विज्ञापन
This Article is From May 27, 2024

शेखावाटी यूनिवर्सिटी में छात्र-छात्राओं ने किया प्रदर्शन, फीस को लेकर दी चेतावनी

शेखावाटी यूनिवर्सिटी में छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन किया है. छात्रों ने स्नातक की सेमेस्टर फीस को लेकर कुलपति को चेतावनी दी है.

शेखावाटी यूनिवर्सिटी में छात्र-छात्राओं ने किया प्रदर्शन, फीस को लेकर दी चेतावनी

Rajasthan News: राजस्थान के सीकर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी यूनिवर्सिटी में सोमवार (27 मई) को छात्र संगठन एसएफआई के कार्यकर्ताओं ने स्नातक सेमेस्टर की फीस कम करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के बाद प्रदर्शनकारी छात्र विश्वविद्यालय के कुलपति को ज्ञापन देने पहुंचे. लेकिन कुलपति के विश्वविद्यालय में नहीं मिलने पर प्रदर्शनकारी कुलपति के आवास पहुंचे जहां उन्होंने कुलपति के आवास पर अपनी मांगों का ज्ञापन चस्पा किया. 

प्रदर्शन करने पहुंचे छात्र संगठन एसएफआइ के कार्यकर्ताओं का कहना है कि शेखावाटी विश्वविद्यालय के सेमेस्टर की फीस अन्य विश्वविद्यालय की तुलना में काफी अधिक है. इसको लेकर पहले भी कई बार छात्र संगठनों की ओर से प्रदर्शन किया गया. लेकिन विश्वविद्यालय की ओर से फीस में कमी नहीं की गई. छात्रों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्दी सेमेस्टर की फीस कम नहीं की गई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा.

शेखावटी यूनिवर्सिटी में दोगुनी फीस

राजकीय कला महाविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष राजू बिजारणियां ने बताया कि शेखावाटी यूनिवर्सिटी में नई शिक्षा नीति के तहत सेमेस्टर प्रक्रिया लागू की गई है. अब सेमेस्टर प्रक्रिया के तहत छात्र-छात्राएं परीक्षा दे रहे हैं. स्नातक के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों का यह दूसरा सेमेस्टर है. जिसमें विद्यार्थियों से भारी फीस वसूली की जा रही है. बिजारणियां ने कहा कि महाराजा गंगा सिंह यूनिवर्सिटी में फर्स्ट ईयर के नियमित विद्यार्थियों की फीस 600 रुपए है. जबकि शेखावाटी यूनिवर्सिटी में रेगुलर स्टूडेंट से 1300 रुपए फीस ली जा रही है. वहीं प्राइवेट विद्यार्थियों से 2100 रुपए फीस वसूली की रही है. उन्होंने कहा कि फीस बढ़ोतरी का छात्र संगठन एसएफआई विरोध करता है. शेखावाटी यूनिवर्सिटी में आम किसान और मजदूर परिवारों के विद्यार्थी पढ़ाई करते हैं जिन पर अधिक फीस का भार पड़ रहा रहा है. शेखावाटी यूनिवर्सिटी प्रशासन एक तरीके से फीस बढ़ोतरी के माध्यम से विद्यार्थियों को परीक्षा शुल्क के नाम पर लूटने का काम कर रहा है. इसलिए सेमेस्टर प्रणाली को खत्म कर फीस वृद्धि का आदेश वापस लिया जाए.

एसएफआई के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश डूडी ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर आगामी दिनों में फीस कम नहीं हुई तो एसएफआई बड़े स्तर पर उग्र आंदोलन करेगी. जिला सचिव महिपाल सिंह गुर्जर ने कहा कि शेखावाटी के सभी कॉलेज में कल फीस वृद्धि के खिलाफ ज्ञापन दिया जाएगा और जब तक यूनिवर्सिटी मांगे नहीं मानेगी तब तक आंदोलन जारी रहेगा. शेखावाटी विश्वविद्यालय पर प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र संगठन एसएफआई के कार्यकर्ता और विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.

यह भी पढ़ेंः अशोक गहलोत ने कांग्रेस के इन नेताओं को बताया गद्दार, कहा- 'पीठ में छुरा घोपनें वाले हैं'

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com