Jaipur News: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (Bhajanlal Sharma) का रविवार को एक बेहद सादगी भरा अंदाज देखने को मिला. सीएम ने सांगानेर के वाटिका स्थित सामुदायिक भवन में स्थानीय नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम का 131वां संस्करण सुना. प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद मुख्यमंत्री जब वाटिका से जयपुर लौट रहे थे, तो उन्होंने सड़क मार्ग पर अपना काफिला रुकवाकर आम जनता के बीच समय बिताया.
थड़ी पर 'चाय पे चर्चा'
वाटिका से आते वक्त मुख्यमंत्री अचानक सड़क किनारे एक चाय की दुकान पर रुके और वहां कुल्हड़ में चाय पी. मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा गया. इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद महिलाओं, बच्चों और छात्राओं से बहुत ही आत्मीयता से मुलाकात की. मुख्यमंत्री ने बच्चों को दुलारा और छात्राओं से उनकी शिक्षा और भविष्य के लक्ष्यों को लेकर संवाद किया.
दिग्गजों ने दी प्रतिक्रिया
प्रधानमंत्री मोदी के 131वें एपिसोड के अवसर पर देशभर में सामूहिक श्रवण सत्र आयोजित किए गए. राजस्थान के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने इस कार्यक्रम में शिरकत की. गुजरात में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं के साथ संबोधन सुना, तो वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भोपाल में आम नागरिकों के साथ इस सत्र में शामिल हुए. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में अपने आवास पर कार्यक्रम सुनने के बाद कांग्रेस पर तीखा हमला बोला, जबकि इसी क्रम में केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल, सुकांता मजूमदार और सांसद रविशंकर प्रसाद ने भी 'वोकल फॉर लोकल' और 'आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI)' पर दिए गए प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन की सराहना की.
विपक्ष के विरोध पर प्रहार
कार्यक्रम के बाद भाजपा नेताओं ने दिल्ली में 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट' के दौरान यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को आड़े हाथों लिया. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे कांग्रेस की 'बौखलाहट' करार दिया, वहीं रविशंकर प्रसाद और आदित्य साहू ने कहा कि जब दुनिया भारत की तकनीकी शक्ति देख रही है, तब कांग्रेस देश की छवि खराब करने का प्रयास कर रही है. नेताओं ने इसे कांग्रेस का 'देश विरोधी चरित्र' बताया.
ये भी पढ़ें:- 5 दिन से लापता NEET छात्र का सुराग नहीं, नहर किनारे मिला सामान; घर में होनी थी शादी, अब पसरा सन्नाटा