अजमेर के किशनगढ़ क्षेत्र में इन दिनों पैंथर का दहशत है. बजेडा बालाजी क्षेत्र, अराई रोड स्थित मिश्री नाथ योगी के फार्म हाउस के पास बने डंपिंग यार्ड में पैंथर ने बछड़े का शिकार बनाया. घटना के बाद से गांव में हड़कंप मच गया. किसान और पशु पालकों में दहशत है. सरपंच प्रतिनिधि मिश्री नाथ योगी ने बताया कि किसान रंगलाल सुबह अपने खेत पर पहुंचे तो उनकी गाय बेचैन होकर इधर-उधर दौड़ रही थी. पास जाकर देखा तो करीब 2 साल का बछड़ा गायब था. तलाश करने पर डंपिंग यार्ड के एक गड्ढेनुमा स्थान पर बछड़ा मृत अवस्था में मिला. आस-पास मिले पग मार्ग और अवशेषों से स्पष्ट हुआ कि यह शिकार पैंथर ने किया है.
पैंथर रात भर घूमता रहा
ग्रामीणों का दावा है कि पिछले 2 दिनों से क्षेत्र में पैंथर की हलचल देखी जा रही थी. घटना के बाद भी दोनों पैंथर रात भर आसपास घूमते रहे थे. सुबह फिर डंपिंग यार्ड के पास दिखाई दिए. डंपिंग यार्ड में फैले माइंस के मलबे और बड़े-बड़े पत्थरों के बीच पैंथर के छिपे होने की आशंका जताई जा रही है. वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, और आस-पास सर्च ऑपरेशन शुरू किया. पगमार्ग मिलने के बाद क्षेत्र में पिंजरा लगाने की तैयारी की जा रही है.
हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बाद भी रात में वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची. उनका कहना है कि संसाधनों और पिंजरे की कमी बताकर टीम लौट गई थी.
प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की
किसान रंगलाल के अनुसार, रात करीब 8 बजे अज्ञात जंगली जानवर बछड़े को उठाकर डंपिंग यार्ड की ओर ले गया, और वहीं मार डाला. सुबह अवशेष मिलने के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई. स्थानीय प्रतिनिधियों और वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों, खासकर बच्चों से घरों में रहने की अपील की है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पिंजरा लगाकर पैंथरों को सुरक्षित पकड़ा जाए, जिससे जान-माल और मवेशियों को किसी बड़े नुकसान से बचाया जा सके.
यह भी पढ़ें: ढाबे पर कुत्ता लेकर पहुंचा शख्स, खाना खा रहे लोगों ने टोंका तो चाकू से कर दिया हमला