विज्ञापन

रात को कमरे में सोने गए पति-पत्नी, दोनों की हुई संदिग्ध मौत; 7 महीने पहले हुआ था नाता विवाह

मृतक दंपति का नाता विवाह मात्र सात महीने पहले ही हुआ था. हेमा और कैलाश का नाता विवाह आपसी सहमति से हुआ था और दोनों सामान्य रूप से जीवन व्यतीत कर रहे थे.

रात को कमरे में सोने गए पति-पत्नी, दोनों की हुई संदिग्ध मौत; 7 महीने पहले हुआ था नाता विवाह
दंपति की संदिग्ध मौत

Rajasthan News: अजमेर के रूपनगढ़ थाना क्षेत्र के कैरियों की धांडी गांव में एक नवविवाहित दंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई. जानकारी के अनुसार, पत्नी हेमा और पति कैलाश गुर्जर ने अज्ञात परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया. बताया गया कि दोनों रात में अपने कमरे में सोने के लिए गए थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई. परिजन उन्हें तुरंत स्थानीय सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर दोनों को अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल रेफर किया गया. उपचार के दौरान कुछ ही देर में पति-पत्नी दोनों की मौत हो गई. 

सात महीने पहले हुआ था विवाद

बताया जा रहा है कि मृतक दंपति का नाता विवाह मात्र सात महीने पहले ही हुआ था. नाता विवाह राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में प्रचलित एक सामाजिक परंपरा है, जिसमें महिला पूर्व विवाह से अलग होकर सामाजिक सहमति के साथ नया दांपत्य जीवन शुरू करती है. इस परंपरा में पंचायत या समाज की भूमिका अहम होती है और इसे वैधानिक मान्यता भी प्राप्त है.

आपसी सहमति से हुआ था विवाह

ग्रामीणों के अनुसार, हेमा और कैलाश का नाता विवाह आपसी सहमति से हुआ था और दोनों सामान्य रूप से जीवन व्यतीत कर रहे थे. हालांकि घटना के पीछे के कारणों को लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. एएसआई बनवारी लाल ने बताया कि मृतक पति-पत्नी के परिजनों ने किसी भी प्रकार का संदेह या आरोप नहीं लगाया है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है. अधिकारी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और उसी के आधार पर आगे की जांच की जाएगी. फिलहाल पुलिस मामले को हर पहलू से जांच रही है, ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके.

यह भी पढे़ं-

कोटा: बाल सुधार गृह की जाली काटकर 9 नाबालिग आरोपी फरार, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

सुबह बनाए खाने में तो नहीं साध्वी की मौत का छिपा राज, अब कुक को लेकर आश्रम पहुंचे कम‍िश्‍नर

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close