विज्ञापन

ACB Action: 16 साल की नौकरी में 'बाबू' ने खड़ा कर दिया करोड़ों का साम्राज्य, भाई आज भी करते हैं मजदूरी

76 लाख कैश, 1 किलो सोना, 2 किलो चांदी के अलावा 3 आलीशान मकान, 1 प्लाट, गांव में एक मकान और करीब 100 बीघा कृषि भूमि के दस्तावेज कनिष्ठ सहायक शुभकरण परिहार के घर पर रेड मारकर ACB की टीम ने जब्त किए हैं.

ACB Action: 16 साल की नौकरी में 'बाबू' ने खड़ा कर दिया करोड़ों का साम्राज्य, भाई आज भी करते हैं मजदूरी
NDTV Reporter

Rajasthan News: राजस्थान के बीकानेर जिले में शुक्रवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने एक ऐसी कार्यवाही को अंजाम दिया है, जहां एक तरफ आरोपी के भाई मजदूरी और कपड़े बेचने का काम कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कनिष्ठ सहायक के पद पर तैनात शुभकरण परिहार ने भ्रष्टाचार के सहारे करोड़ों का साम्राज्य खड़ा कर लिया.

आय से 938% ज्यादा संपत्ति

जयपुर स्थित ACB मुख्यालय को मिली गोपनीय शिकायत के बाद जांच में यह सामने आया कि शुभकरण परिहार ने अपनी वैध आय से 938 प्रतिशत अधिक अवैध संपत्ति अर्जित की है. आरोपी बीकानेर जिले के छोटे से गांव पूनरासर का निवासी है और उसके परिवार की पृष्ठभूमि बेहद साधारण बताई जा रही है, जहां पिता गांव में अलग रहते हैं और तीन भाई मजदूरी व कपड़े बेचने का काम करते हैं.

ACB की रेड में मिला खजाना

DG ACB गोविंद गुप्ता के निर्देशन में DIG भुवन भूषण यादव की मॉनिटरिंग में ACB की 5 टीमों द्वारा की गई कार्रवाई में खजाना सामने आया है. इस सर्च ऑपरेशन के दौरान करीब 76 लाख रुपये नकद, डेढ़ किलो सोना और 3 किलो चांदी मिलने की पुष्टि की गई है. इसके अलावा संपत्ति के रूप में बीकानेर शहर में 3 आलीशान मकान और 2 भूखंड, साथ ही गांव पुनरासर में भी 1 मकान और दो प्लॉट सामने आए हैं. साथ ही, करीब 100 बीघा कृषि भूमि का भी खुलासा हुआ है. कार्रवाई में स्कॉर्पियो, स्विफ्ट, बोलेरो कैंपर सहित कई वाहन जब्त करते हुए करोड़ों रुपये के लेन-देन से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है.

Bikaner ACB Action

Photo Credit: NDTV Reporter

नौकरी का सफर

शुभकरण परिहार मार्च 2010 में श्री डूंगरगढ़ पंचायत समिति के ग्राम पंचायत पूनरासर में रोजगार सहायक के पद पर लगा था. 2022 में पदोन्नत होकर कनिष्ठ सहायक बना. उसने फलोदी के बाप पंचायत समिति के कानासर ग्राम पंचायत में कार्य किया और वर्तमान में उदट ग्राम पंचायत में पदस्थापित था.

ये अधिकारी शामिल थे कार्रवाई में

ADSP विनोद कुमार ने व्यास कॉलोनी व पूनरासर में, चूरू चौकी इंचार्ज महावीर प्रसाद शर्मा ने पूनरासर में, CI इंद्र कुमार ने मातेश्वरी एंक्लेव में, जोधपुर सिटी डीवाईएसपी किशन सिंह ने कानासर और उदट में, व इंस्पेक्टर आनंद मिश्रा की टीम ने गंगाशहर में कार्रवाई की.

ये भी पढ़ें:- बीकानेर में 'करोड़पति' बाबू! घर से मिले ₹76 लाख, 1 किलो सोना और 4 बंगलों का दस्तावेज; ACB की रेड में खुला राज

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close