Rajasthan News: अगर आप आज यानी 1 अप्रैल से नेशनल हाईवे पर सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो अपनी जेब थोड़ी ज्यादा ढीली करने के लिए तैयार रहें. नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने देशभर के टोल प्लाजा पर नई संशोधित दरें लागू कर दी हैं. जयपुर ग्रामीण और आसपास के प्रमुख राजमार्गों पर भी अब सफर करना महंगा हो गया है. हालांकि, राहत की बात यह है कि हल्के वाहनों (LMV) जैसे कार और जीप के लिए दरों में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है.
भारी वाहनों पर 5 से 15 रुपये की बढ़ोतरी
NHAI की नई दरों का सबसे ज्यादा असर बस, ट्रक और अन्य भारी वाहनों पर पड़ा है. अधिकांश टोल प्लाजा पर इन वाहनों के लिए 5 रुपये से लेकर 15 रुपये तक की वृद्धि की गई है. इस बढ़ोतरी का सीधा असर ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर पड़ने की संभावना है, जिससे आने वाले दिनों में माल भाड़ा और बसों के यात्री किराए में इजाफा हो सकता है.
जयपुर के प्रमुख टोल प्लाजा पर अब ये होंगी दरें
जयपुर से जुड़ने वाले प्रमुख हाईवे पर नई रेट लिस्ट कुछ इस प्रकार है:-
1. टांटियावास टोल प्लाजा (जयपुर-रींगस रोड, NH-11)
- कार-जीप: एक तरफ का सफर ₹80, वापसी ₹120.
- बस/ट्रक: एक तरफ का सफर ₹265, वापसी ₹400.
- मासिक पास: ₹2610.
2. दौलतपुरा टोल प्लाजा (जयपुर-दिल्ली मार्ग, NH-48)
- कार-जीप: एक तरफ का सफर ₹80, वापसी ₹115.
- बस/ट्रक: एक तरफ का सफर ₹265, वापसी ₹395.
- मासिक पास: ₹2590.
3. नेकावाला टोल प्लाजा (मनोहरपुर-दौसा हाईवे, NH-11A)
- कार-जीप: एक तरफ का सफर ₹60.
- बस/ट्रक: एक तरफ का सफर ₹210, वापसी ₹315.
क्यों बढ़ी दरें और क्या होगा असर?
NHAI हर साल 1 अप्रैल से टोल दरों की समीक्षा करता है और थोक मूल्य सूचकांक (WPI) के आधार पर बदलाव लागू किए जाते हैं. जयपुर ग्रामीण के इन प्रमुख रास्तों पर नई दरें प्रभावी होने से रोजाना सफर करने वाले ट्रांसपोर्टर्स की लागत बढ़ जाएगी. हालांकि, निजी कार मालिकों को फिलहाल इस बढ़ोतरी से बचाकर रखा गया है, जो कि आम जनता के लिए एक आंशिक राहत की खबर है.
ये भी पढ़ें:- हनुमान जयंती पर मेहंदीपुर बालाजी मंदिर की सजावट देख दंग रह जाएंगे आप, दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब
LIVE TV देखें