Rajasthan News: राजस्थान के सवाईमाधोपुर जिले के खंडीप गांव में चल रहा किसानों का विशाल धरना आखिरकार समाप्त हो गया है. करीब 20 दिनों से जारी इस धरने के खत्म होने से स्थानीय लोगों ने बड़ी राहत की सांस ली है. यह धरना पांचना बांध का पानी कमांड क्षेत्र की नहरों में छोड़े जाने की मांग को लेकर किया जा रहा था.
दिग्गजों का एक मंच पर आना
इस महापंचायत में राजस्थान की राजनीति के कई दिग्गज चेहरे एक साथ नजर आए. कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा के अलावा भागचंद टांकडा, रामविलास मीणा, राजेंद्र मीणा, इंदिरा मीणा, मुरारी लाल मीणा और हरीश मीणा जैसे नेताओं ने मंच साझा किया.
मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने किसानों को ठोस आश्वासन दिया और पानी की समस्या के समाधान के लिए 1 जुलाई तक का समय मांगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगले 6 दिनों के भीतर नहरों में पानी खुलवा दिया जाएगा. मंत्री के इस आश्वासन पर किसानों ने सहमति जताई और धरना स्थगित कर दिया.
क्या है पांचना बांध का दशकों पुराना विवाद?
पांचना बांध का यह जल विवाद वर्ष 2006 के बाद से ही दो क्षेत्रों और समुदायों के बीच टकराव का मुख्य केंद्र बना हुआ है. बांध के निचले इलाकों (डाउनस्ट्रीम) के ग्रामीणों का तर्क है कि बांध के लिए उनकी उपजाऊ जमीनें डूब क्षेत्र में गई हैं, इसलिए पानी पर उनका हक है.
वहीं दूसरी तरफ, कमांड एरिया के करीब 35 गांवों के किसान हैं, जिनकी 9,985 हेक्टेयर भूमि सिंचाई से वंचित है और हाईकोर्ट के आदेशों का हवाला देकर पानी की मांग कर रहे हैं. इस संघर्ष को अक्सर मीणा और गुर्जर समुदाय के बीच की लड़ाई के रूप में भी देखा जाता रहा है, हालांकि दोनों ही पक्ष इसे केवल अपने सिंचाई के अधिकारों की लड़ाई बताते हैं.
यह भी पढ़ें-