विज्ञापन
1 month ago

PM Modi Rajasthan Visit Highlights: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी शनिवार, 28 फरवरी को राजस्थान के हृदय स्थल अजमेर पहुंच गए हैं. उनका यह दौरा केवल एक सभा नहीं, बल्कि प्रदेश की तस्वीर बदलने वाली विकास योजनाओं का संगम है. पीएम मोदी यहां से न केवल 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक के प्रोजेक्ट्स की शुरुआत की, बल्कि देश की करोड़ों बेटियों की सेहत से जुड़ा एक ऐतिहासिक 'नेशनल मिशन' भी लॉन्च किया है. कायड़ विश्राम स्थली पर चल रही इस विशाल सभा में भारी उत्साह देखा जा रहा है.

राजस्थान से HPV वैक्सीन का आगाज

प्रधानमंत्री मोदी ने आज अजमेर की इस पावन धरा से 'सर्वाइकल कैंसर' के खिलाफ भारत के सबसे बड़े स्वास्थ्य मिशन, राष्ट्रव्यापी HPV टीकाकरण अभियान (Human Papillomavirus Vaccine) का आधिकारिक शुभारंभ कर दिया है. देश में हर साल करीब 1.25 लाख महिलाएं इस गंभीर बीमारी की चपेट में आती हैं और लगभग 75 हजार की मौत हो जाती है. अब 9 से 14 साल की बेटियों को भविष्य के इस खतरे से बचाने के लिए देशभर के 30,000 केंद्रों पर यह वैक्सीन उपलब्ध कराई जाएगी. यह कदम भारत की नारी शक्ति के स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति एक बड़ी क्रांति माना जा रहा है.

16,686 करोड़ के 43 प्रोजेक्ट्स से संवरेगा राजस्थान

आज राजस्थान के इंफ्रास्ट्रक्चर को एक नई उड़ान मिली है. पीएम मोदी कुल 16,686 करोड़ रुपये की 43 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर दिया है. इसमें सबसे खास है 1,207 करोड़ की लागत से बनने वाला बांदीकुई-जयपुर 4-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, जो सफर के समय को काफी कम कर देगा. इसके अलावा, जोधपुर में 1,243 करोड़ का एलिवेटेड रोड और जयपुर के सांगानेर में बनने वाला नया मार्ग शहरी यातायात को सुगम बनाएगा. पानी की किल्लत दूर करने के लिए नोनेरा और परवन अकवाद पेयजल परियोजनाएं (करीब 3,200 करोड़ रुपये) भी आज धरातल पर उतर गया है.

युवाओं को 21,863 नियुक्ति पत्र सौंपेंगे पीएम मोदी

केवल सड़कों और पुलों का विकास ही नहीं, पीएम मोदी ने आज राजस्थान के हजारों युवाओं के भविष्य पर भी मुहर लगाई है. 'रोजगार उत्सव' के तहत 21,863 नव-नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए हैं. इनमें 7 हजार से ज्यादा नर्सिंग स्टाफ, 3800 से अधिक कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHOs) और 3300 से ज्यादा पटवारी शामिल हैं. निकाय और पंचायत चुनावों से ठीक पहले, भाजपा सरकार इस बड़े कदम के जरिए सुशासन और रोजगार के अपने एजेंडे को सीधे जनता के बीच ले जा रही है.

अजमेर-जयपुर हाईवे पर निकलने से पहले पढ़ लें यह अपडेट

पीएम के दौरे के कारण सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम किए गए हैं. शनिवार सुबह 6 बजे से ही अजमेर शहर और हाईवे पर भारी वाहनों की नो-एंट्री लागू कर दी गई है. ब्यावर रोड से जयपुर जाने वाले भारी वाहनों को मांगलियावास से नसीराबाद की ओर डायवर्ट किया गया है. कायड़ विश्राम स्थली की ओर जाने वाले रास्ते पर सामान्य वाहनों का प्रवेश भी वर्जित है. अगर आप ब्यावर, जयपुर या किशनगढ़ की ओर जाने की सोच रहे हैं, तो वैकल्पिक रास्तों का ही चयन करें ताकि आप जाम में न फंसें.

