विज्ञापन

Iran - Israel war: ईरान-इजरायल युद्ध में राजस्थान के दलीप की मौत, ओमान में तेल टैंकर 'स्काईलाइट' पर हुए मिसाइल अटैक में गंवाई जान

Rajasthan News: 1 मार्च को फारस की खाड़ी मार्ग पर चलने वाले एमवी स्काईलाइट जहाज (एक ऑयल टैंकर) पर ईरान के जरिए किए गए हमले में राजस्थान के एक युवक की जान चली गई.

Iran - Israel war: ईरान-इजरायल युद्ध में राजस्थान के दलीप की मौत, ओमान में तेल टैंकर 'स्काईलाइट' पर हुए मिसाइल अटैक में गंवाई जान
मृत्तक दलीप
NDTV

Iran - Israel war Impact: पश्चिम एशिया में चल रहे ईरान-इजरायल संघर्ष (Iran - Israel war) में राजस्थान(Rajasthan) के एक युवक की मौत हो गई. नागौर जिले के 24 वर्षीय दलीप सिंह की ओमान(Oman) के खासाब बंदरगाह के पास 1 मार्च को फारस की खाड़ी मार्ग (Persian Gulf Route) पर चलने वाले एमवी स्काईलाइट जहाज (Skylight Ship) (एक ऑयल टैंकर) पर ईरान के जरिए किए गए हमले में जान चली गई. जिसकी पुष्टि बुधवार को शिपिंग कंपनी ने की. जिससे खींवताना गांव में शोक की लहर फैल गई.

इसी साल जनवरी मर्चेंट नेवी में हुए थे शामिल

दलीप सिंह इसी साल 22 जनवरी को मर्चेंट नेवी में शामिल हुए थे और पलाऊ झंडे वाले तेल और रसायन जहाज पर क्रू मेंबर के रूप में काम करता था. परिवार के अनुसार, 28 फरवरी को उन्होंने दलीप से आखिरी बार बात की थी और तब सब कुछ सामान्य था, लेकिन 1 मार्च की सुबह हुए हमले ने सब कुछ बदल दिया.

 परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए की थी नौकरी

परिवार के एक सदस्य ने बताया कि दलीप ने यह नौकरी परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए की थी. उसने हमला होने से थोड़ी देर पहले ही शिफ्ट बदलकर दूसरे क्रू मेंबर की जगह ली थी. बता दे कि यह घटना 1 मार्च को उस समय घचित हुई जब एमवी स्काईलाइट जहाज ओमान के तट के पास होर्मुज जलडमरूमध्य में लंगर डाले खड़ा था.

परिवार के इकलौते कमाने वाले थे दलीप

बता दें कि दलीप अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे और उन्होंने हाल ही में समुद्री करियर शुरू किया था. इस शोक की घड़ी में ग्रामीणों और परिवार ने केंद्र सरकार से अपील की है कि वे परिवार को मदद दें और संघर्ष-ग्रस्त समुद्री क्षेत्रों में काम करने वाले भारतीय नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करें.

एमवी स्काईलाइट जहाज

एमवी स्काईलाइट जहाज
Photo Credit: NDTV

 मिसाइल अटैक या  विस्फोटक  से आग, जांच जारी

वही ओमान के समुद्री सुरक्षा केंद्र के अनुसार, जहाज पर या तो ईरान से दागी गई मिसाइल  की वजह से आग लगी या विस्फोटक से भरी ड्रोन नाव ने टक्कर मारी.जिसकी जांच अभी जारी है. ओमान के समुद्री सुरक्षा केंद्र ने आगे बताया कि प्रोजेक्टाइल (यह वह वस्तु है जिसे हवा में किसी बल (Force) के साथ फेंका, छोड़ा या दागा जाता है), जहाज के आगे वाले हिस्से (बो) से टकराने के साथ ही उसमें बड़ा धमाका हुआ और उसमें आग लग गई. जिससे जहाज को गंभीर नुकसान हुआ. दलीप उसी जगह ड्यूटी पर थे. 

पहले दलीप को बताया था लापता , बाद में मौत की पुष्टि

वही उसी जहाज के कैप्टन आशीष  जो बिहार के रहने वाले थे उनका शव घटना के बाद बरामद कर लिया गया. वही दलीप सिंह के शव की शुरू में तलाश की गई, लेकिन बाद में उनकी भी मौत की पुष्टि हो गई.

जहाज पर 15 भारतीय थे सवार

शिपिंग कंपनी के अनुसार,  हमला होने के समय जहाज पर 15 भारतीय और 5 ईरानी क्रू मेंबर मौजूद थे. हमले के बाद चलाए गए आपातकालीन अभियान में ज्यादातर लोगों को बचा लिया गया, लेकिन तीन को शुरू में लापता बताया गया था. जिनमें से  अब दो क्रू मेंबर की मौत की पुष्टि हो चुकी है.

होर्मुज जलडमरूमध्य के पास हुआ हमला

हमला होर्मुज जलडमरूमध्य के पास हुआ, जो दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्गों में से एक है, और यहां से लगभग 20 प्रतिशत वैश्विक तेल आपूर्ति गुजरती है.ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण यह क्षेत्र और अस्थिर हो गया है. सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह हमला गल्फ क्षेत्र में व्यापक तनाव से जुड़ा हो सकता है.

यह भी पढ़ें; ओमान पोर्ट पर क्रूड ऑयल टैंकर पर हुआ था मिसाइल अटैक, नागौर के कर्मचारी से टूटा संपर्क

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close