बाड़मेर के शिव थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात सड़क हादसा हो गया. एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें बाइक सवार सरपंच और उसके चचेरे भाई की मौके पर मौत हो गई. एक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसको स्थानीय लोगों ने शिव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया. प्राथमिक उपचार के बाद बाड़मेर रेफर कर दिया, उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है.
ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात नेशनल हाईवे-68 पर गंगा पेट्रोल पंप के पास जीरे से भरे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतना जबरदस्त था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए. बाइक सवार कानासर सरपंच लक्ष्मण पुत्र चेनाराम और उसका चचेरा भाई लक्ष्मण पुत्र पोकरराम निवासी कानासर की मौके भारी दर्दनाक मौत हो गई. उनका रिश्तेदार उम्मेंदाराम पुत्र गोरखाराम निवासी शिव गंभीर रूप से घायल हो गया.
पुलिस ने वाहनों को जब्त कर लिया
हादसे की सूचना मिलने पर शिव थाना पुलिस मौके पर पहुंची, और मृतकों के शव को कब्जे में लेकर शिव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया. पुलिस ने दोनों ही वाहनों को जब्त कर हादसे की जांच शुरू कर दी है. परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया.