Bikar News: राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ (Madan Rathore) शनिवार को बीकानेर दौरे पर रहे, जहां उनके तेवर काफी तल्ख नजर आए. राठौड़ ने न केवल विपक्ष पर निशाना साधा, बल्कि पार्टी की दिग्गज नेता वसुंधरा राजे (Vasundhara Raje) और पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया (Gulab Chand Kataria) को लेकर भी बड़े बयान दिए. सबसे ज्यादा चर्चा मदन राठौड़ के उस मारवाड़ी कहावत की हो रही है, जिसे वसुंधरा राजे के हालिया बयानों पर कटाक्ष माना जा रहा है.
'मोदी सु कुन झगड़ो करे...'
दरअसल, 6 अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर झालावाड़ में वसुंधरा राजे ने मुस्कुराते हुए कहा था- 'मैं खुद को ही नहीं बचा पाई तो तुम्हारे लिए क्या कर सकती हूं.' इस बयान पर जब मदन राठौड़ से सवाल हुआ, तो उन्होंने मारवाड़ी अंदाज में जवाब दिया. उन्होंने कहा- 'चिट्ठी चूर-चूर करे, मांगे डाल और घी, मोदी सु कुन झगड़ो करे, चिट्ठी खानी नाल.' राजनीतिक गलियारों में इस कटाक्ष को राजे के लिए एक सीधा और कड़ा संदेश माना जा रहा है.
जिस बयान पर घमासान,उसी पर अब सफाई !#VasundharaRaje#MadanRathore#RajasthanPolitics#RajasthanNews#BreakingNews#BigStatement#PowerStruggle#RajasthanBJP@VasundharaBJP pic.twitter.com/nnlF8Un5vl
— NDTV Rajasthan (@NDTV_Rajasthan) April 11, 2026
यह राजस्थानी लोकजीवन की एक पुरानी कहावत है. यहां 'चिट्ठी' का मतलब रोटी से है, जबकि 'मोदी' का मतलब अनाज के दुकानदार से है. कहावत कहती है कि सूखी रोटी को भी चूर-चूर करके उसमें खूब सारी दाल और घी डालकर उसका आनंद लेना चाहिए. यानी जो मिला है उसे बेहतर बनाकर उसका सुख लेना चाहिए. जिससे हमें अनाज मिलना है, जिससे हमारा घर चलता है, उससे भला कौन झगड़ा मोल ले? अगर उससे झगड़ा किया तो फिर रोटी किसके साथ खाएंगे?
'हमने कार्यकर्ता से बात कर मामला सुलझा लिया'
इस दौरान उदयपुर में चल रही गुटबाजी और राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया के खिलाफ राष्ट्रपति को लिखी गई चिट्ठी पर भी राठौड़ ने जवाब दिया. उन्होंने कहा, 'कटारिया जी महामहिम हैं, उनके बारे में हम कुछ नहीं बोल सकते. जहां तक कार्यकर्ताओं की नाराजगी का सवाल है, हमने उनसे बात कर मामला सुलझा लिया है.' बता दें कि कटारिया पर उदयपुर में 'समानांतर सत्ता' चलाने के आरोप लगे थे, जिस पर उन्होंने हाल ही में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जवाब दिया था.
ये भी पढ़ें:- पंजाब के राज्यपाल की राजस्थान में प्रेस कॉन्फ्रेंस, गुटबाजी पर गुलाब चंद कटारिया बोले- 'मैं जब तक जिंदा हूं...'
ममता बनर्जी का जनाधार खिसका, कांग्रेस पर नाटक का आरोप
मीडिया से बातचीत में मदन राठौड़ ने राष्ट्रीय राजनीति पर भी जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी का जनाधार पूरी तरह खिसक चुका है और उनके सांसद धर्म के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं. असम में दो-तिहाई बहुमत और पुडुचेरी-बंगाल में जीत का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी दक्षिण भारत (केरल, तमिलनाडु) में भी मजबूत हो रही है.
महिला आरक्षण बिल पर कांग्रेस को घेरते हुए राठौड़ ने कहा, 'वोटिंग के समय कांग्रेस साथ थी, अब बाहर आकर नाटक कर रही है. कांग्रेस अपना रुख साफ करे, जबकि बीजेपी हमेशा महिलाओं को हक देने के पक्ष में रही है.'
राजनीतिक नियुक्तियों पर बड़ा अपडेट
प्रदेश में लंबे समय से अटकी राजनीतिक नियुक्तियों पर राठौड़ ने कार्यकर्ताओं को खुशखबरी दी. उन्होंने कहा कि अरुण चतुर्वेदी की नियुक्ति हो चुकी है और बहुत जल्द पूरे प्रदेश में अन्य नियुक्तियां भी कर दी जाएंगी.
ये भी पढ़ें:- वसुंधरा राजे ने क्यों कहा- 'मैं खुद अपने आप को नहीं बचा पाई तो तुम्हारे लिए क्या कर सकती हूं'
ये भी पढ़ें:- 'पद तो खुद चलकर आएगा' बोलीं वसुंधरा, बीजेपी स्थापना दिवस पर पार्टी नेतृत्व को किया आगाह