विज्ञापन

12 कंट्रोल रूम, 300 कैमरे, 5 हजार पुलिसकर्मियों की सुरक्षा के बीच शुरू हुआ खाटूश्यामजी का लक्खी मेला 

सीकर के खाटूश्यामजी में बाबा श्याम का भव्य लक्खी मेला शुरू हो गया. जिसमें लाखों श्रद्धालु जुटेंगे दर्शन कोखाटूश्यामजी में आज से बाबा श्याम का आठ दिवसीय लक्खी फाल्गुनी मेला शुरू हो गया. यह मेला 28 फरवरी तक चलेगा. 

12 कंट्रोल रूम, 300 कैमरे, 5 हजार पुलिसकर्मियों की सुरक्षा के बीच शुरू हुआ खाटूश्यामजी का लक्खी मेला 
सीकर के खाटूश्यामजी में बाबा श्याम का भव्य लक्खी मेला शुरू हो गया.

Rajasthan News: राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटूश्यामजी कस्बे में बाबा श्याम का प्रसिद्ध आठ दिवसीय लक्खी फाल्गुनी मेला आज से शुरू हो गया. यह वार्षिक मेला भक्तों के लिए आस्था का बड़ा केंद्र है जहां लाखों लोग दर्शन करने पहुंचते हैं. जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने मेले की शुरुआत पर मीडिया से बात की और बताया कि इस बार व्यवस्थाएं इतनी मजबूत हैं कि हर श्रद्धालु को बिना परेशानी के बाबा के दर्शन मिलेंगे. मेला 28 फरवरी तक चलेगा और इसमें देश-विदेश से आने वाले भक्तों का स्वागत किया जाएगा. शर्मा ने कहा कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता है कि सभी को सुगम और आसान दर्शन हों. 

श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान

प्रशासन ने भक्तों की हर जरूरत को ध्यान में रखा है. पैदल आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह मोबाइल टॉयलेट लगाए गए हैं. सफाई और चिकित्सा की पूरी व्यवस्था है ताकि किसी को कोई दिक्कत न हो. मेले में चार बड़ी पार्किंग बनाई गई हैं जहां 25 हजार से ज्यादा वाहन पार्क हो सकते हैं. इन पार्किंग से मंदिर तक जाने के लिए ई-रिक्शा उपलब्ध हैं और उनके किराए की लिस्ट स्टीकर पर चिपकाई गई है. 

यातायात को सुचारू रखने के लिए रास्तों को डायवर्ट किया गया है. वाहनों को एक तरफ से आने और दूसरी तरफ से जाने की व्यवस्था है. सड़कों को चौड़ा किया गया और उनकी मरम्मत भी हुई. मंदिर के आसपास वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा. इसके अलावा विशेष क्यूआर कोड तैयार किए गए हैं जिन्हें स्कैन करके भक्त आसानी से अपनी मंजिल तक पहुंच सकते हैं. पार्किंग के लिए अलग-अलग रंग के क्यूआर कोड हैं जो बताते हैं कि किस दिशा से आने वाले को कहां पार्किंग करनी है.

सुरक्षा और निगरानी के आधुनिक इंतजाम

मेले की सुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि इस बार नए तरीके अपनाए गए हैं. 5 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी और 1 हजार होमगार्ड तैनात हैं. ड्रोन से पूरे क्षेत्र की नजर रखी जाएगी. सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई गई है और 300 से ज्यादा कैमरे लगे हैं. मुख्य रास्तों पर डिजिटल स्क्रीन लगाई गई हैं जहां बाबा श्याम के लाइव दर्शन दिखेंगे और दिशा-निर्देश भी मिलेंगे. ज्यादा भीड़ को संभालने के लिए चरण क्षेत्र में जिग-जैग व्यवस्था की गई है. चेन स्नैचिंग और चोरी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए स्पेशल टीम बनाई गई है जो सादे कपड़ों में निगरानी करेगी. फेस स्कैनर कैमरे लगाए गए हैं जो पुराने अपराधियों की पहचान करेंगे. 24 घंटे चलने वाला कंट्रोल रूम सीसीटीवी पर नजर रखेगा.

प्रशासनिक ढांचा और अपील

पूरे मेले क्षेत्र को 9 सेक्टरों में बांटा गया है. हर सेक्टर में मजिस्ट्रेट और पुलिस बल तैनात रहेंगे जो भीड़ नियंत्रण, यातायात और सुरक्षा पर ध्यान देंगे. 12 कंट्रोल रूम बनाए गए हैं जहां प्रशासन, पुलिस, चिकित्सा और अन्य विभागों के कर्मचारी रहेंगे. समस्याओं के तुरंत समाधान के लिए सभी अधिकारियों का व्हाट्सएप ग्रुप है. जिला कलेक्टर ने स्थानीय छात्रों, छात्राओं और व्यापारियों को आश्वासन दिया कि उन्हें आने-जाने में कोई परेशानी नहीं होगी. 

उन्होंने भक्तों से अपील की कि सफाई का ख्याल रखें, कचरा डिब्बे में ही डालें, पदयात्रा के दौरान अपनी लाइन में चलें और दर्शन के लिए धैर्य रखें. ज्यादा भीड़ में समय लग सकता है लेकिन सभी को दर्शन जरूर मिलेंगे. एसपी ने भी कहा कि दिए गए निर्देशों का पालन करें तो कोई अव्यवस्था नहीं होगी और दर्शन तेजी से होंगे.

यह भी पढ़ें- जोधपुर में बरात आने से पहले उठी अर्थी, दो सगी बहनों ने की आत्महत्या; आज ही होनी थी शादी

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close