Rajasthan News Live Updates, 7 February 2026: साध्वी प्रेम बाईसा की मौत को करीब 10 दिन बीत चुके हैं. लेकिन इस मौत की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस सभी बयानों और साक्ष्यों का आपस में मिलान कर रही है, ताकि किसी निष्कर्ष तक पहुंचा जा सके. पुलिस ने अब तक 40 मोबाईल के सीडीआर खंगालने के साथ ही करीब 37 लोगों के बयान भी दर्ज किए हैं. साध्वी के परिवार से जुड़े लोग, उनसे संबंधित व्यक्ति, सोशल मीडिया हैंडल संचालित करने वाले लोग, प्रेक्षा हॉस्पिटल से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी समेत कई लोगों से पुलिस ने पूछताछ की है. उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में विसरा रिपोर्ट आने के बाद मौत के राज से पर्दा उठेगा.
वहीं, राज्य में एक बार फिर नया पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखेगा. कल (8 फरवरी) की रात से विक्षोभ सक्रिय होने से कई जगह आंशिक बादल छाए रहेंगे. मौसम विभाग का अनुमान है कि राज्य में अगले 3 से 4 डिग्री तक मौसम शुष्क रहेगा. अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी के चलते पश्चिमी राजस्थान में पारा काफी बढ़ गया है. राज्य में अधिकतम तापमान बाड़मेर में दर्ज किया गया. यहां पारा 32.6 डिग्री तक पहुंच गया है. जबकि न्यूनतम तापमान फतेहपुर (सीकर) और नागौर में 3.8 डिग्री रहा. साध्वी प्रेम बाईसा की मौत, मौसम का हाल के अलावा आज राजस्थान में क्या है खास, पढ़िए लाइव ब्लॉग में पल-पल की अपडेट.
Kota: प्रदेश प्रभारी डॉ. राधा मोहन अग्रवाल का कोटा दौरा
बीजेपी प्रदेश प्रभारी डॉ. राधा मोहन अग्रवाल केंद्र सरकार के बजट पर प्रबुद्धजन और व्यापारियों के साथ संवाद करेंगे. आज उनके कोटा पहुंचने पर शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने स्वागत किया. विधायक संदीप शर्मा, कोटा जिला अध्यक्ष राकेश जैन समेत भाजपा पदाधिकारी भी मौजूद रहे.
Alwar News: अलवर में पहाड़ दरकने से बड़ा हादसा
अलवर के रामगढ़ स्थित ओडेला खनन क्षेत्र में शुक्रवार शाम पहाड़ दरकने से बड़ा हादसा हो गया. 100 फीट गहरी पानी भरी खाई में पोकलेन मशीन और ऑपरेटर समा गए. NDRF और SDRF की टीमें इस वक्त भी रेस्क्यू में जुटी हैं. इस भयावह हादसे से जुड़ी पूरी जानकारी- अलवर में पहाड़ गिरा, 100 फीट गहरी खाई में 50 हजार टन मलबे के नीचे दबा ऑपरेटर! 12 घंटे बाद शुरू हुआ रेस्क्यू
Pratapgarh News: अंतरराज्यीय चोर गिरोह का खुलासा
प्रतापगढ़ में हथुनिया थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का खुलासा किया. पुलिस ने गिरोह के दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है. चोरों के पास से ट्रैक्टर ट्रॉली और तीन बाइक बरामद की गई है. कोटड़ी निवासी श्यामलाल उर्फ मांगीलाल गाड़री और गुजराज उर्फ दादू की गिरफ्तारी हुई. गिरोह ने पिछले महीने 15 जनवरी को वारदात को अंजाम दिया था.
Banswara: उदयपुर रोड पर हादसा, बाइक सवार घायल
बांसवाड़ा जिले के उदयपुर रोड स्थित चंदुजी का गड़ा-सुंदड़ी मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. इसी दौरान अजमेर से बांसवाड़ा आ रही रोडवेज बस वहां से गुजर रही थी. बस ड्राइवर भरतपुर निवासी राजेन्द्र चौधरी और कंडक्टर बांसवाड़ा निवासी पिल्लुराम मीणा ने तत्परता दिखाते हुए बस को तुरंत रोका और दोनों ने घायल युवक को बस में सुरक्षित बैठाया. इसके बाद घायल युवक को हॉस्पिटल ले जाया गया.
खेजड़ी बचाओ आंदोलन 6वें दिन भी जारी
बीकानेर में पर्यावरण प्रेमियों का धरना जारी है. इसमें प्रदेश के कई जिलों से पर्यावरण प्रेमी पहुंच रहे हैं. सैकड़ों की संख्या में लोग धरने पर मौजूद हैं. उनका कहना है कि 'ट्री प्रोटेक्शन रूल्स' लाने तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा.
Rajasthan Tourism: अलवर के शानदार किले और अरावली पहाड़ियों की खूबसूरत तस्वीरें
राजस्थान टूरिज्म ने शेयर की तस्वीरें
The aerial panorama of Alwar beautifully captures the city’s historic charm and scenic surroundings, where grand forts, age-old structures, and vibrant urban life are framed by the rugged Aravalli hills.@tourismgoi @incredibleindia
— Rajasthan Tourism (@my_rajasthan) February 6, 2026
(1/2) pic.twitter.com/kik2ak3vzL
Bharatpur: कार्रवाई करने गई पुलिस पर पथराव
भरतपुर में पुलिस को कच्ची बस्ती इलाके में अवैध रूप से गांजा सप्लाई की सूचना मिली. लेकिन कार्रवाई करने गई तो पुलिस पर पथराव हो गया. पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त जाप्ता बुलाकर लोगो को खदेड़ा. साथ ही पुलिस ने मौके से करीब डेढ़ किलो गांजा भी बरामद किया. गांजा सप्लाई करने के आरोप में पुलिस ने एनडीपीसी एक्ट के तहत एक महिला को गिरफ्तार किया. इसके साथ ही एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है. .
Sikar: ड्राइविंग सीख रहा था शख्स, कार अनियंत्रित होने से हादसा
सीकर जिले के रींगस में कार ड्राइविंग सिखाने के दौरान हादसा हो गया. एनएच-52 से रींगस शहर में आने वाली सड़क पर एक कार अनियंत्रित होकर 11 केवी के विद्युत पोल से जा टकराई. टक्कर इतनी तेज थी कि विद्युत लाइन टूटकर नीचे गिर गई, जिससे मौके पर आगजनी की स्थिति बन गई. हादसे के बाद टूटे विद्युत तारों से चिंगारियां निकलने लगीं और करीब 100 फीट के क्षेत्र में आग लग गई. घटना की सूचना मिलते ही रींगस नगर पालिका की दमकल मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पाया गया.
