श्रीगंगानगर में आशीष हत्याकांड के बाद उसकी पत्नी अंजलि की खौफनाक साजिश सामने आई. उसकी प्रेम कहानी का भी खुलासा हो गया. सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी संजय ने पुलिस को बताया है कि अंजलि के साथ उसका अफेयर वर्ष 2017 से चल रहा था. अंजलि की शादी हो जाने के बाद दोनों के बीच बातचीत बंद हो गई थी. पति से अनबन के चलते अंजलि दिसंबर में ससुराल आई थी. इसी दौरान संजय का उसे दोबारा मैसेज आया.
एक जनवरी को संजय का जन्मदिन था. इसी मौके पर उसने अंजलि को जन्मदिन सेलिब्रेट करने के लिए बुलाया. मुलाकात के दौरान अंजलि ने अपने वैवाहिक जीवन की परेशानियों के बारे में बताया, और आशीष को ठिकाने लगाने का प्लान संजय के सामने रखा.
अंजलि ने भागने किया इनकार
पुलिस पूछताछ में संजय ने बताया कि उसने पहले अंजलि को समझाने की कोशिश की थी कि दोनों भागकर शादी कर लें और कहीं दूर जाकर चुपचाप जिंदगी बिता लें, लेकिन अंजलि ने इस प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया. अंजलि ने साफ कहा कि वह भागकर शादी नहीं करना चाहती है.
इसके बाद दोनों ने एक दो मुलाकातों में पूरी साजिश तय की. हत्या से पहले दोनों के बीच लगातार व्हाट्सऐप पर बातचीत होती रही. पुलिस की गिरफ्तारी से पहले दोनों ने अपनी पूरी व्हाट्सऐप चैट डिलीट कर दी. पुलिस अब डिलीट की गई चैट और मोबाइल डेटा को रिकवर करने की कोशिश कर रही है.
खामोश खड़ी रही अंजलि
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि जब आशीष की हत्या की जा रही थी, उस वक्त अंजलि मौके पर मौजूद थी, और काफी देर तक खामोश खड़ी रही. उसने कुछ नहीं कहा और आशीष के मरने का इंतजार करती रही. जब आशीष घायल हालत में नीचे गिर गया तो अंजलि ने अपने हाथ से उसकी नाक चेक की और पुष्टि की कि उसकी सांस बंद हो चुकी है. इसके बाद अंजलि ने संजय और उसके साथियों को वहां से जाने के लिए कहा और खुद को बेहोश दिखाने का नाटक करने लगी.
आज आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा
संजय के अनुसार अंजलि का पूरा प्लान हत्या को एक्सीडेंट का रूप देने का था. अंजलि को भरोसा था कि सड़क हादसे का एंगल सामने आने के बाद मामला कुछ ही दिनों में ठंडा पड़ जाएगा. अंजलि की योजना थी कि घटना के बाद वह सामान्य तरीके से अपने घर लौट जाएगी और वहां से संजय के साथ मिलकर आगे की जिंदगी शुरू करेगी. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है. आरोपियों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: सुहागरात के 3 महीने बाद ही खूनी बनी दुल्हन, प्रेमी के साथ मिलकर रची पति की मौत की साजिश