विज्ञापन

दौसा: विधायक-पटवारी विवाद पर बोले किरोड़ी लाल, कहा- 'यहां विधायक बोल रहा मेरे लोगों ने कर रखा जमीनों पर कब्जा'

राजस्थान के दौसा में 19 करोड़ की लागत से बने आधुनिक टाउन हॉल के उद्घाटन पर राजनीति गरमा गई. कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने अनुपस्थित सांसद विधायक पर तंज कसा जबकि अवैध कब्जों और अफसरों को धमकाने के मुद्दे पर सरकार का सख्त रुख सामने आया है.

दौसा: विधायक-पटवारी विवाद पर बोले किरोड़ी लाल, कहा- 'यहां विधायक बोल रहा मेरे लोगों ने कर रखा जमीनों पर कब्जा'
कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा.

Rajasthan News: राजस्थान के दौसा जिले को एक बड़ी सौगात मिली. कृषि मंत्री डॉ किरोड़ी लाल मीणा और नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने करीब 19 करोड़ रुपये की लागत से बने आधुनिक टाउन हॉल का विधिवत उद्घाटन किया. कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे. यह टाउन हॉल सामाजिक सांस्कृतिक और सार्वजनिक आयोजनों के लिए उपयोगी साबित होगा.

अनुपस्थित सांसद विधायक पर तीखा तंज

उद्घाटन समारोह में दौसा सांसद मुरारी लाल मीणा और दौसा विधायक डीसी बैरवा के नहीं पहुंचने पर कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने खुलकर नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का निमंत्रण दिया गया था और पट्टिका में नाम भी दर्ज था. इसके बावजूद न आना न केवल ऑडियंस बल्कि सरकारी कार्यक्रम का भी अपमान है. उन्होंने यह भी कहा कि उस दिन विधानसभा सत्र नहीं चल रहा था इसलिए उपस्थिति जरूरी थी.

अरावली आंदोलन और कांग्रेस पर आरोप

कृषि मंत्री ने अरावली आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि यह आंदोलन उन्होंने स्वयं चलाया था. उन्होंने कांग्रेस पर प्रदेश भर में पहाड़ों को खोखला करने का आरोप लगाया. मंत्री ने कहा कि कालवन हो या सीकरी हर जगह कांग्रेस शासन में नुकसान हुआ. उन्होंने चुनौती दी कि भाजपा का कोई भी नेता बता दिया जाए जिसने जमीन पर कब्जा किया हो.

अतिक्रमण हटाने में हस्तक्षेप का आरोप

किरोड़ी लाल मीणा ने विधायक डीसी बैरवा पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि जब प्रशासन सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने गया तो विधायक द्वारा हस्तक्षेप किया गया. मंत्री के अनुसार पटवारी को फोन पर धमकाया गया जो अब नहीं चलेगा. उन्होंने साफ कहा कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.

राजनीति नहीं धंधा करने का आरोप

मंत्री ने कड़े शब्दों में कहा कि डीसी बैरवा राजनीति करने नहीं बल्कि धंधा करने आए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक के परिजनों द्वारा सरकारी भूमि पर कब्जा किया गया है जिस पर भी प्रिवेंशन एक्शन लिया जाएगा. सरकार किसी दबाव में नहीं आएगी.

विकास और सौहार्द की अपील

यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि चुनाव समाप्त हो चुके हैं और अब सभी जनप्रतिनिधियों को मिलकर दौसा के विकास के लिए काम करना चाहिए. उन्होंने सामाजिक वैमनस्य फैलाने वाली बयानबाजी से बचने की सलाह दी.

दौसा को मिली तीन बड़ी सौगातें

मंत्री खर्रा ने बताया कि नगर विकास न्यास दौसा बांदीकुई द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय आवास योजना के तहत नई आवासीय योजना बनाई गई है. इसमें आवासीय और व्यावसायिक भूखंड खेल स्टेडियम के लिए भूमि आरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के लिए ग्रीन बेल्ट शामिल है.

महिला सशक्तिकरण और शहरी समस्याओं पर फोकस

उन्होंने बताया कि दौसा केंद्रीय सहकारी बैंक ने 131 स्वयं सहायता समूहों को ऋण दिया है जिससे महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होंगी. सफाई और सीवरेज समस्या पर उन्होंने कहा कि अनियोजित विकास के कारण ये दिक्कतें बढ़ीं. भजनलाल सरकार एडीबी के सहयोग से चरणबद्ध समाधान की दिशा में काम कर रही है. सरकार ने साफ संदेश दिया है कि विकास में बाधा अफसरों को धमकी और सरकारी काम में हस्तक्षेप किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

यह भी पढ़ें- Rajasthan: खेजड़ी के लिए जालोर के इस परिवार ने पेश की मिसाल, 17 साल तक 300 बीघा जमीन पर फसल छोड़ उगाया जंगल

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close