Rajasthan News Live Updates, 21 february 2026: एनडीटीवी राजस्थान के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. इस लाइव पेज पर आपको दिनभर की राजस्थान की अहम ख़बरें मिलेंगी.
कल का लाइव ब्लॉग आप इस लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं - LIVE: मौसम के बदले मिजाज से रबी फसलों पर संकट... चूरू जिले में पश्चिमी विक्षोभ का असर, जानें अपने शहर का हाल
हमारी वेबसाइट पर पिछले दिन की कुछ ख़ास ख़बरें आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं -
- राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में झोलाछाप डॉक्टरों का खेल, इलाज के नाम पर लोगों की जान से खिलवाड़
- फाल्गुन की दूज पर स्वर्ण मुकुट में सजे बाबा रामदेव, दर्शन के लिए लगी 2 KM लंबी कतार; देखें अद्भुत तस्वीरें
- उदयपुर में विजय-रश्मिका की शादी का सीक्रेट वेन्यू तय, अरावली के पहाड़ों के बीच होगा ग्रैंड सेलिब्रेशन; जानें कब पहुंचेंगे मेहमान
- मेवाड़ यूनिवर्सिटी में नर्सिंग कोर्स पर बवाल, चेयरमैन सहित 6 पर धोखाधड़ी का मामला; 40 छात्र सस्पेंड
माहीडेम रोड़ स्थित बड़वी स्कूल के पास चलती कार में लगी भीषण आग
शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़वी-माहीडेम रोड पर शुक्रवार शाम 5:30 बजे एक चलती कार में भीषण आग लग गई. देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. चालक सुरेन्द्र सोनी ने बताया कि कार लेकर माहीडेम जा रहा था इस दौरान रास्ते में चलती हुई कार में अचानक आग लग गई.
एनएसयूआई का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर गहलोत ने दी जाखड़ को बधाई
देश के छात्र-छात्राओं की आवाज बुलंद करने वाले संगठन एनएसयूआई का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर श्री विनोद जाखड़ को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मैं उनके सफल कार्यकाल की कामना करता हूँ। @VinodJakharIN
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) February 20, 2026
(File Pic) pic.twitter.com/94X2leGR9m
विधानसभा में कांग्रेस विधायक श्रवण कुमार बोले
जमाना कितना भी डिजिटल हो जाए, लेकिन रोटी गूगल से डाउनलोड नहीं हो सकती. वह तो किसान की मेहनत से ही पैदा होगी.
समझ जाओ किसानों का दर्द एक बार, जो हल चला कर तो देखो
किसी जमीन के टुकड़े पर अनाज पैदा करके तो देखो
किसी जून के महीने में फसल को निकाल कर तो देखो
दिसंबर के महीने में सर्दी में पानी में हाथ लगा कर तो देखो
कौन हैं NSUI के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़?
यहां जानिए विनोद जाखड़ के बारे में-
NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे विनोद जाखड़, पहली बार राजस्थान से युवा नेता को मिला मौका
बिजली कर्मियों के इंटर-डिस्कॉम तबादलों पर ऊर्जा मंत्री का ऐलान
राजस्थान विधानसभा में शुक्रवार को ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए बिजली विभाग के हजारों कर्मचारियों से जुड़ा एक अहम मुद्दा गूंजा. विधायक भागचंद द्वारा ऊर्जा विभाग के कार्मिकों की 'इंटर-डिस्कॉम' (एक डिस्कॉम से दूसरे डिस्कॉम) तबादला नीति को लेकर उठाए गए सवाल पर सरकार ने बड़ा भरोसा दिया है.
विधायक भागचंद ने सदन का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि डिस्कॉम कर्मचारियों के तबादले लंबे समय से अटके हुए हैं. उन्होंने सरकार से पूछा कि क्या इन कर्मचारियों को राहत देने के लिए कोई विशेष तबादला नीति बनाने का विचार है?