विपक्ष के तीखे सवाल और सियासी सरगर्मी

एक तरफ सीएम भजनलाल शर्मा ने इसे 'विकसित राजस्थान' की ओर बड़ा कदम बताया है, वहीं विपक्षी खेमे ने सवालों की बौछार कर दी है. हनुमान बेनीवाल ने पेपर लीक और RPSC के पुनर्गठन को लेकर पीएम को घेरा है, तो पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने पत्र लिखकर पुरानी योजनाओं को बहाल करने की मांग की है. सियासी गलियारों में इस दौरे को आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए भाजपा के 'शक्ति प्रदर्शन' के रूप में देखा जा रहा है.

Here Are The Highlights of PM Modi Ajmer Visit

Rajasthan HPV Vaccination Drive: राजस्थान के 161 केंद्रों पर बेटियों को लगा HPV का सुरक्षा टीका

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज 28 फरवरी को अजमेर की सभा से सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ सबसे बड़े हथियार 'HPV वैक्सीन' अभियान का देशभर में आगाज कर दिया है. पीएम के बटन दबाते ही न केवल अजमेर, बल्कि राजस्थान के 161 अलग-अलग केंद्रों पर एक साथ वैक्सीनेशन ड्राइव शुरू की गई. स्वास्थ्य विभाग की इस मेगा ड्राइव के तहत आज हजारों बालिकाओं को यह सुरक्षा कवच पहनाया गया है. 

PM Modi Ajmer Speech Key Highlights: पीएम मोदी के संबोधन की 10 बड़ी बातें

1. राजस्थानी अंदाज में शुरुआत

पीएम ने अपने भाषण की शुरुआत वीर तेजाजी, पुष्कर महाराज व झूलेलाल के जयकारों के साथ की. 

2. कांग्रेस अब 'MMC' बन गई है

पीएम ने तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस अब 'INC' (इंडियन नेशनल कांग्रेस) नहीं, बल्कि 'MMC' यानी मुस्लिम लीग माओवादी कांग्रेस बन चुकी है, जो देश को बांटने का काम कर रही है.

3. भारत को बेइज्जत करने का ड्रामा

पीएम बोले कि जब दिल्ली में हुए दुनिया के सबसे बड़े AI सम्मेलन में पूरी दुनिया भारत की तारीफ कर रही थी, तब हताश कांग्रेस विदेशी मेहमानों के सामने देश को बदनाम कर रही थी.

4. बेटियों को 'सुरक्षा कवच'

देशभर की बेटियों के लिए HPV टीकाकरण अभियान की शुरुआत की. पीएम ने कहा कि मां स्वस्थ रहेगी तभी परिवार संकटों का सामना कर पाएगा.

5. पेपर लीक पर लगाम

राजस्थान की पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि दो साल पहले तक यहां सिर्फ पेपर लीक की खबरें आती थीं, लेकिन बीजेपी सरकार ने दोषियों को जेल भेजा और युवाओं को हक दिलाया.

6. 21 हजार युवाओं को नौकरी

पीएम ने मंच से राजस्थान के 21,863 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे और इसे युवा शक्ति के सशक्तिकरण का बड़ा कदम बताया.

7. ERCP और नदी जोड़ो परियोजना

कांग्रेस पर ERCP प्रोजेक्ट को लटकाने का आरोप लगाते हुए पीएम ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने इसे धरातल पर उतारा और नदियों को जोड़ने से राजस्थान की प्यास बुझेगी.

8. बिजली बिल होगा 'जीरो'

'प्रधानमंत्री सूर्य घर बिजली योजना' का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि सरकार सोलर पैनल के लिए 78 हजार रुपये खाते में दे रही है, जिससे मध्यम वर्ग का बिजली बिल जीरो हो रहा है.

9. पर्यटन से बढ़ेगा रोजगार

मोदी ने कहा कि आधुनिक कनेक्टिविटी से पर्यटक बढ़ेंगे, जिससे गाइड, टैक्सी चालक और स्थानीय कारीगरों की रोजी-रोटी चलेगी. राजस्थान अब 'अवसरों की भूमि' बन रहा है.

10. 16000 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स

पीएम ने राजस्थान के विकास के लिए 16 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया.

