विज्ञापन

SMS अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में प्री-ऑपरेटिव वार्ड में भरा पानी, राजस्थान विधानसभा में गूंजा मुद्दा

कांग्रेस विधायक रफीक खान ने यह मामला सदन में उठाते हुए कहा कि राजधानी के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर के पास पानी भरना “बेहद चिंताजनक” स्थिति है. उन्होंने चिकित्सा मंत्री से तुरंत अस्पताल जाकर हालात की समीक्षा करने की मांग की.

SMS अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में प्री-ऑपरेटिव वार्ड में भरा पानी, राजस्थान विधानसभा में गूंजा मुद्दा
SMS अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर के वेटिंग एरिया में भरा पानी

Rajasthan News: मंगलवार को बदले मौसम के बाद जयपुर समेत राजस्थान के कई इलाकों में तेज बारिश हुई. कुछ जगहों पर ओले भी गिरे. बारिश के बाद एसएमएस अस्पताल में ट्रॉमा सेंटर में ऑपरेशन थिएटर के प्री ऑपरेटिव वार्ड 205 तक पानी पहुंच गया. जिससे वहां भर्ती मरीजों को तुरंत दूसरे वार्ड में शिफ्ट करना पड़ा. हालांकि, ट्रॉमा सेंटर की प्लान सर्जरी पर किसी तरह का असर नहीं आया. इसके अलावा गहन चिकित्सा इकाई (ICI) और आपातकालीन ICI में भी छत से पानी टपकने के कारण मरीजों को कुछ देर के लिए अन्य ICI में ट्रांसफर करना पड़ा.

कांग्रेस विधायक ने उठाया मुद्दा

कांग्रेस विधायक रफीक खान ने यह मामला सदन में उठाते हुए कहा कि राजधानी के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर के पास पानी भरना “बेहद चिंताजनक” स्थिति है. उन्होंने चिकित्सा मंत्री से तुरंत अस्पताल जाकर हालात की समीक्षा करने की मांग की. रफीक खान ने कहा, “अगर ऑपरेशन थिएटर जैसी संवेदनशील जगह पर पानी जा रहा है, तो यह सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि मरीजों की जान से खिलवाड़ है.”

विधायक ने सरकार से यह भी पूछा कि मरम्मत कार्य के दौरान बेसिक सुरक्षा उपाय क्यों नहीं किए गए और इस गंभीर चूक के लिए जिम्मेदार अधिकारी कौन हैं. उनके बयान के बाद सदन में सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली. विपक्ष ने अस्पताल की खराब व्यवस्थाओं को लेकर सरकार पर हमला बोला, जबकि सत्ता पक्ष ने आरोपों को बढ़ा‑चढ़ाकर पेश करने की बात कहते हुए बचाव किया. 

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: NDTV

बिल्डिंग में चल रहा है मरम्मत का काम

उधर, अस्पताल अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी ने बताया कि ट्रॉमा सेंटर की तीसरी मंजिल पर ऑपरेशन थियेटर का निर्माण कार्य चल रहा है. इसी दौरान छत डाले जाने की तैयारी थी, लेकिन बारिश के कारण छत पर पानी जमा हो गया, जो ‘प्री-ऑपरेटिव' वार्ड में टपकने लगा. कुछ ही देर में वार्ड में पानी भर गया. अस्पताल प्रशासन के अनुसार, ‘प्री-ऑपरेटिव' वार्ड में तीन मरीज भर्ती थे, जिनकी सर्जरी से पहले जांच होनी थी. सभी मरीजों को तुरंत दूसरे वार्ड में स्थानांतरित किया गया. 

पानी भरने के कारण ऑपरेशन थियेटर को भी कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा. घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिनमें मरीज और उनके परिजन पानी से बचते नजर आ रहे हैं. कुछ लोग ट्रॉली खींचकर मरीजों को सुरक्षित स्थान पर ले जाते दिखे. अस्पताल प्रशासन का दावा है कि किसी भी मरीज की सर्जरी स्थगित नहीं की गई. 

यह भी पढ़ें-

टीकाराम जूली का आरोप, सरकार सदन में तथ्य छिपाकर कर रही गुमराह... पेश कर रही भ्रामक आंकड़े

"डॉक्टरों से 50 लाख का 5 साल का बॉण्ड भरवाएं", स्वास्थ्य व्यवस्था पर बीजेपी विधायकों ने की भजनलाल सरकार से बड़ी मांग

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close