विज्ञापन
This Article is From Feb 12, 2026

राजस्थान: बेटी की डोली से पहले उठी मां की अर्थी, शादी के 1 दिन पहले घर में पसरा मातम

डूंगरपुर में शादी के कार्ड बांटकर लौट रही महिला के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया है.

राजस्थान: बेटी की डोली से पहले उठी मां की अर्थी, शादी के 1 दिन पहले घर में पसरा मातम
13 फरवरी को होने वाली शादी की खुशियां डूंगरपुर हादसे के बाद मातम में बदलीं.
NDTV Reporter

Rajasthan News: कहते हैं कि होनी को कोई नहीं टाल सकता, लेकिन डूंगरपुर के इस परिवार के साथ जो हुआ वह किसी बुरे सपने से कम नहीं है. जिस घर में बेटी की डोली उठने की तैयारियां चल रही थीं और मंगल गीत गाए जा रहे थे, वहां अब मां की अर्थी सज गई है. 13 फरवरी को होने वाली शादी की खुशियां चंद लम्हों में चीख-पुकार में बदल गईं.

कार्ड बांटकर लौट रही थी मां 

एएसआई रमेश चंद्र के अनुसार, उदयपुर के ऋषभदेव निवासी धर्मनारायण मीणा की बेटी की शादी 13 फरवरी को होनी तय है. घर में मेहमानों का आना शुरू हो चुका था. बुधवार को धर्मनारायण की पत्नी काली देवी (50) अपने देवर कांतिलाल के साथ बाइक पर सवार होकर डूंगरपुर के देवल गांव में रिश्तेदारों को शादी का कार्ड देने गई थीं. कार्ड बांटकर वापस घर लौटते समय पालवड़ा स्कूल के पास काली देवी अचानक चलती बाइक से नीचे गिर गईं. सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें तुरंत डूंगरपुर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

मेहमानों की आंखों में आंसू

हादसे की खबर मिलते ही शादी वाले घर में सन्नाटा पसर गया. जो रिश्तेदार मंगल गीतों के लिए जुटे थे, वे अब बिलखते परिवार को ढाढस बंधा रहे हैं. एक तरफ बेटी के हाथों में मेहंदी रचने की तैयारी थी, तो दूसरी तरफ मां की अर्थी सज गई. गुरुवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया. पति ने बाइक चलाने में लापरवाही की रिपोर्ट दी है. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन इस हादसे ने खुशियों वाले घर में कभी न भूलने वाला दर्द दे दिया है.

ये भी पढ़ें:- रफीक खान ने पूछा- मेट्रो का M कहां है? तो बालमुकुंद आचार्य बोले- 'पुराने वाले' जोधपुर को भी क्या दे पाए!

LIVE TV देखें

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close