PM Modi LIVE: 'राजस्थान का सामर्थ्य समझकर योजना बना रही सरकार', अजमेर में बोले पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा, 'हमारी सरकार राजस्थान के सामर्थ्य को समझकर योजना बना रही है. मुझे खुशी है कि राजस्थान अब सूरज की ताकत से सामर्थ्य कमाने वाली ताकत बन गया है. प्रधानमंत्री सूर्य घर बिजली योजना का इसमें बड़ा योगदान है. सरकार इस योजना के तहत घर की छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए 78 हजार रुपये सीधी उनके बैंक खाते में जमा कराती है. सबसे अधिक लाभ मध्यम वर्ग के लोग ले रहे हैं. इस योजना से घर पर एक छोटा सा बिजली-घर तैयार हो जाता है. धूप से बिजली बनती है. घर में यूज होती है. ज्यादा बनती है तो ग्रिड में चली जाती है. इस योजना से घर का बिजली बिल लगभग जीरो आ रहा है.'

इसी के साथ पीएम मोदी ने अपना संबोधन समाप्त कर दिया.

PM Modi LIVE: 'नदियों को जोड़ने का फायदा राजस्थान को मिलना तय है', अजमेर में बोले पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा, 'राजस्थान में आपने कांग्रेस के राज को करीब से देखा. ERCP परियोजना को कांग्रेस की सरकारों ने केवल फाइलों और घोषणाओं में उलझाकर रखा. हमारी सरकार ने आते ही इसे धरातल पर उतारने का काम किया. साथ ही हमने नदियों को जोड़ने का काम किया, जिसका फायदा राजस्थान को मिलना तय है.'

PM Modi Speech LIVE: कांग्रेस अब INC से MMC बन गई है, अजमेर में पीएम मोदी का बड़ा बयान

पीएम मोदी ने कहा, 'इस मौके पर मैं आपसे एक और बात कहने आया हूं. हाल ही में, दिल्ली में, दुनिया का सबसे बड़ा AI सम्मेलन हुआ. इसमें दुनिया के अनेक देशों के प्रधानमंत्री, अनेक देशों के राष्ट्रपति और मंत्री आए थे. दुनिया के बड़ी-बड़ी कंपनियों के करता धरता भी एक छत के नीचे इकट्ठा हुए थे. सभी ने भारत की खुले दिन से प्रशंसा की. जब दुनिया के इतने सारे लोग भारत की प्रशांसा करते हैं तो आपको अभियान होता है या नहीं? आपका माथा हुआ की नहीं. आपका सीना चौड़ा हुआ या नहीं? लेकिन हताशा, निराशा में डूबी, लगातार हार का सामने कर चुकी कांग्रेस ने क्या किया, ये आपने देखा. कांग्रेस ने विदेशी मेहमनों के सामने भारत को बेइज्जत करने का ड्रामा किया. कांग्रेस ने हार का बदला गुस्से में देश को बदनाम करके ले रही है. कभी कांग्रेस 'INC' यानी इंडियन नेशनल कांग्रेस थी. लेकिन अब वो नहीं बची है. आज वो 'MMC बन गई है, यानी मुस्लिम लीग माओवादी कांग्रेस बन चुकी है. मुस्लिम लीग भारत से नफरत करती थी. इसीलिए उन्होंने देश बांट दिया. आज कांग्रेस भी यही कर रही है. माओवादी भी नफरत करते हैं. कांग्रेस के कुकर्मों को देश कभी माफ नहीं करेगा. इसीलिए देश आज कांग्रेस को सबक सीखा रहा है.'

PM Modi LIVE: 'एक पर्यटक कई परिवारों की रोजी रोटी बन जाता है'

पीएम मोदी ने कहा, 'जब सफर आसान होता है तो ज्यादा पर्यटक घूमने आते हैं. इससे स्वाभाविक है होटल ज्यादा चलते हैं. कचौरी और दालबाटी ज्यादा बिकती है. राजस्थान के बनाए कारीगरों का सामान बिकता है. टैक्सी चलती है. गाइड को काम मिलता है. यानी एक पर्यटक कई परिवारों की रोजी रोटी बन जाता है. इसी मकसद से हमारी सरकार आधूनिक कनेक्टिविटी पर जोर दे रही है. जैसे जैसे इस दिशा में काम हो रहा है, वैसै-वैसै यहां निवेश के अवसर भी बढ़ते जा रहे हैं. राजस्थान को अवसरों की भूमि बनाने के लिए डबल इंजन सरकार हर संभव प्रयास कर रही है. राजस्थान की ये धरा जानती है कि देश का सम्मान कैसे होता है.'

