विज्ञापन
This Article is From Sep 11, 2025

Rajasthan: फैक्ट्री में ड्रग्स बनाने का चल रहा था खेल, मोस्ट वांटेड के साथ पुलिस ने पकड़ी 50 करोड़ की Drugs

राजस्थान के प्रतापगढ़ में पुलिस ने 50 करोड़ की एमडी ड्रग फैक्ट्री पकड़ी. इसके साथ ही टीम ने मोस्ट वांटेड तस्कर जमशेद उर्फ जम्मु लाला को भी गिरफ्तार कर लिया गया.

Rajasthan: फैक्ट्री में ड्रग्स बनाने का चल रहा था खेल, मोस्ट वांटेड के साथ पुलिस ने पकड़ी 50 करोड़ की Drugs
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी.

Rajasthan News: राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 करोड़ रुपये की एमडी ड्रग फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है. इस ऑपरेशन में 25 हजार रुपये के इनामी मोस्ट वांटेड ड्रग तस्कर जमशेद उर्फ जम्मु लाला को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने भारी मात्रा में ड्रग्स, केमिकल और उपकरण भी जब्त किए हैं. यह कार्रवाई एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ), प्रतापगढ़ पुलिस और डीएसटी की संयुक्त टीम ने की.

संयुक्त कार्रवाई से हुआ खुलासा

पुलिस को सूचना मिली थी कि टाण्डा बड़ा, सरहद बोरी मोजल में ईश्वर मीणा के झोपड़े में जम्मु लाला ड्रग फैक्ट्री चला रहा है. इस सूचना पर हेड कांस्टेबल महावीर सिंह और कांस्टेबल नरेंद्र पाटीदार ने कई दिनों तक रेकी की. पुख्ता जानकारी मिलने के बाद एजीटीएफ, थाना पीपलखूंट और डीएसटी की टीम ने छापा मारा. इस कार्रवाई का नेतृत्व प्रतापगढ़ एसपी बी. आदित्य ने किया, जबकि अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (अपराध) दिनेश एमएन के निर्देशन में ऑपरेशन को अंजाम दिया गया. 

50 करोड़ का माल जब्त

छापेमारी में पुलिस ने जम्मु लाला को गिरफ्तार कर लिया. मौके से 17.4 किलो एमडी पाउडर, 70 किलो से ज्यादा केमिकल और ड्रग बनाने के उपकरण बरामद हुए. जब्त सामान की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 करोड़ रुपये है. पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पहले भी पकड़ी 40 करोड़ की ड्रग्स

यह पहला मौका नहीं है जब जम्मु लाला पुलिस के हत्थे चढ़ा. बीते 16 दिसंबर 2024 को एजीटीएफ और अरनोद थाना पुलिस ने देवल्दी गांव में छापा मारकर 40 करोड़ रुपये की एमडी ड्रग्स जब्त की थीं. उस दौरान 11.45 किलो लिक्विड एमडीएमए, 14.77 किलो अन्य केमिकल, 4.9 किलो ठोस केमिकल और 2.5 किलो सफेद पाउडर बरामद हुआ था. उस मामले में जम्मु लाला, याकुब और साहिल फरार हो गए थे. इन तीनों पर प्रतापगढ़ एसपी ने 25-25 हजार रुपये का इनाम रखा था.

1 करोड़ की संपत्ति हुई थी फ्रीज

पुलिस को जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी याकुब खां ड्रग तस्करी से अवैध संपत्ति जोड़ रहा था. उसने 2024 में अपनी पत्नी बखमीना बी के नाम पर मध्य प्रदेश के जावरा में एक होटल खरीदा, जिसकी कीमत 1 करोड़ रुपये थी. 28 अगस्त 2025 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ(1) के तहत पुलिस ने इस संपत्ति को फ्रीज कर दिया.

यह भी पढ़ें- बदलेगा जयपुर के दो रेलवे स्टेशनों का नाम, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया नाम

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com