विज्ञापन
This Article is From Feb 26, 2026

विधानसभा में जूली का सवाल- 125 दिन रोजगार के लिए चाहिए 21 हजार करोड़... वेतन का संघर्ष, फिर कैसे होगी व्यवस्था

राजस्थान विधानसभा में अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सरकार को घेरा. उन्होंने 125 दिन रोजगार देने के वादे पर सवाल उठाते हुए वित्तीय स्थिति और पंचायती राज चुनावों को लेकर सरकार को खुली चुनौती दी.

विधानसभा में जूली का सवाल- 125 दिन रोजगार के लिए चाहिए 21 हजार करोड़... वेतन का संघर्ष, फिर कैसे होगी व्यवस्था
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली.

Rajasthan News: राजस्थान विधानसभा में पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान सदन में जोरदार बहस देखने को मिली. नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि गांवों का विकास सिर्फ भाषणों से नहीं बल्कि ठोस फैसलों से होगा.

पंचायती राज चुनावों पर सवाल

जूली ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था को उनकी सरकार ने मजबूत किया था. उन्होंने याद दिलाया कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने नागौर से पंचायती राज व्यवस्था की शुरुआत की थी. उन्होंने आरोप लगाया कि संविधान में पांच साल में चुनाव कराने का स्पष्ट प्रावधान है लेकिन वर्तमान सरकार समय पर चुनाव कराने में असफल रही है. चुनाव नहीं होने से करीब 3000 करोड़ रुपये केंद्र में अटक गए हैं.

मनरेगा और रोजगार पर घेरा

नेता प्रतिपक्ष ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम का जिक्र करते हुए कहा कि इस योजना ने गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ाए. पहले इसमें 90 प्रतिशत राशि केंद्र और 10 प्रतिशत राज्य देता था. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस व्यवस्था को कमजोर कर रही है.

125 दिन रोजगार देने की चुनौती

जूली ने सरकार से पूछा कि क्या वह 125 दिन रोजगार देने की अपनी बात पर कायम है. उनके अनुसार इसके लिए करीब 21 हजार करोड़ रुपये की जरूरत होगी. उन्होंने कहा कि जब सरकार कर्मचारियों का वेतन देने में संघर्ष कर रही है तो इतने बड़े बजट की व्यवस्था कैसे करेगी.

किसानों और आर्थिक हालात पर निशाना

उन्होंने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि दिल्ली जाकर संसाधन लाने की बात की जाती है लेकिन राज्य को फायदा नहीं मिल रहा. जूली ने कृषि कानूनों और ट्रेड डील का जिक्र करते हुए किसानों के हितों से समझौता करने का आरोप भी लगाया. अंत में उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और समय आने पर जवाब देगी.

यह भी पढ़ें- अलवर में सेकंड ग्रेड शिक्षक की हार्ट अटैक से मौत, परिवार और विद्यार्थियों में शोक की लहर

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com