PM Modi Ajmer Visit LIVE: '2014 से पहले का वो मंजर देखा है जब महिलाओं को शौचालय के लिए अपमान झेलना पड़ता था', बोले पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा, 'आज विरांगनाओं की धरती से मुझे देशभर की बेटियों के लिए मुझे एक अहम HPV अभियान शुरू करने का अवसर मिला है. ये अभियान देश की नारी शक्ति को सशक्त करने की दिशा में अहम कदम है. साथियों हम सब जानते हैं कि परिवार में जब मां बीमार होती है घर बिखर जाता है. अगर मां स्वस्थ है तो परिवार हर संकट का सामना करने में सक्षम होता है . इसी भाव से भाजपा सरकार ने महिलाओं को संबल देने वाली अनेक योजनाएं चलाई हैं. हमने 2014 से पहले का वो दौर देखा है जब शौचालय के अभाव में महिलाओं को परेशानी होती थी. बेटियां स्कूल छोड़ देती थीं. पहले की सरकार के लिए ये सब बेकार की बातें थीं. इसीलिए इन पर चर्चा तक नहीं होती थी. लेकिन हमारी सरकार के लिए ये संवेदनशील मसला था. इसलिए हमने उसका समाधान किया.'

PM Modi LIVE: 'दो साल पहले तक राजस्थान से सिर्फ पेपर लीक की खबरें आती थीं', मंच से बोले पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा, 'राजस्थान की डबल इंजन सरकार युवाशक्ति को सशक्त कर रही है. दो साल पहले तक राजस्थान से पेपर लीक की खबरें भी आती रहती हैं. लेकिन बीजेपी सरकार ने इस पर लगाम लगाई है और दोषियों पर कार्रवाई भी की है. आज 21 हजार से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए हैं. ये बहुत बड़ा बदलाव है. मैं आप सभी लोगों को बहुत बहुत बधाई देता हूं.'

PM Modi Speech LIVE: 'राजस्थान के विकास की रफ्तार से मुझे संतोष है', मंच से बोले पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा, 'कुछ समय पहले राजस्थान में भाजपा की डबल इंजन सरकार को 2 साल पूरे हुए हैं. मुझे संतोष है कि आज राजस्थान विकास के नए पथ पर अग्रसर है. विकास के जिन वादों के साथ आपकी सेवा में आई थी, उन्हें तेजी के साथ पूरा कर रही है. आज का दिन विकास के इसी अभियान को तेज करने का दिवस है. थोड़ी देर पहले यहां राजस्थान के विकास से जुड़ी करीब 17 हजार करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है. ये सारे प्रोजेक्ट्स राजस्थान की जनता की सुविधा बढ़ाएंगे और राजस्थान की जनता के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा करेंगे.'

PM Modi LIVE: अजमेर में प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन शुरू

अंकिता और मुकेश को नियुक्ति पत्र सौंपने के बाद पीएम मोदी का संबोधन शुरू हो गया है. मंंच से वीर तेजाजी, पुष्कर महाराज और झूलेलाल के लगवाए जयकारे लगवाए. उन्होंने कहा कि अजमेर में क्रांति है.

PM Modi LIVE: पीएम मोदी ने रिमोट दबाकर किया दर्जनों योजनाओं का लोकार्पण

मुख्यमंत्री के संबोधन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डिजिटल बटन दबाकर 16 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया. इस एक क्लिक के साथ ही राजस्थान के इंफ्रास्ट्रक्चर, रेलवे, हाईवे और स्वास्थ्य क्षेत्र को नई रफ्तार मिल गई है. मंच पर लगे बड़े स्क्रीन्स के जरिए इन प्रोजेक्ट्स की झलक दिखाई गई, जिसके बाद पूरा कायड़ मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा.

PM Modi Ajmer Visit LIVE: 16 लाख महिलाओं को 'लखपति दीदी' बनाया, मंच से बोले CM शर्मा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि हमारी सरकार किसानों के हितों के लिए पूरी तरह समर्पित है और अब उन्हें खेती के लिए दिन में बिजली सुनिश्चित की जा रही है. उन्होंने महिला सशक्तिकरण का जिक्र करते हुए बताया कि प्रदेश में 16 लाख महिलाओं को 'लखपति दीदी' बनाया जा चुका है. साथ ही राज्य को कुपोषण मुक्त करने के लिए भी युद्धस्तर पर प्रयास जारी हैं.

CM Bhajanlal Speech LIVE: 'आज राजस्थान के युवाओं के लिए विशेष दिन है'

सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा, 'आज दिन युवाओं के लिए विशेष है. आज पीएम मोदी राजस्थान के 22 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपने जा रहे हैं. ये पल परिवारों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं है.'
सीएम ने बताया कि हमने 1 लाख से ज्यादा भर्ती करने का कलैंडर जारी किया है. 

