Rajasthan: साल 2025 में रंगदारी कॉल और कारोबारी रमेश रुलानियां की हत्या से दहला कुचामन शहर नए साल 2026 की शुरुआत में एक बार फिर दहशत के माहौल में है. विदेशी नंबरों से धमकी भरे वॉइस कॉल और वॉइस मैसेज का सिलसिला दोबारा शुरू हो गया है. बीते एक सप्ताह में शहर के तीन लोगों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए रंगदारी की धमकियां मिली हैं. ताजा मामला शनिवार को सामने आया, जब डीडवाना-कुचामन जिले के एक वरिष्ठ और चर्चित भाजपा नेता विजय सिंह पलाड़ा को भी विदेशी नंबर से धमकी मिलने की जानकारी सामने आई.
सूत्रों के अनुसार, इन मामलों में धमकी देने वाले ने खुद को रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण गैंग से जुड़ा बताते हुए “सहयोग” के नाम पर रंगदारी की मांग की है. वॉइस कॉल और वॉइस मैसेज विदेशी नंबरों से किए गए, जिससे पुलिस साइबर ट्रैकिंग के जरिए स्रोत तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. भाजपा नेता विजय सिंह पलाड़ा ने मामले की जानकारी पुलिस को दे दी है और जल्द ही औपचारिक रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही है.
2025 में भी कारोबारियों को विदेशी नंबरों कॉल आए
गौरतलब है कि साल 2025 में भी कुचामन के कारोबारियों को विदेशी नंबरों से रंगदारी वॉइस कॉल और वॉइस मैसेज आए थे. उस समय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया था. लेकिन इसी घटनाक्रम के बीच उन्हीं कारोबारियों में से एक, रमेश रुलानियां की 7 अक्टूबर 2025 को जिम में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस हत्याकांड ने पूरे शहर को झकझोर दिया था. पुलिस ने बाद में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया और साजिश की परतें खोलीं.
कुचामन ही बार-बार गैंगस्टरों के निशाने पर क्यों आ रहा है?
अब 2026 की शुरुआत में फिर उसी तरह की धमकियों का सामने आना शहरवासियों के लिए चिंता का विषय बन गया है. स्थानीय लोगों का सवाल है कि आखिर कुचामन ही बार-बार गैंगस्टरों के निशाने पर क्यों आ रहा है. पहले रंगदारी कॉल,मेसेज , फिर हत्या और अब फिर से धमकियों का दौर, इन घटनाओं ने व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों में असुरक्षा की भावना बढ़ा दी है.
मैसेज की तकनीकी जांच की जा रही है
दूसरी ओर, पुलिस सूत्रों के अनुसार, सभी शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है और साइबर सेल विदेशी नंबरों की ट्रैकिंग में जुटी है. कॉल रिकॉर्ड, सोशल मीडिया अकाउंट और वॉइस मैसेज की तकनीकी जांच की जा रही है. इधर, क्षेत्र में घटना की जानकारी फैलते ही दहशत का माहौल बन गया है. व्यापारिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस व सरकार से मांग की है कि गैंगस्टर नेटवर्क पर सख्त और निर्णायक कार्रवाई की जाए, ताकि पिछले साल जैसी स्थिति दोबारा न बने. फिलहाल इस मामले में पुलिस का आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन शहर में एक बार फिर सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है.