रफीक खान बोले- मंदिर के संचालन में देवस्थान विभाग विफल
कांग्रेस के सचेतक रफीक खान ने ऐतिहासिक गलता पीठ पर पूजा में अनियमितता और फूलमाला नहीं चढ़ाने का मामला उठाया. उन्होंने कहा कि भगवान के राजभोग तक में कटौती हुई है. साथ ही कहा कि 25 दिन तक तो पूजा में फूलमाला नहीं चढ़ी. मंदिर के 5–7 पुजारी और कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल रहा. सफाई व्यवस्था भी गड़बड़ा गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि 521 साल से ज्यादा पुराने मंदिर का संचालन करने में देवस्थान विभाग विफल है. उन्होंने मांग करते हुए कहा कि पौराणिक और ऐतिहासिक महत्व को ध्यान रखते हुए सरकार उचित प्रबंधन की व्यवस्था करे.
कांग्रेस ने सरकार के जवाब से जताई नाराजगी
कांग्रेस ने विधानसभा की कार्यवाही से वॉकआउट किया. प्रश्नकाल के दौरान, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के पीपीपी मॉडल पर संचालन को लेकर सवाल पूछा गया था. इस पर सरकार ने जवाब तो दिया, लेकिन विपक्षी खेमा असंतुष्ट नजर आया. इसके बाद कांग्रेस के विधायकों ने वॉकआउट कर दिया.
रामकेश मीणा ने पूछा पूरक सवाल तो सत्ता पक्ष ने टोका
प्रतिपक्ष के उपनेता रामकेश मीणा ने पूरक प्रश्न पूछा तो सरकार के सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने टोका कि आप उपनेता हो, नेता प्रतिपक्ष नहीं. हर सवाल पर खड़े होना ठीक नहीं. इस पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी बोले - मैंने अनुमति दे दी है. जोगेश्वर गर्ग ने कहा कि जब गुलाबचंद कटारिया सदन में प्रतिपक्ष के नेता थे, उस समय राजेंद्र राठौड़ उपनेता हुआ करते थे. लेकिन गुलाबचंद कटारिया की गैर-मौजूदगी में उनको भी प्रत्येक पूरक प्रश्न पर खड़े होने की अनुमति नहीं थी. इस पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि मैंने उप नेता को आज अनुमति दे दी है.
रफीक खान बोले- 2 साल गड्ढे में बीते हैं
रफीक खान ने कहा, "एक मुद्दा जो सिविल लाइंस में गौ-हत्या का मसला था, उसमें भी सरकार की तरफ से जवाब आना है. अभी तक जवाब नहीं आया है. हम उम्मीद कर रहे हैं कि सरकार की तरफ से आज जवाब आएगा. बहुत सारे मुद्दे हैं. 2 साल गड्ढों में बीते हैं, सड़कों जो हमने बना दी, उनकी मरमत नहीं कर पा रहे है. हमने जो स्कूल खोली, उसमें स्टाफ की भर्ती नहीं कर रहे है."
प्रश्नकाल शुरू होते ही विधानसभा में गूंजा कोरम का मुद्दा
स्पीकर वासुदेव देवनानी ने पक्ष और विपक्ष के सचेतक को हिदायत देते हुए कहा कि सदन चलाना हम सब का काम है. ऐसे में कोरम का भी ध्यान रखा जाना चाहिए. कांग्रेस सचेतक रफीक खान और सत्ता पक्ष के प्रतिनिधि एक-दूसरे पर आरोप लगा चुके हैं. स्पीकर ने कहा कि मैं दोनों पक्षों को कह रहा हूं. दोनों पक्षों के सचेतक इस बात का ध्यान रखें. संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल बोले कि जो वक्ता हैं, अगर मौजूद नहीं रहते हैं तो उनके वक्तव्य कार्यवाही से डिलीट कर दिए जाए.
हाईकोर्ट को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी
राजस्थान हाईकोर्ट को एक बार फिर से बम से उड़ाने की धमकी मिली है. लगातार दूसरे दिन मामला सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट है. कोर्ट परिसर को खाली करवाया गया है. साथ ही कोर्ट के मुख्य परिसर सत्यमेव जयते परिसर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. फरवरी महीने में यह चौथी बार धमकी मिली है. मेल में धमकी दी गई है कि आज मुख्य न्यायाधीश के दौरे को रद्द कर दिया जाए. सूत्रों के मुताबिक, मेल में लिखा गया है, "सभी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. 3 आरडीएक्स और साइनाइड पॉइजन बम लगाए गए हैं. तीनों में एक साथ धमाका किया जाएगा. हाईकोर्ट परिसर और पास के दो मकान खाली करवा लो."
