विज्ञापन
This Article is From Mar 04, 2025

ट्रांसफर पॉलिसी आने पर ही होगी शिक्षकों का स्थानांतरण, स्कूल बंद करने और नियुक्ति पर भी शिक्षा मंत्री ने दिया जवाब

Rajasthan Assembly Session: मंत्री मदन दिलावर के जवाब के दौरान सदन में लगातार शोरगुल बना रहा और कांग्रेस विधायकों ने अपनी सीटों से खड़े होकर विरोध जताया.

ट्रांसफर पॉलिसी आने पर ही होगी शिक्षकों का स्थानांतरण, स्कूल बंद करने और नियुक्ति पर भी शिक्षा मंत्री ने दिया जवाब
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर

Rajasthan Education Minister Statement: राजस्थान विधानसभा में मंगलवार को शिक्षा मंत्री मदन दिलावर (Madan Dilawar) ने शिक्षकों की भर्ती, स्कूलों की स्थिति और नई नीतियों को लेकर बयान दिया है. दिलावर के इस बयान पर विपक्ष ने जमकर हंगामा किया. मदन दिलावर ने कहा कि अब तक 12 से 13 हजार पद भर दिए गए हैं और आगे भी स्कूलों में पद सृजित किए जाएंगे. उन्होंने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने भर्ती करने का झूठा प्रयास किया, लेकिन पेपर आउट हो गए या मामले कोर्ट में अटक गए. उनके बयान पर सदन में शोरगुल बढ़ गया और विपक्षी कांग्रेसी सदस्यों ने शर्म करो- शर्म करो के नारे लगाए.

पेपर लीक रोकने के लिए नया फार्मूला

दिलावर ने कहा कि अब परीक्षा के लिए एक ही शिक्षक पूरा पेपर नहीं बनाएगा. हर विषय के अलग-अलग खंड होंगे, जिन्हें अलग-अलग शिक्षक तैयार करेंगे. इन खंडों को मिलाकर परीक्षा का पेपर तैयार किया जाएगा. इससे पेपर लीक और नकल के मामलों पर रोक लगेगी. यदि कोई गड़बड़ी सामने आती है, तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

369 स्कूलों को बंद करने का बचाव

विपक्ष ने सरकार पर 400 स्कूल बंद करने का आरोप लगाया, जिस पर शिक्षा मंत्री ने सफाई देते हुए कहा कि 369 स्कूल ही बंद किए गए हैं, क्योंकि उनमें न तो पर्याप्त शिक्षक थे, न ही भवन और न ही अन्य सुविधाएं. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 1,00,000 का संकल्प पत्र परिवारों को दिया जा रहा है.

ट्रांसफर पॉलिसी पर बोले शिक्षा मंत्री

मदन दिलावर ने कहा कि नई ट्रांसफर पॉलिसी बनाई जा रही है और इसके आधार पर ही शिक्षकों के तबादले किए जाएंगे. उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस बिना तथ्यों के आरोप लगा रही है और खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे वाली स्थिति में है.

शिक्षा और संस्कार पर जोर

शिक्षा मंत्री ने कहा कि राजस्थान में हर बच्चा पढ़े, कोई भी अनपढ़ न रहे. संस्कार किसी दुकान पर नहीं बिकते, बल्कि परिवार और स्कूल से मिलते हैं. स्कूलों में नामांकन बढ़ाने के लिए प्रवेश उत्सव मनाया गया है.

पिछली सरकार पर लगाए आरोप

दिलावर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पांच साल तक सरकारी कर्मचारियों का गला घोटे रखा और जानबूझकर डीपीसी को न्यायालय में लटकाया. कोर्ट से छूट मिलने के बाद 25,000 पदों की डीपीसी करवाई गई. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने के लिए बीएलओ की नियुक्ति में गड़बड़ी की.

महिला शौचालय और पर्यावरण संरक्षण पर बयान

शिक्षा मंत्री ने कहा कि एक साल में 725 शौचालय बनाए गए हैं और इस वित्तीय वर्ष में सभी स्कूलों में शौचालयों की व्यवस्था पूरी कर दी जाएगी, ताकि महिलाओं को किसी तरह की शर्मिंदगी महसूस न हो. उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा के लिए सात करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया था, जिसमें अब तक सात करोड़ 22 लाख पौधे लगा दिए गए हैं.

निजी स्कूलों और धार्मिक गतिविधियों पर स्पष्टीकरण

मदन दिलावर ने कहा कि निजी स्कूलों को बेवजह बदनाम किया जा रहा है, जबकि 97% निजी स्कूल ऐसे हैं, जिनकी सालाना फीस 18,000 से कम है. उन्होंने साफ किया कि स्कूलों में पढ़ाई के समय कोई भी नमाज नहीं पढ़ेगा और न ही किसी धार्मिक गतिविधि की अनुमति दी जाएगी.

सदन में जोरदार हंगामा

शिक्षा मंत्री के भाषण के दौरान विपक्ष ने कई मुद्दों पर हंगामा किया. नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने विरोध जताते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ी आपको माफ नहीं करेगी, जिस पर संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम ने पलटवार करते हुए कहा, आपको भी माफ नहीं करेगी.

ये भी पढ़ें- कांग्रेस पर सीधा आरोप लगाने पर सदन में हंगामा, दिलावर बोले- पेपर बेच कर जेब भरी; जूली ने कहा- शुरू न करें गलत परंपरा

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com