PM Modi Ajmer Visit LIVE Updates: अजमेर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का संबोधन शुरू

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपना संबोधन शुरू कर दिया है. उन्होंने मेवाड़ी और राजस्थानी अंदाज में पीएम मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि आज राजस्थान के लिए ऐतिहासिक दिन है. उन्होंने तीन बार मंच से 'स्वागत है भई स्वागत है' बोलकर पीएम मोदी का स्वागत किया.

PM Modi in Ajmer LIVE: मंच पर पहुंचे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अजमेर के कायड़ से देशव्यापी HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान की ऐतिहासिक शुरुआत की है. मंच पर जाने से पहले पीएम मोदी ने खुद 5 लड़कियों के टीकाकरण की प्रक्रिया देखी और उनसे आत्मीयता से संवाद किया. 

इसके बाद वे सभा स्थल के मंच पर पहुंचे, जहां सीएम भजनलाल, डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा, डिप्टी सीएम दिया कुमारी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, कैबिनेट मंत्री किरोड़ीलाल मीणा, राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, भागीरथ चौधरी ने उनका स्वागत किया.

PM Modi Ajmer Visit LIVE: पीएम मोदी ने अजमेर पहुंचकर HPV वैक्सीनेशन प्रोग्राम लॉन्च किया

अजमेर के कायड़ मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशव्यापी एचपीवी (HPV) टीकाकरण कार्यक्रम की शुरुआत कर दी है. इस मिशन के तहत हर साल देशभर की लगभग 1.15 करोड़ लड़कियों (जिनकी उम्र 14 वर्ष है) को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है. यह कदम महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने की दिशा में भारत का सबसे बड़ा स्वास्थ्य अभियान है.

PM Modi LIVE: अजमेर के मंच पर पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हेलीपैड से सीधे कायड़ विश्राम स्थली के मंच पर पहुंच गए हैं. मंच पर आते ही उन्होंने वहां मौजूद विशाल जनसमूह का हाथ हिलाकर अभिवादन किया. पूरा पंडाल 'मोदी-मोदी' के नारों से गूंज उठा है. 

PM Modi Ajmer Visit LIVE Updates: अजमेर की धरती पर पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ठीक अब अजमेर पहुंच चुके हैं. किशनगढ़ से उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद 11:15 बजे उनका सेना का विशेष हेलीकॉप्टर अजमेर स्थित हेलीपैड पर सुरक्षित रूप से लैंड कर गया है. हेलीपैड पर सीएम भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेशा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने ने उनका जोरदार स्वागत किया. यहां से प्रधानमंत्री अब सड़क मार्ग के ज़रिए सीधे 'कायड़ विश्राम स्थली' के मंच की ओर बढ़ रहे हैं, जहां 2 लाख से अधिक लोगों का जनसैलाब उनकी एक झलक पाने को बेताब है.

PM Modi LIVE: किशनगढ़ से सेना के हेलीकॉप्टर में बैठकर अजमेर के रवाना हुए पीएम मोदी

किशनगढ़ एयरपोर्ट पर लैंड करने के कुछ ही मिनटों बाद, पीएम मोदी सेना के विशेष हेलीकॉप्टर में सवार हुए और अजमेर की ओर उड़ान भर ली है. किशनगढ़ से अजमेर तक का यह 'हवाई सफर' महज कुछ मिनटों का है. आसमान में हेलीकॉप्टर की गड़गड़ाहट के साथ ही कायड़ विश्राम स्थली में उत्साह और भी बढ़ गया है.

PM Modi LIVE: अजमेर के मंच पर पहुंचे CM भजनलाल शर्मा, जनता का किया अभिवादन

अजमेर के कायड़ विश्राम स्थली में उत्साह सातवें आसमान पर है. राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंच पर पहुंच चुके हैं. मंच पर आते ही उन्होंने वहां मौजूद लाखों की भीड़ का हाथ जोड़कर और सिर झुकाकर वंदन किया. जनता ने भी 'मोदी-मोदी' और 'जय श्री राम' के नारों के साथ मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया. मुख्यमंत्री ने व्यवस्थाओं का अंतिम जायजा लिया है और अब मंच पूरी तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए तैयार है.

