Rajasthan News: पाली जिले के सुमेरपुर सिटी थाना क्षेत्र के बिसलपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. BS6 अल्फा टैक्सी में लगातार आ रही तकनीकी खामियों और सर्विस सेंटर से उचित समाधान न मिलने से आहत होकर एक 30 वर्षीय युवक ने आत्मदाह का प्रयास किया. गंभीर रूप से झुलसे युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया है. फिलहाल कंपनी की ओर से अभी तक घटना पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.
पिछले साल खरीदी थी टैक्सी
दरअसल, बिसलपुर निवासी हंसमुख पुत्र आसुराम (जाति रेगर) ने 30 मई 2025 को BS6 अल्फा सवारी टैक्सी खरीदी थी. वाहन की 48 माह की ईएमआई निर्धारित थी, जिसमें से वह 8-9 किश्तें नियमित रूप से जमा कर चुका था. परिजन और पीड़ित का आरोप है कि पिछले ढाई-तीन माह से वाहन में तकनीकी खराबी आ रही थी और इंजन ऑयल उठाने की समस्या हो गई थी.
युवक कई बार वाहन को लेकर कंपनी के अधिकृत सर्विस सेंटर गया, लेकिन वहां हर बार अस्थायी मरम्मत (जुगाड़) कर वाहन लौटा दिया जाता. स्थायी समाधान न होने से वाहन बार-बार खराब होता रहा, जिससे युवक का रोजगार ठप हो गया और वह आगे की ईएमआई भरने में असमर्थ हो गया. परिजनों का कहना है कि आर्थिक तंगी और कंपनी की बेरुखी के चलते युवक गहरे मानसिक तनाव में आ गया. उसने अपने घर में खुद पर केरोसिन छिड़ककर आग लगा ली. लपटों में घिरा युवक जान बचाने के लिए घर से बाहर भागा, जहां पड़ोसियों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाई.

सर्विस सेंटर मालिक ने क्या कहा?
सुदामा होटल के पास हाईवे पर स्थित महिंद्रा सर्विस सेंटर के मालिक नरेश गहलोत ने युवक के परिजनों के आरोप पर कहा कि पिछले साल मई में गाड़ी खरीदी गई थी. अक्टूबर में दूसरी सर्विस हुई थी और बीच में इंजन में कुछ दिक्कत आ रही थी, चेक किया तो वारंटी में ठीक करके दिया. 17 से 18 हजार किमी तक गाड़ी चली है. महिंद्रा पूरी एक साल की वारंटी देती है, अभी इसका एक पैसा तक नहीं लगा. अपनी तरफ से ऐसा कुछ नहीं था.
60-65 फीसदी तक झुलसा युवक
घटना को लेकर सुमेरपुर सीआई सवाई सिंह ने बताया कि अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है. कल जब अस्पताल में भर्ती हुआ तो हम लोग वहां पर पहुंचे थे. उसने मौखिक रूप से बताया कि गाड़ी ठीक नहीं हुई तो वह डिप्रेशन में आ गया.
(इनपुट- नरेश मालवीय)
यह भी पढे़ं-
'कोटा में सुसाइड की खबरें सुनकर मां भाई के साथ रहने लगी थी', मारे गए कोचिंग छात्र की बहन ने बताया
अंजलि का 9 साल से था अफेयर, प्रेमी के जन्मदिन पर पति की हत्या की रची साजिश; सामने ही मरवाया