विज्ञापन

भिवाड़ी पटाखा फैक्ट्री अग्निकांड पर बड़ा एक्शन, DST भंग 4 पुलिसकर्मी पर गिरी गाज

भिवाड़ी के खुशखेड़ा–कारौली औद्योगिक क्षेत्र में अवैध पटाखा फैक्ट्री विस्फोट ने प्रशासनिक सतर्कता और स्थानीय पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर गहरे सवाल खड़े किए हैं.

भिवाड़ी पटाखा फैक्ट्री अग्निकांड पर बड़ा एक्शन, DST भंग 4 पुलिसकर्मी पर गिरी गाज
भिवाड़ी पटाखा फैक्ट्री अग्निकांड पर बड़ा एक्शन

Bhiwadi Factory Fire News: भिवाड़ी में पटाखा फैक्ट्री के भीषण विस्फोट ने अब पुलिस महकमे की आंतरिक व्यवस्था को भी सवालों के कटघरे में खड़ा कर दिया है. जयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) राघवेंद्र सुहास ने भिवाड़ी की डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है. साथ ही टीम प्रभारी मुकेश वर्मा समेत 4 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है. जानकारी के अनुसार, पटाखा फैक्ट्री संचालक के परिजन और टीम प्रभारी के बीच आवासीय निकटता की जानकारी सामने आने के बाद यह कठोर कदम उठाया गया. 

मुकेश शर्मा से वापस लिया थानाधिकारी का प्रभार

DST प्रभारी मुकेश वर्मा को न केवल लाइन हाजिर किया गया है, बल्कि उनसे टपूकड़ा थानाधिकारी का प्रभार भी वापस ले लिया गया है. जिन अन्य पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है, उनमें हेड कॉन्स्टेबल योगेश कुमार शर्मा, कॉन्स्टेबल दिनेश कुमार और कॉन्स्टेबल जगपाल शामिल हैं. एक ही टीम के चार सदस्यों पर एक साथ की गई कार्रवाई विभाग में एक बड़ा संदेश मानी जा रही है. पटाखा फैक्ट्री संचालक के परिजन और टीम प्रभारी के बीच आवासीय निकटता की जानकारी सामने आने के बाद विभाग ने माना कि मामले की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच तभी संभव होगी, जब जांच से जुड़े सभी संदेहों को पहले ही दूर कर दिया जाए.

भिवाड़ी अग्निकांड पुलिस और खुफिया तंत्र की बड़ी चूक

इसी आधार पर IG ने DST को भंग करने का निर्णय लेते हुए तत्काल प्रभाव से कार्रवाई लागू कराई. बता दें कि भिवाड़ी के खुशखेड़ा–कारौली औद्योगिक क्षेत्र में हुए इस अवैध पटाखा फैक्ट्री विस्फोट ने प्रशासनिक सतर्कता और स्थानीय पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर गहरे सवाल खड़े किए हैं. जिस इलाके में विस्फोट हुआ, वहां से लगातार औद्योगिक गतिविधियों और संवेदनशील सामग्री के भंडारण को लेकर शिकायतें मिलती रही हैं. इसके बावजूद यदि अवैध पटाखा निर्माण का काम चल रहा था, तो यह स्थानीय पुलिस और खुफिया तंत्र की बड़ी चूक मानी जा रही है.

ASP बोले- निष्पक्ष तरीके से होगी जांच

इसी पृष्ठभूमि में DST टीम पर उठे सवालों के बाद विभाग ने यह कड़ा कदम उठाया. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) अतुल साहू ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से की जाएगी और किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जिम्मेदारी तय की जाए और जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. 

यह भी पढ़ें-

SMS अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर के वेटिंग एरिया में भरा पानी, राजस्थान विधानसभा में गूंजा मुद्दा

SOG Action: 2.5 लाख लेकर MBBS छात्र ने दी दूसरे की परीक्षा, SOG ने डमी कैंडिडेट को कोलकाता से किया गिरफ्तार

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close