PM Modi Ajmer Visit LIVE: हवाई सफर से कायड़ तक 2 लाख की भीड़ और अभेद्य सुरक्षा

अजमेर के कायड़ विश्राम स्थली में इस वक्त उत्सव जैसा माहौल है. प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए करीब 2 लाख लोगों का मजमा जुटा है. सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए करीब 5000 पुलिस जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात हैं. कार्यक्रम स्थल को अलग-अलग सेक्टर्स में बांटा गया है ताकि भीड़ को आसानी से संभाला जा सके. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने खुद तैयारियों की कमान संभालते हुए अधिकारियों को पानी, बिजली और मेडिकल सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं.

PM Modi in Ajmer LIVE Updates: किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचे पीएम मोदी, अब सीधे अजमेर के लिए उड़ान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने निर्धारित समय पर राजस्थान के किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंच चुके हैं. एयरपोर्ट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया. पीएम मोदी यहां से बिना समय गंवाए हेलीकॉप्टर के जरिए अजमेर के लिए प्रस्थान करेंगे. 

आज 28 फरवरी का यह दौरा राजस्थान के विकास के लिए बेहद अहम माना जा रहा है.

PM Modi Ajmer Visit LIVE Updates: 'बेटियां स्वस्थ और समृद्ध हों', पीएम मोदी ने ट्वीट कर बताया आज का मिशन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुबह 9:36 बजे ट्वीट कर अपने अजमेर दौरे के संकल्प को साझा किया है. उन्होंने लिखा कि देश की बेटियों के बेहतर स्वास्थ्य और समृद्धि के लिए सरकार पूरी शक्ति लगा रही है. आज सुबह 11:30 बजे अजमेर से शुरू होने वाला HPV टीकाकरण अभियान इसी दिशा में एक बड़ा कदम है, जिसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाना है.

PM Modi Ajmer Visit LIVE: दिल्ली से अजमेर तक पीएम मोदी का आज का पूरा शेड्यूल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राजस्थान दौरा आज सुबह से ही शुरू हो चुका है. वे दिल्ली से उड़ान भरकर गुजरात तक के सफर के बीच अजमेर को विकास की बड़ी सौगातें देंगे. नीचे देखें उनका पूरा टाइम-टेबल:-

सुबह 09:50 बजे: पीएम मोदी दिल्ली एयरपोर्ट से विशेष विमान के जरिए राजस्थान के लिए रवाना होंगे.

सुबह 10:50 बजे: प्रधानमंत्री का विमान किशनगढ़ एयरपोर्ट पर लैंड करेगा.

सुबह 10:55 बजे: किशनगढ़ से वे तुरंत हेलीकॉप्टर के जरिए अजमेर के लिए उड़ान भरेंगे.

सुबह 11:15 बजे: पीएम का हेलीकॉप्टर अजमेर स्थित हेलीपैड पर लैंड करेगा.

सुबह 11:20 बजे: हेलीपैड से पीएम मोदी सड़क मार्ग के जरिए सीधे कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ेंगे.

सुबह 11:25 बजे: प्रधानमंत्री अजमेर के 'कायड़ विश्राम स्थली' पहुंचेंगे, जहां मुख्य समारोह आयोजित है.

सुबह 11:30 से दोपहर 1:00 बजे तक: यह डेढ़ घंटा सबसे महत्वपूर्ण है. इसी दौरान पीएम मोदी 16,680 करोड़ की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे. साथ ही वे जनसभा को भी संबोधित करेंगे.

दोपहर 01:05 बजे: कार्यक्रम खत्म होने के बाद पीएम कायड़ विश्राम स्थली से वापस रवाना होंगे.

दोपहर 01:10 बजे: सड़क मार्ग से वापस अजमेर हेलीपैड पहुंचेंगे.

दोपहर 01:15 बजे: हेलीकॉप्टर से किशनगढ़ एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरेंगे.

दोपहर 01:35 बजे: किशनगढ़ एयरपोर्ट पर आगमन.

दोपहर 01:40 बजे: किशनगढ़ से वे विमान के जरिए सीधे अहमदाबाद (गुजरात) के लिए रवाना होंगे.

दोपहर 02:55 बजे: पीएम मोदी अहमदाबाद एयरपोर्ट पहुंचेंगे.

