विज्ञापन

Rajasthan Leopard Attack: जंजीर से बंधी रह गई कुत्ते की गर्दन, तेंदुआ धड़ अलग करके ले गया; देखें हमले का CCTV फुटेज

यह घटना 23 मई की सुबह 1 बजकर 19 मिनट पर हुई. सीसीटीवी फुटेज में तेंदुए कुत्ते की गर्दन अपने जबड़े में दबाए बैठा दिख रहा है. फिर एकदम वो खड़ा होता है, जोरदार झटका देता और फिर कुत्ते का धड़ लेकर वहां से भाग जाता है.

Rajasthan Leopard Attack: जंजीर से बंधी रह गई कुत्ते की गर्दन, तेंदुआ धड़ अलग करके ले गया; देखें हमले का CCTV फुटेज
अलवर में दिल दहलाने वाला CCTV: जंजीर से बंधे पालतू कुत्ते की गर्दन काटकर धड़ उठा ले गया तेंदुआ.
NDTV Reporter

Rajasthan News: राजस्थान के अलवर जिले के राजगढ़ कस्बे से शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. यहां के औद्योगिक क्षेत्र स्थित शेखा की बगीची के पास, एक घर के अंदर बंधे पालतू कुत्ते पर तेंदुए ने जानलेवा हमला कर दिया. खौफनाक बात यह रही कि तेंदुआ कुत्ते की गर्दन काटकर अलग कर गया और उसके धड़ को मुंह में दबाकर जंगलों की तरफ भाग निकला. यह पूरी रोंगटे खड़ी कर देने वाली वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.

16 मिनट तक चला खूनी संघर्ष

मकान मालिक विश्राम मीणा ने बताया कि यह घटना उनके घर के बाउंड्रीवाल के अंदर हुई. रात के समय एक बघेरा अचानक ऊंची दीवार फांदकर घर के अहाते में दाखिल हो गया. वहां उनका पालतू कुत्ता जंजीर से बंधा हुआ था. तेंदुए को देखते ही कुत्ता अपनी जान बचाने के लिए उससे भिड़ गया. सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, तेंदुए और कुत्ते के बीच करीब 16 मिनट तक जिंदगी और मौत का खूनी संघर्ष चलता रहा. चूंकि कुत्ता जंजीर से बंधा था, इसलिए वह भाग नहीं सका. आखिरकार तेंदुए ने उसकी गर्दन को धड़ से अलग कर दिया और जंजीर में सिर्फ गर्दन फंसी रह गई. इसके बाद तेंदुआ बाकी का शरीर लेकर दीवार फांदकर जंगल की तरफ गायब हो गया.

पहले भी हो चुके हैं कई हमले

पीड़ित विश्राम मीणा ने बताया कि इस इलाके में तेंदुए का आतंक नया नहीं है. करीब 1 साल पहले भी तेंदुए ने घर में बंधी भैंस के बच्चे पर हमला किया था, लेकिन तब घरवाले जाग गए और शोर मचाने पर वह उसे छोड़कर भाग गया था. इसके अलावा तेंदुआ पहले भी उनके दो कुत्तों को अपना शिकार बना चुका है.

फिर से उठी तारबंदी की मांग

चूंकि यह पूरा इलाका पहाड़ी क्षेत्र से सटा हुआ है, इसलिए यहां लगातार जंगली जानवरों का खतरा बना रहता है. ग्रामीणों ने अब वन विभाग और स्थानीय प्रशासन से सुरक्षा के लिए मजबूत तारबंदी कराने की गुहार लगाई है. घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए के पैरों के निशान लेकर आगे की सुरक्षात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है.

ये भी पढ़ें:- NEET पेपर लीक के बाद जान देने वाले छात्र के परिजनों से राहुल गांधी ने पूछे 4 सवाल, मांगें सुनकर बोले- 'ये तो हम कर सकते हैं'

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close