विज्ञापन
This Article is From Nov 20, 2025

SIR पर सियासी घमासान, परनामी बोले- कांग्रेस को 'फटी बनियान' का डर, डोटासरा ने कहा- BLOs पर इतना दबाब क्यों  

राजस्थान की राजनीति में (SIR) को लेकर भाजपा-कांग्रेस में घमासान छिड़ा है. भाजपा नेता अशोक परनामी ने कांग्रेस पर फर्जी वोटरों के उजागर होने का डर जताया, जबकि कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने BLOs की मौतों पर सरकार को घेरा.

SIR पर सियासी घमासान, परनामी बोले- कांग्रेस को 'फटी बनियान' का डर, डोटासरा ने कहा- BLOs पर इतना दबाब क्यों  
भाजपा नेता अशोक परनामी और कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा

Rajasthan News: राजस्थान की राजनीति में इन दिनों विशेष मतदाता सूची संशोधन (SIR) को लेकर हंगामा मचा हुआ है. भाजपा और कांग्रेस के नेता एक-दूसरे पर तीखे हमले कर रहे हैं. भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उन्हें SIR से डर लग रहा है क्योंकि इससे उनके गलत तरीके से बनाए गए वोटर उजागर हो जाएंगे.

परनामी ने इसे कांग्रेस की 'फटी बनियान' दिखने की आशंका बताया. वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने SIR प्रक्रिया को आम लोगों के लिए खतरनाक करार दिया और इसमें हो रही मौतों पर चिंता जताई.

घुसपैठियों को वोटर बनाने का आरोप

परनामी ने कहा कि कांग्रेस को इस बात का संकोच है कि SIR से बांग्लादेशी रोहिंग्या और अन्य विदेशी घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से हट जाएंगे. उन्होंने दावा किया कि इनमें पाकिस्तानी घुसपैठिए भी शामिल हैं जिन्हें कांग्रेस सरकारों में वोटर आईडी दिए गए.

परनामी के मुताबिक ये लोग कांग्रेस को पूरी तरह वोट देते हैं और SIR से उनका नाम कटने से पार्टी को नुकसान होगा. उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे अयोग्य वोटरों को सूची से हटाना जरूरी है ताकि लोकतंत्र की रक्षा हो.

मौतों पर कांग्रेस का हमला

दूसरी ओर डोटासरा ने SIR प्रक्रिया को लेकर देश के कई राज्यों में 10 से ज्यादा मौतों को दुखद बताया. उन्होंने कहा कि इससे आम लोगों में डर और अनिश्चितता फैल रही है. BLOs पर दबाव से परिवार उजड़ रहे हैं. राजस्थान में जयपुर के BLO मुकेश जांगिड़ की आत्महत्या और सवाई माधोपुर के हरीओम बैरवा की मौत ने सबको झकझोर दिया.

डोटासरा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार का असहनीय दबाव सस्पेंशन की धमकियां और तानाशाही रवैया BLOs को परेशान कर रहा है. मृतकों के परिवारों ने सरकारी व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाए लेकिन सरकार इसे 'नेचुरल डेथ' कहकर पल्ला झाड़ रही है.

बिहार का उदाहरण देकर सवाल

परनामी ने बिहार का जिक्र करते हुए कहा कि वहां SIR से 75 लाख वोटर हटाए गए. अगर ऐसा न होता तो बाहर के लोग बिहार की सरकार चुनते जो गलत होता. उन्होंने पूछा कि क्या बाहरी लोगों को लोकतंत्र में सरकार चुनने का हक होना चाहिए? परनामी ने कहा कि SIR से ऐसी अनियमितताएं दूर होंगी और चुनाव निष्पक्ष रहेंगे.

कांग्रेस की हार पर तंज

जयपुर में मीडिया से बातचीत में परनामी और भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अंकित चेची ने यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर सवाल उठाए. परनामी ने कहा कि कांग्रेस हर चुनावी हार के बाद नए बहाने ढूंढती है. कभी EVM पर शक तो कभी SIR पर विरोध.

उन्होंने याद दिलाया कि EVM मामले में कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट गई लेकिन वहां हार गई. अब SIR पर पूरे देश में विरोध कर रही है जबकि निर्वाचन आयोग निष्पक्ष तरीके से काम कर रहा है. परनामी ने कहा कि आयोग किसी से नहीं डरता और बिहार के बाद 12 राज्यों में SIR चल रहा है.

सरकार पर सवाल

डोटासरा ने पूछा कि सरकार BLOs पर इतना दबाव क्यों डाल रही है? क्या वोटर लिस्ट में हेराफेरी की जल्दी है? उन्होंने मांग की कि SIR पारदर्शी और निष्पक्ष हो बिना दबाव के. अनुचित भार डालने वालों पर सख्त कार्रवाई हो. सरकार मुकेश और हरीओम के परिवारों को न्याय दे और दोषियों को सजा दे.

यह भी पढ़ें- राजस्थान सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरी हजारों महिलाएं, उग्र आंदोलन की दी चेतावनी

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close