Ajmer News LIVE: जयपुर से अजमेर के लिए बसों का काफिला रवाना, परिवहन विभाग मुस्तैद

रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अजमेर जनसभा के लिए जयपुर जिले से बसों की रवानगी का सिलसिला तेज हो गया है. आज सुबह हीरापुरा बस स्टैंड से 550 बसें केकड़ी, किशनगढ़ और अजमेर विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना की गईं. जयपुर जिले को कुल 1,000 से ज्यादा बसों का लक्ष्य मिला है. व्यवस्थाओं को पुख्ता करने के लिए आरटीओ (RTO) राजेंद्र सिंह शेखावत खुद मौके पर मौजूद रहकर मॉनिटरिंग कर रहे हैं, जबकि डीटीओ (DTO) आदर्श राघव के नेतृत्व में पूरी टीम रवानगी सुनिश्चित करवा रही है.

PM Modi Rajasthan Visit LIVE Updates: पीएम मोदी के विरोध पर बरसे धर्मेंद्र राठौड़, कहा- 'तानाशाही का अंत जल्द'

अजमेर में पीएम मोदी की सभा से पहले सियासी पारा सातवें आसमान पर है. पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष और कांग्रेस नेता धर्मेंद्र राठौड़ ने युवा कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिए जाने की कड़ी निंदा की है. राठौड़ ने आरोप लगाया कि युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और अजमेर के स्थानीय अध्यक्ष मोहित मल्होत्रा सहित अन्य नेताओं को विरोध जताने पर पकड़ना सरासर 'तानाशाही' है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध करना सबका अधिकार है, जिसे दबाया जा रहा है. कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे सरकार की इन जनविरोधी नीतियों से डरने वाले नहीं हैं और इस 'तानाशाही' के युग का अंत जल्द होगा.

PM Modi Ajmer Visit LIVE Updates: 'पीएम की गारंटी सिर्फ कागजी', टीकाराम जूली ने सरकार को घेरा

राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने प्रधानमंत्री मोदी के अजमेर दौरे से ठीक पहले तीखा हमला बोला है. जूली ने आरोप लगाया कि अजमेर की रैली में भीड़ जुटाने के लिए प्रशासन आम जनता की बसों को जबरन रुकवा रहा है. 

उन्होंने दावा किया कि जो बसें सवारियां लेकर जा रही थीं, उन्हें बीच रास्ते रोककर अजमेर जाने के आदेश दिए जा रहे हैं, यहां तक कि एक विधायक की बस को भी नहीं बख्शा गया. 

जूली ने इसे सत्ता का दुरुपयोग बताते हुए कहा कि जनता को परेशान कर रैलियां करना लोकतंत्र के खिलाफ है.

नेता प्रतिपक्ष ने पीएम मोदी की 'गारंटी' पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस शासन की 500 रुपये में सिलेंडर और मुफ्त बिजली जैसी जनहितकारी योजनाएं अब धरातल पर ठप हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि चुनाव के समय वादा किया गया था कि कोई योजना बंद नहीं होगी, लेकिन आज जनता सुविधाओं के लिए तरस रही है.

PM Modi Ajmer Visit LIVE: अजमेर रेलवे स्टेशन पर 'हाई अलर्ट', चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अजमेर आगमन को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद हैं. अजमेर रेलवे स्टेशन पर GRP और RPF की टीमों ने मोर्चा संभाल लिया है और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. 

स्टेशन के प्रवेश द्वार से लेकर प्लेटफॉर्म और पार्किंग एरिया तक की मेटल डिटेक्टर से जांच की जा रही है. यात्रियों के बैग और सामान को डॉग स्क्वायड की मदद से खंगाला जा रहा है. 

GRP डिप्टी अरविंद कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि सुरक्षा व्यवस्था अभेद्य बनी रहे.

Ajmer Traffic Advisory Today: अजमेर में सुबह 6 बजे से विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू, रूट प्लान देख लें

प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को देखते हुए आज सुबह 6 बजे से ही अजमेर शहर और नेशनल हाईवे पर कड़े सुरक्षा इंतजाम लागू हैं:-

  • ब्यावर रोड से जयपुर जाने वाले भारी वाहनों को अब सीधे नहीं, बल्कि मांगलियावास तिराहे से नसीराबाद रोड की ओर जाना होगा. 
  • मकराना और रूपनगढ़ से जयपुर जाने वाले ट्रकों के लिए भी नए रास्ते तय किए गए हैं.
  • कायड़ और गेगल टोल प्लाजा वाले रूट पर सुबह 8 से शाम 4 बजे तक भारी दबाव रहेगा, इसलिए इस रास्ते से बचने की सलाह दी गई है.

