विज्ञापन
This Article is From Dec 29, 2023

Rajasthan Weather: 31 दिसंबर से राजस्थान में और तेज होगा सर्दी का सितम, मौसम विभाग ने जारी की यह चेतावनी

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राज्य में 31 दिसंबर से एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है. जिसके बाद सर्दी के बढ़ने की आशंका है.

Rajasthan Weather: 31 दिसंबर से राजस्थान में और तेज होगा सर्दी का सितम, मौसम विभाग ने जारी की यह चेतावनी
प्रतीकात्मक चित्र

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में कोहरे के साथ ठंड ने जोर पकड़ लिया है. राज्य के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा और कुछ इलाकों में दृश्यता 50 मीटर से भी कम रही, जिससे आम जनजीवन और सड़क, हवाई और रेल सेवा प्रभावित हुआ. मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राज्य में 31 दिसंबर से एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है. जिसके बाद सर्दी के बढ़ने की आशंका है.

राजस्थान की राजधानी जयपुर में इस मौसम का अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राज्य के एकमात्र पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इस दौरान संगरिया हनुमानगढ़ में अधिकतम तापमान भी सबसे कम 13.7 डिग्री सेल्सियस रहा.

मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में शुक्रवार सुबह जयपुर, दौसा, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, कोटा, टोंक, बूंदी ,बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, झुंझुनूं, सीकर, चूरू में कोहरा छाया रहा.

कोहरे के कारण कई विमानों ने देरी से उड़ान भरी, वहीं लंबी दूरियों की रेल सेवा अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं.

मौसम केंद्र के अनुसार, बीते चौबीस घंटे में फतेहपुर सीकर 3.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ सबसे सर्द रहा. इसके अलावा सीकर में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री, पिलानी में 6.6 डिग्री, चूरू में 7.5 डिग्री, अलवर में 8.4 डिग्री तथा संगरिया और बीकानेर में 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

इसके अनुसार, राज्य के उत्तरी एवं पूर्वी जिलों में पिछले 24 घंटे के दौरान घना कोहरा दर्ज किया गया. राजधानी जयपुर के अनेक इलाकों में भी शुक्रवार सुबह की शुरुआत कोहरे के साथ हुई. घने कोहरे का असर वाहनों के आवागमन के साथ आम जनजीवन पर देखा गया.

यह भी पढ़ें- Today's Weather In Rajasthan: पश्चिमी विक्षोभ का दिख रहा असर, घने कोहरे से विजिबिलटी हुई कम

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close