विज्ञापन
This Article is From Jan 08, 2025

12 जनवरी को राजस्थान के हजारों युवाओं को मिलेगी सरकारी नौकरी, CM बोले- युवाओं के सपनों को कर रहे साकार

Rajasthan Govt Jobs: राजस्थान के हजारों युवाओं 12 जनवरी को सरकारी नौकरी मिलेगी. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 12 जनवरी को आयोजित एक कार्यक्रम में सभी को नियुक्ति पत्र सौंपेगे. 

12 जनवरी को राजस्थान के हजारों युवाओं को मिलेगी सरकारी नौकरी, CM बोले- युवाओं के सपनों को कर रहे साकार
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा.

Rajasthan Govt Jobs: राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार युवाओं को सपनों को साकार करने में जुटी है. प्रदेश सरकार युवाओं को जल्द से जल्द  रोजगार देने की कवायद में जुटी है. इसी कड़ी में अब 12 जनवरी को प्रदेश के हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी मिलने जा रही है. राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के युवाओं को रोजगार देकर उनके सपनों को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है. युवाओं में कौशल और उद्यमिता का विकास कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना राज्य सरकार की प्रतिबद्धता है. मुख्यमंत्री ने कहा कि हम आगामी चार वर्षों में चार लाख सरकारी व 6 लाख निजी क्षेत्र में रोजगार सहित कुल 10 लाख रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाएंगे.  

मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक में की चर्चा

बुधवार को जयपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पर भजनलाल शर्मा ने युवा दिवस (12 जनवरी) पर युवा महोत्सव के अंतर्गत आयोजित होने वाले रोजगार उत्सव की तैयारियों की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने बताया कि इस रोजगार उत्सव में राज्य सरकार युवाओं को 13 हजार 500 से अधिक नियुक्तियां देगी. 

किस विभाग में कितने लोगों को मिलेगा रोजगार

इनमें चिकित्सा विभाग में सीएचओ के 5 हजार 261, वित्त विभाग में कनिष्ठ लेखाकार के 4 हजार 749, गृह विभाग में कांस्टेबल सहित अन्य के 3 हजार 133, राजस्व विभाग में तहसील राजस्व लेखाकार के 179, शिक्षा विभाग (माध्यमिक) में विविध 159 पद तथा शिक्षा विभाग (प्राथमिक) में अध्यापक लेवल-प्रथम एवं द्वितीय के 76 पदों पर नियुक्तियां शामिल हैं. 

31 हजार करोड़ रुपये से अधिक के काम का होगा शिलान्यास और लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी दिन 31 हजार 29 करोड़ रुपये के 73 हजार 39 विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया जाएगा. जिनमें 20 हजार 212 करोड़ रुपये के 12 हजार 142 कार्यों का शिलान्यास तथा 10 हजार 817 करोड़ रुपये के 60 हजार 897 कार्यों का लोकार्पण शामिल है. इनमें ऊर्जा, सार्वजनिक निर्माण, जल संसाधन, ग्रामीण विकास, पीएचईडी, कृषि, शिक्षा, पर्यटन, पंचायतीराज तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के कार्य शामिल हैं. मुख्यमंत्री ने इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समारोह के आयोजन की सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी करना सुनिश्चित करें. 

युवाओं की शैक्षणिक और कौशलपरक योग्यता का करें डाटाबेस तैयार

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश और विदेश में कुशल एवं योग्य कार्मिकों की भारी मांग है. इस मांग की पूर्ति में राजस्थान अहम भूमिका निभा सकता है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्वेक्षण के माध्यम से युवाओं की शैक्षणिक और कौशलपरक योग्यता तथा विदेश में काम करने के इच्छुक युवाओं का एक डाटाबेस तैयार किया जाए ताकि देश या विदेश में मानव संसाधन की आवश्यकता वाले उद्योगों एवं कंपनियों को राज्य सरकार के माध्यम से योग्य एवं कुशल कार्मिक उपलब्ध करवाए जा सकें. 

प्रदेश के युवाओं को प्राथमिकता देने वाले उद्यमियों को सरकार करेगी प्रोत्साहित

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्थापित जो भी उद्योग तथा कंपनी रोजगार देने में राज्य के युवाओं को प्राथमिकता देगी उन्हें राज्य सरकार विशेष रूप से प्रोत्साहित करेगी. अधिकारियों को निर्देशित किया कि गहन विचार-विमर्श कर इस प्रकार की कार्ययोजना बनाई जाए ताकि निजी क्षेत्रों में काम करने वाले प्रत्येक कार्मिक का पीएफ कटना सुनिश्चित हो तथा उन्हें वेतन का ऑनलाइन भुगतान हो. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की नीति और रीति है कि हम हमारे युवाओं को बेरोजगारी के दंश से मुक्त कराकर उनका मनोबल बढाएं ताकि वे नई ऊर्जा के साथ अपने सुखद भविष्य की नींव रख सकें.

यह भी पढ़ें - फसल क्षति मुआवजे के लिए अब राजस्थान के किसान खुद से कर सकेंगे गिरदावरी, जानिए ई-गिरदावरी की पूरी प्रक्रिया

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com