. इसीलिए उसने चाची बीना देवी के पास भारी मात्रा में चांदी और सोने के आभूषण लूटने के लिए खौफनाक साजिश रच डाली.

फावड़ा मारा, दोनों पैर काटे; कुएं में फेंकी लाश; चांदी के कड़े के लिए चाची संग भतीजे का खूनी खेल
चांदी के कड़े के लिए चाची संग भतीजे का खूनी खेल

जयपुर के शिवदासपुरा में हुई महिला की जघन्य हत्या का खुलासा हो गया है. पुलिस ने मृतका के सगे भतीजे समेत 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने चांदी के कड़े और अन्य जेवर लूटने की नीयत से अपनी ताई की हत्या कर दी. इसके बाद सबूत मिटाने के लिए शव को पत्थर से बांधकर 60 फीट गहरे पानी से भरे कुएं में फेंक दिया. फिर पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने परिवार के साथ खेल खेला. वे परिजनों के साथ मिलकर झूठे महिला की तलाश का नाटक करते रहे. 

11 जून को लापता हुई थी महिला

पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि 18 जून 2026 को बराला गांव से गुजर रही ढूंढ नदी क्षेत्र के एक कुएं में महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान बल्लूपुरा निवासी 54 वर्षीय बीना देवी बैरवा के रूप में की. महिला 11 जून से लापता थी और उसके संबंध में पहले से गुमशुदगी दर्ज थी. जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि मृतका के दोनों पैर काटे गए थे और पैरों में पहने चांदी के कड़े निकाल लिए गए थे.

शव को साड़ी और भारी पत्थर से बांधकर कुएं में डाला गया था, ताकि पहचान और साक्ष्य दोनों मिटाए जा सकें. मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल, जिला विशेष टीम और शिवदासपुरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई. टीम ने करीब 200 लोगों से पूछताछ की और तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए. जांच के दौरान मृतका का भतीजा सूरज बैरवा (24) पुलिस के संदेह के घेरे में आया.

दवाई लेने की बात कहकर गई थी साथ

तकनीकी और मनोवैज्ञानिक पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया. पुलिस के अनुसार, सूरज पर करीब ढाई लाख रुपये का कर्ज था और उसे पता था कि बीना देवी के पास भारी मात्रा में चांदी और सोने के आभूषण हैं. पुलिस पूछताछ में सामने आया कि 11 जून को बीना देवी ने आरोपी से पदमपुरा दवाई लेने चलने की बात कही थी. आरोपी उन्हें बहाने से ढूंढ नदी क्षेत्र में हरि घास खोदने के लिए ले गया. वहां पीछे से फावड़े से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया.

इसके बाद पैरों से चांदी के कड़े निकालने के लिए आरी का इस्तेमाल किया, लेकिन सफल नहीं होने पर दोनों पैर काट दिए. आरोपी ने कानों के सोने के टॉप्स और नाक की बाली भी लूट ली. वारदात के बाद आरोपी ने शव को नदी क्षेत्र में दबा दिया और रात को अपने साथी विनोद बैरवा (24) को बुलाकर शव को साड़ी और पत्थर से बांधकर पास के कुएं में फेंक दिया. इसके बाद परिवार के साथ महिला की तलाश का नाटक भी करता रहा. पुलिस ने मुख्य आरोपी सूरज बैरवा और सहयोगी विनोद बैरवा को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गए चांदी के कड़े, मृतका का मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है. 

यह भी पढ़ें-

जयपुर में जैश-ए-मोहम्मद की मह‍िला स्लीपर सेल ग‍िरफ्तार, पाकिस्तान जाने की थी तैयारी

गर्म दूध नहीं लाने पर SI ने पहलवान को बेरहमी से पीटा, सिर में 2 टांके आए, सब इंस्पेक्टर के खिलाफ अब होगा एक्शन

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close