Rajasthan News: राजस्थान के झालावाड़ जिले से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है. यहां गंगधार थाना क्षेत्र में एक मूक-बधिर नाबालिग बहू के साथ उसके ही ससुर द्वारा छेड़छाड़ और जबरदस्ती करने का प्रयास किया गया. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ससुर को गिरफ्तार कर लिया है और उसे कोर्ट में पेश किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पॉक्सो कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है.
रात में कमरे में घुसने का प्रयास
पीड़िता ने अपनी लिखित शिकायत में बताया कि वह 9 जून को अपने ससुर के साथ बाइक पर ससुराल जा रही थी. रास्ते में आरोपी ने पेशाब करने के बहाने बाइक रोकी और पीड़िता के साथ अभद्र हरकतें करने लगा. पीड़िता ने विरोध किया लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया. इतना ही नहीं, रात के समय जब पीड़िता अपने कमरे में सो रही थी, तब आरोपी ने दरवाजा खटखटाया और जबरदस्ती अंदर घुसकर उसके साथ गलत काम करने का प्रयास किया. पीड़िता किसी तरह शोर मचाकर वहां से बचकर निकली.
वीडियो कॉल के जरिए खुली पोल
घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने अपने पिता को वीडियो कॉल कर पूरी आपबीती सांकेतिक भाषा में समझाई. इसके बाद वह अपने पीहर लौट गई और परिजनों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पीड़िता के परिवार के अन्य सदस्य भी मूक-बधिर हैं, इसलिए यह घटना उनके लिए और भी अधिक दुखद थी.
ट्रांसलेटर की मदद से दर्ज हुए बयान
पीड़िता मूक-बधिर होने के कारण अपनी बात सीधे नहीं कह पा रही थी. पुलिस ने जिला कलेक्टर के सहयोग से एक ट्रांसलेटर भरतलाल को नियुक्त किया. ट्रांसलेटर ने पीड़िता के संकेतों को समझा और उसकी आपबीती को पुलिस के समक्ष रखा. वीडियोग्राफी के साथ दर्ज किए गए इन बयानों के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया.
विशिष्ट लोक अभियोजक गिरिराज नागर ने बताया कि इस मामले में साक्ष्यों और पीड़िता के बयानों को गंभीरता से लिया गया है. कोर्ट के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया है और पुलिस अब पूरे मामले की सघन जांच कर रही है ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके.
यह भी पढ़ें- 22 साल के बेटे की जान बचाने के लिए पिता ने सौंप दी अपनी किडनी, SMS अस्पताल में होगा ट्रांसप्लांट