Delhi News: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के लिए 20 जनवरी का दिन ऐतिहासिक है. 45 साल के नितिन नबीन (Nitin Nabin) आज आधिकारिक रूप से दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष (BJP's Youngest National President) बनने जा रहे हैं. कल (19 जनवरी) नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) खुद प्रस्तावक बने थे. आज सुबह 11:30 बजे नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में पीएम मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की मौजूदगी में उनके नाम की आधिकारिक घोषणा की जाएगी.
आज का पूरा शेड्यूल
आज दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय (6, दीनदयाल उपाध्याय मार्ग) में सुबह से ही गहमागहमी बनी हुई है. कार्यक्रम का विवरण इस प्रकार है:-
- समय: सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक.
- पीएम मोदी की उपस्थिति: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह करीब 11:30 बजे मुख्यालय पहुंचेंगे.
- घोषणा: राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी (National Returning Officer) के. लक्ष्मण औपचारिक रूप से नितिन नबीन के निर्वाचन की घोषणा करेंगे.
- प्रस्तावक: नबीन के पक्ष में कुल 37 सेट नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं, जिनमें पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह प्रमुख प्रस्तावक हैं.
कौन-कौन रहेगा मौजूद?
नितिन नबीन की ताजपोशी के लिए आज दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में भारतीय राजनीति के सबसे कद्दावर चेहरों का जमावड़ा लगा है. संगठन के इस शक्ति प्रदर्शन में केंद्र से लेकर राज्यों तक की पूरी 'पॉवर लॉबी' मौजूद है. यहां उन दिग्गजों की सूची दी गई है जो आज इस कार्यक्रम का हिस्सा बन रहे हैं.
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह
- केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा
- केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी
- केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल
- राष्ट्रीय महासचिव बी.एल. संतोष
- केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर
- केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू
- केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी
- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
- मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव
- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
- गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत
- ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी
- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
इनके अलावा देश भर से आए पार्टी के राष्ट्रीय परिषद के करीब 700 प्रतिनिधि, 30 से अधिक राज्यों के बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और संगठन मंत्री, पार्टी के सभी राष्ट्रीय महासचिव, उपाध्यक्ष और सचिव के साथ-साथ बीजेपी के लोकसभा और राज्यसभा सांसद भी मौजूद रहने वाले हैं.
छात्र राजनीति से राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का सफर
नितिन नबीन का चयन भाजपा की उस कार्यशैली को दर्शाता है जहां एक जमीनी कार्यकर्ता को शीर्ष पद तक पहुंचाया जाता है. वे बिहार के दिग्गज भाजपा नेता दिवंगत नबीन किशोर प्रसाद सिन्हा के पुत्र हैं. साल 2006 में अपने पिता के निधन के बाद उन्होंने पटना पश्चिम से उपचुनाव जीतकर राजनीति में कदम रखा. साल 2010 से वे पटना की बांकीपुर सीट से लगातार विधायक हैं (2010, 2015, 2020 और 2025). बिहार सरकार में उन्होंने पथ निर्माण, नगर विकास और आवास, तथा विधि मंत्री जैसे महत्वपूर्ण विभागों को भी संभाला है. वे भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और कई राज्यों में पार्टी के संगठनात्मक कार्यों का नेतृत्व कर चुके हैं.
'चौके-छक्के लगाएगी मोदी-नबीन की जोड़ी'
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इस मौके पर कहा कि 'बीजेपी में ही संभव है कि एक साधारण कार्यकर्ता फर्श से अर्श तक पहुंचे.' पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि पीएम मोदी का मार्गदर्शन और नबीन का युवा जोश आने वाले चुनावों में विपक्ष के लिए बड़ी चुनौती पेश करेगा.
विपक्ष पर निशाना: 'परिवारवाद बनाम लोकतंत्र'
बीजेपी नेताओं ने आज के दिन को लोकतंत्र की जीत बताया है. मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि जहां अन्य पार्टियों में अध्यक्ष परिवार में पैदा होते हैं, वहीं बीजेपी में मेरिट और निष्ठा के आधार पर अध्यक्ष चुना जाता है.
आगामी चुनौतियां और जिम्मेदारी
नितिन नबीन एक ऐसे समय में कमान संभाल रहे हैं जब पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों और 2029 के आम चुनावों की तैयारी में जुटी है. उनके कंधों पर पार्टी के 'कैडर बेस' को और अधिक डिजिटल और युवा बनाने, विपक्ष के 'जातिगत जनगणना' और 'आरक्षण' जैसे विमर्शों का डटकर मुकाबला करने और दक्षिण भारत में पार्टी के विस्तार को नई गति देने जैसी मुख्य जिम्मेदारियां होंगी.
संगठन पर्व का समापननितिन नबीन का चयन भाजपा के 'संगठन पर्व' की परिणति है. नियम के अनुसार, कम से कम 50% राज्यों (18 राज्यों) में चुनाव होने अनिवार्य थे, लेकिन भाजपा ने 36 में से 30 राज्यों में चुनाव प्रक्रिया पूरी कर इस लोकतांत्रिक परंपरा को और मजबूती दी है. आज दोपहर 12:00 बजे के बाद नितिन नबीन अपना पहला संबोधन दे सकते हैं. उनके अध्यक्ष बनने से पार्टी की कार्यसमिति में भी बड़े बदलावों की संभावना जताई जा रही है.
ये भी पढ़ें:- राजस्थान में मौसम का 'यू-टर्न', कड़ाके की ठंड से मिली राहत, 22 जनवरी से बारिश-आंधी का अलर्ट
LIVE TV देखें