विज्ञापन

उदयपुर में परीक्षा केंद्र के बाहर स्टूडेंट्स के जूते उतरवाए, बोर्ड सचिव ने बताया- क्या है नियम

बोर्ड सचिव गजेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि अगर परीक्षा की सुचिता बनाए रखने के लिए जांच की जा रही है तो यह सकारात्मक है, लेकिन प्रक्रिया बोर्ड दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही होनी चाहिए.

उदयपुर में परीक्षा केंद्र के बाहर स्टूडेंट्स के जूते उतरवाए, बोर्ड सचिव ने बताया- क्या है नियम
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड सचिव गजेंद्र सिंह राठौड़

राजस्थान में 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षा आज (12 फरवरी) से शुरू हो गई है. माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने अजमेर स्थित बोर्ड ऑफिस में कमांड कंट्रोल रूम बनाया है. यहां से सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी नजर रखी जा रही है. परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरा की अलग-अलग स्टाफ द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है. इस बीच, उदयपुर के एक परीक्षा केंद्र से विद्यार्थियों के जूते उतरवाने की शिकायत सामने आई है. बोर्ड की गाइडलाइन के विपरीत विद्यार्थियों को केंद्र के बाहर ही जूते उतारने के लिए कहा गया. 

बोर्ड सचिव बोले- दिशा-निर्देशों की हो पालना

इस मामले पर बोर्ड सचिव गजेंद्र सिंह राठौड़ ने जवाब दिया. उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र स्टाफ नकल सामग्री की जांच के उद्देश्य से सख्ती बरत रहा होगा. अगर परीक्षा की सुचिता बनाए रखने के लिए जांच की जा रही है तो यह सकारात्मक है, लेकिन प्रक्रिया बोर्ड दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही होनी चाहिए. बोर्ड प्रशासन ने सभी केंद्रों को संवेदनशीलता और नियमों के संतुलन के साथ परीक्षा संचालन के निर्देश दिए हैं.

कंट्रोल रूम से त्वरित समाधान

राठौड़ ने बताया कि परीक्षा की शुरुआत बहुत अच्छी रही है और अधिकांश केंद्रों से व्यवस्था को लेकर संतोषजनक रिपोर्ट प्राप्त हुई है. केंद्रों से प्राप्त छोटी-मोटी समस्याओं का भी त्वरित समाधान हुआ है.  उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम में बैठे अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं. 

यह भी पढ़ेंः बजट में कामकाजी महिलाओं को सौगात, दफ्तरों में बच्चों की देखभाल के लिए खुलेंगे 'मुख्यमंत्री शिशु-वात्सल्य सदन'

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close