कायड़ विश्राम स्थली के आसपास ट्रैफिक पूरी तरह बदला हुआ है:- 

  • नागौर रोड से आने वाले सामान्य वाहन क्रिकेट स्टेडियम पार्किंग से आगे नहीं जा सकेंगे.
  • लाडपुरा तिराहा और घूघरा गांव के पास डायवर्जन पॉइंट बनाए गए हैं. अगर आप किशनगढ़-अजमेर बाईपास का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो वैकल्पिक रास्तों को चुनें ताकि जाम में न फंसें.

PM Modi Visit Today LIVE: टोंक से कार्यकर्ताओं का हुजूम अजमेर रवाना

अजमेर की कायड़ विश्राम स्थली में आज होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा को लेकर टोंक जिले में जबरदस्त जोश है. जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता बसों और निजी वाहनों के जरिए अजमेर के लिए रवाना हो चुके हैं. 

पूर्व विधायक अजीत सिंह मेहता के नेतृत्व में निकले इन कार्यकर्ताओं में पीएम मोदी के संबोधन को लेकर खास उत्साह देखा जा रहा है. टोंक के ये कार्यकर्ता न केवल विकास की 16 हजार करोड़ की योजनाओं के गवाह बनेंगे, बल्कि देशव्यापी HPV वैक्सीन लॉन्च और युवाओं को मिलने वाले नियुक्ति पत्रों के ऐतिहासिक पल को भी करीब से देखेंगे.

PM Modi Rajasthan Visit LIVE: राजस्थान को 16686 करोड़ रुपये की सौगात और हजारों नौकरियां

प्रधानमंत्री आज अजमेर की सभा से राजस्थान के लिए 16,686 करोड़ रुपये का पिटारा खोलेंगे. इसमें सड़क, बिजली और पानी से जुड़ी 43 बड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास होगा. 

विकास के साथ-साथ युवाओं के लिए भी आज 'रोजगार उत्सव' है. प्रदेश के 21,863 युवाओं को पटवारी, नर्सिंग स्टाफ और सीएचओ जैसे पदों के लिए नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे. सरकारी नौकरी का सपना पूरा होने से युवाओं और उनके परिवारों में भारी उत्साह है.

PM Modi in Ajmer LIVE: अजमेर से देश की बेटियों को मिलेगा 'कैंसर से सुरक्षा' का कवच

आज का दिन महिला स्वास्थ्य के लिए ऐतिहासिक है. पीएम मोदी अजमेर से राष्ट्रीय HPV टीकाकरण अभियान की शुरुआत करेंगे. 14-15 साल की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए यह टीका बिल्कुल मुफ्त लगाया जाएगा. 

HPV वायरस ही आगे चलकर कैंसर का कारण बनता है, इसलिए सरकार ने इसे राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल किया है. स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों पर इसकी विशेष व्यवस्था की गई है ताकि हर बेटी सुरक्षित रहे.

PM Modi in Ajmer Today LIVE Updates: कायड़ विश्राम स्थली तैयार, सुबह 11 बजे पहुंचेंगे पीएम मोदी

अजमेर के कायड़ विश्राम स्थली में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशाल जनसभा होने जा रही है. सुबह 11 बजे पीएम मंच से जनता को संबोधित करेंगे. तैयारियों का जायजा खुद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लिया है. 

सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है और प्रशासन ने पार्किंग से लेकर आम जनता की सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए हैं. 

ध्यान दें, शहर में सुबह 6 बजे से ही ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिया गया है ताकि सभा में आने वालों को कोई दिक्कत न हो.

PM Modi Rajasthan Visit LIVE: मशाल जुलूस के साथ गूंजा अजमेर, पीएम की सभा के लिए भारी उत्साह

शहर की सड़कों पर कल शाम एक अलग ही नजारा था. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक क्लॉक टावर से विशाल मशाल जुलूस निकाला. हाथों में जलती मशालें और बीजेपी के झंडे थामे कार्यकर्ता 'भारत माता की जय' के नारे लगाते हुए पूरे जोश में नजर आए. 

इस जुलूस के जरिए शहरवासियों को आज होने वाली बड़ी सभा में शामिल होने का न्योता दिया गया. पूरे रास्ते उत्सव जैसा माहौल रहा और हर तरफ पीएम मोदी के स्वागत की तैयारियां दिखाई दीं.

Close