Weather Today in Rajasthan: राजस्थान में जनवरी खत्म होने और फरवरी की शुरुआत में मौसम में ठंड बरकरार है. लगातार दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के एक्टिव होने से पूरे राज्य में टेम्परेचर में काफी गिरावट आई है. इससे राज्य के कोटा और चित्तौड़गढ़ समेत कई जिलों में बारिश और ओले गिरे हैं, जिससे किसानों को खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान होने की चिंता बढ़ गई है. वही सोमवार सुबह से दोपहर तक कई जिलों में घना कोहरा भी छाया रहा. इससे सीकर, नागौर, टोंक, कोटपुतली-बहरोड़ और करौली समेत कई जिलों में विजिबिलिटी बहुत कम रही, जिससे रोजाना के काम करने में लोगों को दिक्कतें हुईं. मौसम विभाग ने मंगलवार यानी आज 15 जिलों के लिए बारिश और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है, जिससे जयपुर, अजमेर और भरतपुर डिवीज़न के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और ओले गिरने की उम्मीद है.
चित्तौड़गढ़ में बरसे बादल
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार सोमवार सुबह तक के 24 घंटों में राज्य के दक्षिण-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई. सबसे अधिक बारिश चित्तौड़गढ़ के भैंसरोडगढ़ में हुई, जो 13 मिलीमीटर दर्ज की गई. इस दौरान अधिकतम तापमान बाड़मेर में 29.4 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान पाली में 6.4 डिग्री सेल्सियस रहा.
मुख्य जिलों का न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग की फोरकास्ट रिपोर्ट के अनुसार, अजमेर में 12.2 डिग्री, वनस्थली में 10.3 डिग्री, अलवर में 9.5 डिग्री, जयपुर में 11.7 डिग्री, पिलानी में 11.8 डिग्री, सीकर में 9.0 डिग्री, कोटा में 16.2 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 15.2 डिग्री, बाड़मेर में 13.2 डिग्री, जैसलमेर में 11.1 डिग्री, जोधपुर में 13.2 डिग्री, माउंट आबू में 8.8 डिग्री, बीकानेर में 10.0 डिग्री, चूरू में 11.8 डिग्री, श्री गंगानगर में 9.3 डिग्री, नागौर में 7.2 डिग्री, अंटा बारां में 14.1, जालौर में 11.7 डिग्री, सिरोही में 9.8 डिग्री, सीकर के फतेहपुर 10.1 डिग्री, करौली में 9.3 डिग्री, दौसा में 11.0 डिग्री और झुंझुनूं में 10.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया.
https://t.co/BLdU8l1tYD@moesgoi @RWFC_ND @IMDWeather
— मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर (@IMDJaipur) February 2, 2026
15 जिलों में कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग ने 3 फरवरी के लिए राज्य के 15 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है. अलवर, भरतपुर, सीकर, झुंझुनू, कोटा और जयपुर जैसे जिलों में सुबह के समय विजिबिलिटी बहुत कम रहने की संभावना है, जिससे सड़क और रेल ट्रैफिक पर असर पड़ सकता है. मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को पूर्वी राजस्थान के जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और ओले गिर सकते हैं. जिससे न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट से 'कोल्ड डे' जैसे हालात बनने के आसार है.
कोहरा और बारिश की चेतावनी
वही मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कोटा, उदयपुर संभाग और आसपास के कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश आगामी दो से तीन दिन जारी रहने के आसार है. साथ ही शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है. इस दौरान कोटा, उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की भी संभावना है. राज्य के उत्तर-पश्चिमी व पूर्वी भागों में आगामी दो-तीन दिन कहीं-कहीं घना कोहरा भी छाने की संभावना है.
यह भी पढ़ें: राजस्थान में 1.44 लाख सरकारी पदों पर भर्ती, सीएम बोले- 21 हजार युवाओं को PM देंगे नियुक्ति पत्र