विज्ञापन

RGHS से लैब-मेडिकल स्टोर संचालकों को फायदा पहुंचाने की कोशिश, डॉक्टरों पर गिरी गाज

ऑडिट जांच में सामने आया कि कई मामलों में मरीजों को बिना आवश्यकता जांचें लिखी गईं और दवाइयों की आपूर्ति दिखाकर सरकार को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया.

RGHS से लैब-मेडिकल स्टोर संचालकों को फायदा पहुंचाने की कोशिश, डॉक्टरों पर गिरी गाज

Sikar News: राजस्थान सरकार की आरजीएचएस योजना में गड़बड़ियों के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सीकर के राजकीय एसके अस्पताल के अधीक्षक सहित सात डॉक्टरों को भी निलंबित कर दिया गया है. यह कार्रवाई ऑडिट में सामने आई अनियमितताओं के आधार पर की गई है. मामले में निजी लैब संचालकों और मेडिकल स्टोर संचालकों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. 

राज्य सरकार की राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (आरजीएचएस) में अनियमितताओं के खुलासे के बाद चिकित्सा विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं. सीकर के एसके अस्पताल सीकर के अधीक्षक डॉ. कमल कुमार अग्रवाल सहित सात डॉक्टरों को निलंबित कर दिया गया है.

निलंबित किए गए डॉक्टरों में मेडिकल कॉलेज के अस्थि रोग विभाग के सह आचार्य डॉ. के.के. अग्रवाल और डॉ. सुनील कुमार ढाका, जनरल विभाग के सह आचार्य डॉ. मुकेश वर्मा, खीरवा सीएचसी के डॉ. राकेश कुमार, एसके अस्पताल के डॉ. गजराज सिंह, डॉ. एस.एस. राठौड़ और डॉ. सुनील शर्मा शामिल हैं. ऑडिट जांच में सामने आया कि कई मामलों में मरीजों को बिना आवश्यकता जांचें लिखी गईं और दवाइयों की आपूर्ति दिखाकर सरकार को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया.

मेडिकल स्टोर संचालक भी संदेह के घेरे में

इस पूरे मामले में सीकर के कुछ निजी लैब संचालक और मेडिकल स्टोर संचालक भी संदेह के घेरे में हैं. विभाग ने इनके खिलाफ भी जांच शुरू कर दी है. अब तक योजना में गड़बड़ी के मामलों में अस्पतालों और फार्मेसियों के खिलाफ 19 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं. अनुचित लाभ लेने के आरोप में 7 डॉक्टरों सहित 64 कार्मिकों को निलंबित किया गया है. लगभग 500 आरजीएचएस कार्ड ब्लॉक किए गए हैं और दुरुपयोग करने वाले लाभार्थियों से करीब 2 करोड़ रुपये की वसूली की गई है.

39 अस्पतालों का भुगतान भी ब्लॉक

सरकार ने 33 अस्पतालों का टीएमएस और 39 अस्पतालों का भुगतान भी ब्लॉक कर दिया है. इसके अलावा 8 अस्पतालों को डी-एम्पेनल कर उनसे 32 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वसूल की गई है. चिकित्सा विभाग का कहना है कि योजना में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जांच जारी रहेगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें- 'आदिवासी हॉस्टल्स के पैसे से हिंदू विराट सम्मेलन करवाया जा रहा' सांसद रोत ने लगाए TAD विभाग पर आरोप

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close