विज्ञापन

RBSE Result 2026: राजस्थान में 10वीं और 12वीं के रिजल्ट की तारीख का ऐलान, जल्द होगा इंतजार खत्म

बोर्ड सचिव के अनुसार फिलहाल मूल्यांकन कार्य में लगभग 3915 शिक्षक लगे हुए हैं, जो दिन-रात उत्तर पुस्तिकाओं की जांच कर रहे हैं. हालांकि RBSE द्वारा 10वीं और 12वीं के रिजल्ट की तारीखों का ऐलान कर दिया है.

RBSE Result 2026: राजस्थान में 10वीं और 12वीं के रिजल्ट की तारीख का ऐलान, जल्द होगा इंतजार खत्म
राजस्थान 10वीं-12वीं बोर्ड रिजल्ट की तारीख का ऐलान

RBSE 10th-12th Result 2026: राजस्थान में साल 2026 में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा खत्म हो गई है. इस बार 10वीं और 12वीं की परीक्षा 12 फरवरी से शुरू हुई थी. जिसमें 10वीं बोर्ड परीक्षा 28 फरवरी को खत्म हो गई थी. जबकि 12वीं बोर्ड की अलग-अलग संकायों की परीक्षा 11 मार्च को खत्म हो गई. वहीं दोनों बोर्ड परीक्षा समाप्त होते ही राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) द्वारा 10वीं और 12वीं के रिजल्ट की तारीखों का ऐलान कर दिया है. इस बार यह काफी जल्द होने वाला है और रिजल्ट के लिए छात्रों का इंतजार भी जल्द समाप्त हो जाएगा.

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा ऐलान किया गया है कि राज्य में 10वीं और 12वीं परीक्षा के रिजल्ट का ऐलान इसी महीने यानी मार्च महीने में ही होने वाली है. 10वीं का परिणाम 20 मार्च और 12वीं का परिणाम 20 से 30 मार्च के बीच घोषित किए जाएंगे.

बोर्ड कर रही तेजी से रिजल्ट की तैयारी

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित माध्यमिक और सीनियर सेकेंडरी परीक्षाओं के सफल आयोजन के बाद अब परिणाम घोषित करने की तैयारी अंतिम चरण में है. बोर्ड के सचिव गजेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि 10वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम 20 मार्च को घोषित किया जाएगा, जबकि 12वीं कक्षा का परिणाम 20 से 30 मार्च के बीच जारी करने की योजना है. इसके लिए बोर्ड की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन तेजी से कराया जा रहा है.

नकल पर हुई कई सख्त कार्रवाई

उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान कुछ केंद्रों पर नकल के मामले सामने आए थे, जिन पर बोर्ड ने सख्त कार्रवाई की. एक परीक्षा केंद्र पर एक कर्मचारी खुद नकल करते हुए पाया गया, जिसे तुरंत निलंबित कर दिया गया. वहीं कोटपूतली जिले के एक केंद्र पर स्टाफ की लापरवाही सामने आने पर संबंधित कर्मचारियों को हटाया गया. इसके अलावा एक अन्य केंद्र पर एक महिला अधिकारी द्वारा नकल कराने की बात सामने आने पर बोर्ड निदेशक द्वारा उसे भी निलंबित किया गया. परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की निगरानी काफी प्रभावी रही, जिससे संदिग्ध गतिविधियां सामने आते ही स्पेशल और डे-फ्लाइंग टीम मौके पर पहुंचकर जांच करती रही.

3915 शिक्षक रिजल्ट की तैयारी में

बोर्ड सचिव के अनुसार फिलहाल मूल्यांकन कार्य में लगभग 3915 शिक्षक लगे हुए हैं, जो दिन-रात उत्तर पुस्तिकाओं की जांच कर रहे हैं. इन शिक्षकों को कक्षा 9वीं और 11वीं की कॉपियां भी जांचनी हैं, लेकिन बोर्ड परीक्षाओं की कॉपियां जांचना उनकी प्राथमिकता है ताकि तय समय पर परिणाम घोषित किया जा सके.

आपको बता दें, राजस्थान में बोर्ड के रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किये जाएंगे. ऐसे में परीक्षार्थियों को रिजल्ट के बारे में सूचना और अपडेट आधिकारिक साइट पर ही मिलेंगे.

यह भी पढ़ेंः मदन दिलावर की चेतावनी, अधिकारियों से कहा- जो मेरे चक्कर में आ गया उसे छोडूंगा नहीं... पाई-पाई वसूलूंगा

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close