विज्ञापन

खाटू श्याम से लौट रहे श्रद्धालुओं पर टूटा कहर, रींगस में एक रात में तीन दर्दनाक हादसे, दो की मौत

सीकर के रींगस क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-52 पर अलग-अलग हादसों में महिला सहित दो की मौत हो गई. वहीं 9 भक्तों के घायल होने की खबर है.

खाटू श्याम से लौट रहे श्रद्धालुओं पर टूटा कहर, रींगस में एक रात में तीन दर्दनाक हादसे, दो की मौत
रींगस क्षेत्र में सड़क हादसा (Photo- NDTV)

सीकर जिले के रींगस क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-52 पर गुरुवार की रात हादसों के नाम रही. अलग-अलग घटनाओं में महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई. वहीं 13 लोग घायल हो गए. पहली घटना सिंगोद मोड़ के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे के रूप में देखने को मिली. इस हादसे में खाटू श्याम जी के दर्शन कर वापस लौट रही कार में सवार एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि दो युवतियां घायल हो गईं. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

जानकारी के अनुसार, लखनऊ निवासी श्रद्धालु परिवार निर्जला एकादशी के अवसर पर खाटू श्याम जी के दर्शन कर वापस जयपुर की ओर लौट रहा था. इसी दौरान रींगस से जयपुर की तरफ जा रही उनकी अर्टिगा कार को पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. इस हादसे में कार सवार मंजू तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं कार में सवार दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से राजकीय उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात फिर से चालू कराया.

नौ लोग घायल, एक की मौत

दूसरा हादसा भी सीकर जिले के रींगस का है, यहां श्याम भक्तों से भरे एक टेंपो को दूध के कंटेनर ने टक्कर मार दी, जिससे टेंपो में सवार 9 श्रद्धालु घायल हो गए. जिनमें से 6 की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर किया गया. हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 52 पर सीएनजी पेट्रोल पंप के सामने हुआ.

क्रेन चालक ने दिखाई मानवता

जानकारी के अनुसार टेंपो में सवार सभी श्रद्धालु उत्तर प्रदेश निवासी बताए जा रहे हैं, जो खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए जा रहे थे. दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद रिकवरी क्रेन चालक सोहनलाल यादव ने मानवता का परिचय देते हुए सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में मदद की. एक अन्य घटना ठिकरिया के पास की है, जहां अज्ञात वाहन ने एक श्रद्धालु को टक्कर मार दी जिसकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें- इमरजेंसी के दौरान ब्लेड से काटा गया था मदन राठौड़ के हाथ पर गुदा हुआ नाम, साधारण सुई-धागे से लगे थे 13 टांके

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close