विज्ञापन

राजस्थान पुलिस की लापरवाही पर भड़के विश्वेंद्र सिंह, सुबह 3:30 बजे खुद रोकीं 'अवैध' खनन की ट्रॉलियां

पूर्व कैबिनेट मंत्री विश्वेंद्र सिंह एक बार फिर अपने पुराने और बेबाक अंदाज में नजर आए हैं. इस बार मामला किसी सियासी मंच का नहीं, बल्कि आधी रात को सड़क पर माफियाओं से सीधा मोर्चा लेने का है.

राजस्थान पुलिस की लापरवाही पर भड़के विश्वेंद्र सिंह, सुबह 3:30 बजे खुद रोकीं 'अवैध' खनन की ट्रॉलियां
NDTV Reporter

Rajasthan News: भरतपुर के पूर्व कैबिनेट मंत्री और दिग्गज नेता विश्वेंद्र सिंह (Vishvendra Singh) एक बार फिर अपने पुराने 'अंदाजी तेवर' में नजर आए हैं. मामला अवैध खनन से जुड़ा है, जहां मंत्री जी ने पुलिस के भरोसे बैठने के बजाय खुद मोर्चा संभाला है.

क्या है पूरा मामला?

विश्वेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पर खुलासा किया है कि गुरुवार सुबह करीब 3:30 बजे जब वे मोती महल में पूजा-अर्चना कर वापस लौट रहे थे, तो सर्किट हाउस चौराहे के पास उन्हें अवैध खनन से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां दिखीं. पूर्व मंत्री का आरोप है कि उन्होंने तुरंत सीओ सिटी (CO City) को सूचना दी, लेकिन 20 मिनट तक मथुरा गेट थाने से कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा. 

हद तो तब हो गई जब पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर पर दो बार फोन करने के बाद भी किसी ने फोन नहीं उठाया. उन्होंने सीधा हमला बोलते हुए कहा कि पुलिस की इसी लापरवाही की वजह से शहर में माफियाओं के हौसले बुलंद हैं.

सुबह 8 बजे फिर हुआ सामना

मंत्री जी यहीं नहीं रुके. सुबह 8 बजे जब वे सेवर थाना क्षेत्र से गुजर रहे थे, तो उन्होंने फिर से अवैध खनन के ट्रैक्टरों को रंगे हाथ पकड़ा. उन्होंने खुद अपने PSO को थाने भेजा, तब जाकर पुलिस जागी और बिना कागजात (रावन्ना) के चल रहे इन वाहनों को जब्त किया गया.

मेवात में बढ़ते अपराध पर चिंता

विश्वेंद्र सिंह ने डीग और मेवात क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि पुलिस अपराधियों पर अंकुश लगाने के बजाय आम और निर्दोष लोगों को परेशान कर रही है.

'जांच के बाद साफ होगा वैध हैं या अवैध'

सेवर थाना प्रभारी सतीश चंद शर्मा ने NDTV राजस्थान से बातचीत में बताया कि पूर्व मंत्री की सूचना पर ट्रैक्टर-टॉली को जब्त कर लिया गया है. फिलहाल उनसे कागज चेक किए जा रहे हैं. जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि ये वैध हैं या अवैध.

ये भी पढ़ें:- बजट में कामकाजी महिलाओं को सौगात, दफ्तरों में बच्चों की देखभाल के लिए खुलेंगे 'मुख्यमंत्री शिशु-वात्सल्य सदन'

LIVE TV देखें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close