विज्ञापन
This Article is From Nov 29, 2023

धौलपुर में थम नहीं रहे चुनावी रंजिश के मामले, अब स्कॉर्पियो सवार लोगों पर हुआ हमला, भागकर बचाई जान

मामला बाड़ी सदर थाना क्षेत्र के बसेड़ी सड़क मार्ग पर देखने को मिला है. शादी का सामान खरीदने जा रहे स्कॉर्पियो सवार तीन लोगों पर आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने हथियारों से लैस होकर हमला कर दिया.

धौलपुर में थम नहीं रहे चुनावी रंजिश के मामले, अब स्कॉर्पियो सवार लोगों पर हुआ हमला, भागकर बचाई जान
हमले के बाद क्षतिग्रस्त स्कार्पियो.

Dholpur News: राजस्थान विधानसभा चुनाव समाप्त हो गया है लेकिन कुछ लोगों में चुनावी रंजिश अभी भी बनी हुई है. सबसे अधिक चुनावी झगड़े धौलपुर के बाड़ी विधानसभा क्षेत्र में देखे जा रहे हैं. ताजा मामला बाड़ी सदर थाना क्षेत्र के बसेड़ी सड़क मार्ग पर देखने को मिला है. शादी का सामान खरीदने जा रहे स्कॉर्पियो सवार तीन लोगों पर आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने हथियारों से लैस होकर हमला कर दिया. संयोग अच्छा रहा इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ. 

घात लगाए बैठे थे बदमाश

बदमाशों के हमले में गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. गाड़ी में सवार लोगों ने भाग कर जान बचाया. पीड़ित सोनू पुत्र राजेंद्र सिंह ने बताया बुधवार को वह अपने परिजनों समेत स्कॉर्पियो में सवार होकर बाड़ी शहर में शादी का सामान खरीदने जा रहे थे. बसेड़ी सड़क मार्ग पर आधा दर्जन से अधिक बदमाश पहले से ही हथियारों से लैस होकर घात लगाए बैठे थे. सुनियोजित तरीके से आरोपियों ने लामबंद होकर फायरिंग के साथ गाड़ी पर पथराव कर दिया. 

पीड़ित का कहना है कि आरोपियों द्वारा किए गए हमले से भाग कर एवं छिपकर जान बचाई. हमलावर जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए. पीड़ित ने नामजद आरोपियों के खिलाफ सदर पुलिस थाने में रिपोर्ट दी.

मुकदमा दर्ज कर लिया है. चुनावी रंजिश का मामला है, या कोई अन्य प्रकरण है, इसकी जांच की जा रही है.

देवेंद्र प्रताप सिंह

एडिशनल एसपी

बाड़ी विधानसभा में नहीं थम रहा विवाद

विधानसभा चुनाव समाप्त होने के बावजूद भी बाड़ी विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक वजूद एवं वर्चस्व की लड़ाई देखी जा रही है. भाजपा प्रत्याशी गिर्राज सिंह मलिंगा और बहुजन समाज पार्टी प्रत्याशी जसवंत सिंह गुर्जर के समर्थकों के मध्य 25 नवंबर से ही झगड़े के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. विधानसभा चुनाव के दिन 25 नवंबर को भी खुले का पुरा गांव में दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों में झगड़ा हुआ था. मतदान केंद्र के बाहर जमकर तोड़फोड़ की गई थी एवं प्रशासन के कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई थी. इसके बाद झगड़े दूसरा मामला अब्दुलपुर गांव में देखा गया.

तीसरी वारदात पंजीपुरा गांव में देखी गई. दोनों प्रत्याशियों के समर्थक लाठी डंडों से लैस होकर आमने-सामने हो गए और जमकर हुई लाठी भाटा जंग एवं फायरिंग में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए थे. चौथी घटना बुधवार को बसेड़ी सड़क मार्ग पर देखी गई. चुनावी अदावत को लेकर एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों पर हमला कर दिया. बाड़ी विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक वजूद एवं वर्चस्व की लड़ाई देखी जा रही है. 

वीडियो जारी कर किया शांति की अपील

विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा और पूर्व विधायक जसवंत सिंह गुर्जर ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर समाज के लोगों से शांति व्यवस्था एवं सौहार्द बनाने की अपील भी की है. उधर पुलिस और प्रशासन की कई टीम इलाके में फ्लैग मार्च कर शांति का संदेश दे रही है, लेकिन नेताओं के समर्थकों के झगड़े थमने का नाम नहीं ले रहे हैं.

यह भी पढ़ें-  धौलपुर में वोट नहीं देने पर दबंगों ने दलितों को मारी गोली, 11 आरोपी गिरफ्तार

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com