कल विक्रम भट्ट को मिली थी जमानत
2 महीने 11 दिन बाद डायरेक्टर विक्रम भट्ट को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली है. सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद विक्रम भट्ट आज जेल से बाहर आ सकते हैं. पत्नी श्वेतबारी भट्ट को पहले ही अंतरिम जमानत मिल चुकी थी. गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट से पति-पत्नी को रेगुलर जमानत दी गई है. सुप्रीम कोर्ट ने मध्यस्थता से मामला सुलझाने का सुझाव दिया है. इंदिरा आईवीएफ के मालिक डॉ. अजय मुर्दिया ने दंपति के खिलाफ केस दर्ज किया था. उन्होंने फिल्म बनाने के नाम पर 30 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है.
दोपहर 3.20 बजे राज्यपाल का जोधपुर दौरा
आज दोपहर 3.20 बजे भीलवाड़ा से हेलीकॉप्टर द्वारा जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे. दोपहर 4 बजे सरदार पटेल पुलिस, सुरक्षा एवं आपराधिक न्याय विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे. शाम 5.45 बजे जोधपुर स्थित सर्किट हाउस में राज्यपाल पहुंचेंगे. कल सुबह 8.30 बजे ग्राम पंचडोलिया (नागौर) के लिए प्रस्थान करेंगे.
राज्यपाल आज भीलवाड़ा दौरे पर
राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े शुक्रवार को अलग-अलग कार्यक्रम में शिरकत करेंगे. हेलीकॉप्टर से सुबह 10:15 बजे पुलिस लाइन हेलीपैड राज्यपाल पहुंचेंगे. संगम विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि राज्यपाल रहेंगे. राज्यपाल दोपहर में ‘सनातन मंगल महोत्सव’ कार्यक्रम में भाग लेंगे. दोपहर 2:15 बजे पुलिस लाइन हेलीपैड के लिए से प्रस्थान करेंगे.
करौली कलेक्टर ने रात्रि चौपाल के दिए निर्देश
करौली की सीलौती पंचायत में आज रात्रि चौपाल होगी. मासलपुर की सीलौती शाम 5:30 बजे से चौपाल आयोजित होगी. कलेक्टर नीलम सक्सेना ने सभी संबंधित अधिकारियों को समय पर तैयारियों के साथ उपस्थित रहने के के निर्देश दिए. रात्रि चौपाल में ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा.
अलवरः डीजे में करंट से बड़ा हादसा
अलवर जिले के सीकरी में शादी समारोह के दौरान एक बड़ा हादसा सामने आया है. चलते हुए डीजे में करंट लगने से 5 बच्चे झुलस गए. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में हड़कंप मच गया. घायलों में से 3 बच्चों का इलाज नगर के अस्पताल में किया जा रहा है, जबकि 2 बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया.
आज सैनी समाज जयपुर करेगा कूच
राजस्थान में आरक्षण की मांग को लेकर एक बार फिर सैनी समाज सक्रिय हो गया है. सैनी समाज ने 25 फरवरी को विधानसभा का घेराव का ऐलान किया है. फिलहाल भरतपुर- जयपुर नेशनल हाईवे स्थित हलैना पर पड़ाव डाला गया है. प्रदर्शनकारी सुबह 9 बजे हलैना से जयपुर के लिए रवाना होंगे. उनका कहना है कि सैनी-माली-कुशवाह, मौर्य और सुमन समाज को अलग से 12 प्रतिशत आरक्षण दिया जाना चाहिए.
अगले हफ्ते तक मौसम रहेगा साफ
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर नहीं रहेगा. आज (20 फरवरी) से 26 फरवरी तक राज्य के सभी हिस्सों में मौसम साफ रहने के आसार है. मौसम से जुड़ी पूरी जानकारी यहां पढ़िए- राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म, अब बढ़ेगा तापमान, जानें अगले 7 दिन कैसा रहेगा मौसम का हाल